क्या पतंजलि के घी में है गड़बड़, कहां किया गया 20 लाख रुपए का जब्त, दिवाली से पहले एक्शन मोड में तुकाराम मुंढे
| दिवाली से पहले महाराष्ट्र में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है. इस दौरान 20 लाख का पतंजलि का घी जब्त किया गया है.
दीवाली का त्योहार हो और घर में घी का इस्तेमाल न हो, ऐसा शायद ही कोई घर होगा. कोई इससे मिठाइयां बनाता है, तो कोई पूजा-पाठ और दीपक जलाने के लिए खरीदता है. लेकिन इस बार त्योहार से ठीक पहले पतंजलि के गाय के घी को लेकर महाराष्ट्र में बड़ी कार्रवाई हुई है. महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने छत्रपति संभाजीनगर में पतंजलि के 2,279 लीटर गाय के घी की खेप जब्त की है. इसकी कीमत करीब 20.20 लाख रुपये बताई गई है.
यह कार्रवाई तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में राज्यभर में चलाए जा रहे मिलावट विरोधी अभियान के दौरान हुई. खास बात यह है कि विभाग ने इस घी को गलत लेबलिंग और मिलावट की आशंका के चलते कब्जे में लिया है.
पतंजलि के किस ठिकाने पर मिला 20 लाख का घी?
महाराष्ट्र FDA ने छत्रपति संभाजीनगर के सुंदरवाड़ी इलाके में यह कार्रवाई की. यहां पतंजलि आयुर्वेद के सुपर डिस्ट्रीब्यूटर एम/एस दिव्य महावितरक के परिसर में अधिकारियों ने जांच की. इस दौरान दो अलग-अलग बैच में रखे गाय के घी के 4,032 पैक मिले. इनकी कुल मात्रा 2,279 लीटर बताई गई है. विभाग ने पूरी खेप को जब्त कर लिया. इसकी बाजार कीमत करीब 20.20 लाख रुपये आंकी गई है. अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 38(1)(c) के तहत यह कार्रवाई की.
क्या सच में पतंजलि के घी में मिलावट मिली?
इस कार्रवाई के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या पतंजलि का घी मिलावटी पाया गया है? फिलहाल इसका जवाब हां में देना सही नहीं होगा. दरअसल, यह एक्शन घी के लेबलिंग और मिलावट की संभावना के चलते लिया गया है. शुरुआती जांच में अधिकारियों को उत्पाद खाद्य सुरक्षा कानून के अनुरूप नहीं लगा.
9 करोड़ से ज्यादा का सामान जब्त
पतंजलि के घी की खेप इस बड़े अभियान का एक हिस्सा है. महाराष्ट्र FDA ने राज्य के सातों मंडलों में 114 प्रतिष्ठानों की जांच कर 9 करोड़ रुपये से अधिक का खाद्य सामान जब्त किया है. इसमें अलग-अलग ब्रांड के खाद्य तेल, मसाले, चावल, दालें, गुड़, आटा, बेसन, मैदा, मिठाइयां, नमकीन और सूखे मेवे शामिल हैं. इसके अलावा दूध से बने उत्पाद, बेकरी सामान और हक्का नूडल्स भी कब्जे में लिए गए हैं.
19 कारोबारियों के लाइसेंस भी निलंबित
इस अभियान में विभाग ने केवल सामान जब्त नहीं किया, बल्कि खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वाले 19 कारोबारियों के लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन भी निलंबित किए. अलग से प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में 13 FIR दर्ज हुईं और 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया.