BJP नेता योगेश गौड़ा मर्डर केस: कांग्रेस विधायक विनय कुलकर्णी को आजीवन कारावास, 15 अन्य को भी उम्रकैद
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक बड़ा फैसला सामने आया है, जहां जनप्रतिनिधियों से जुड़े मामलों की सुनवाई करने वाली विशेष अदालत ने 2016 के चर्चित बीजेपी नेता योगेश गौड़ा हत्याकांड में कांग्रेस विधायक विनय कुलकर्णी समेत 16 लोगों को दोषी करार दिया है.
कर्नाटक के चर्चित बीजेपी नेता योगेश गौड़ा हत्याकांड में बड़ा और ऐतिहासिक फैसला सामने आया है. बेंगलुरु की स्पेशल कोर्ट ने कांग्रेस विधायक विनय कुलकर्णी समेत 16 अन्य आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. इस फैसले ने लंबे समय से चल रहे इस मामले में न्याय की दिशा को स्पष्ट करते हुए राजनीतिक हिंसा पर कड़ा संदेश दिया है.
यह मामला साल 2016 में हुए एक सनसनीखेज हत्या कांड से जुड़ा है, जिसमें बीजेपी के जिला पंचायत सदस्य योगेश गौड़ा की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. अब कोर्ट के फैसले के बाद न सिर्फ दोषियों की भूमिका तय हुई है, बल्कि सत्ता और सिस्टम के दुरुपयोग पर भी गंभीर सवाल उठे हैं.
क्या है पूरा मामला और कोर्ट ने क्या कहा?
बेंगलुरु की स्पेशल कोर्ट फॉर पीपुल्स रिप्रेजेंटेटिव्स ने कांग्रेस विधायक विनय राजशेखरप्पा कुलकर्णी को मुख्य साजिशकर्ता मानते हुए हत्या और आपराधिक साजिश (IPC 302 और 120B) का दोषी ठहराया. कोर्ट ने कुल 17 आरोपियों को दोषी मानते हुए सभी को उम्रकैद की सजा सुनाई और प्रत्येक पर 30,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया. विशेष जज संतोष गजानन भट ने यह फैसला सुनाते हुए कहा कि यह अपराध गंभीर साजिश का हिस्सा था, जिसे राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के चलते अंजाम दिया गया.
कैसे हुई थी भाजपा नेता योगेश गौंडा की हत्या?
CBI की जांच और अदालत में पेश दलीलों के अनुसार, योगेश गौड़ा की हत्या बेहद सुनियोजित तरीके से की गई थी. अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने कोर्ट में बताया कि हत्या से पहले गौड़ा की आंखों में मिर्च पाउडर डाला गया, ताकि वे विरोध न कर सकें. इसके बाद उन पर हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई. उन्होंने यह भी कहा कि आरोपियों ने पुलिस सिस्टम का दुरुपयोग किया, फर्जी दस्तावेज तैयार किए और सबूत मिटाने की कोशिश की.
CBI जांच में क्या खुलासा हुआ?
इस केस की जांच पहले स्थानीय पुलिस कर रही थी, लेकिन राजनीतिक दबाव और आरोपों के चलते 2019 में इसे CBI को सौंप दिया गया. CBI ने 2020 में विनय कुलकर्णी को गिरफ्तार करते हुए उन्हें “मुख्य साजिशकर्ता” बताया. जांच में सामने आया कि यह हत्या एक उभरते हुए राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी को रास्ते से हटाने के लिए कराई गई थी. कोर्ट ने भी अपने फैसले में माना कि यह एक “ठंडे दिमाग से रची गई साजिश” थी.
कितने आरोपी थे और कितनों को सजा हुई?
इस मामले में CBI ने कुल 21 आरोपियों को नामजद किया था.
17 आरोपी दोषी करार
2 आरोपी सरकारी गवाह (Approver) बने
2 आरोपियों को बरी किया गया
कोर्ट ने सभी दोषियों को सजा सुनाते हुए तत्काल हिरासत में लेने का आदेश दिया.
क्या विनय कुलकर्णी की सदस्यता जाएगी?
कानून के अनुसार दो साल या उससे अधिक की सजा पाने वाले जनप्रतिनिधि की सदस्यता स्वतः समाप्त हो जाती है. ऐसे में विनय कुलकर्णी को कर्नाटक विधानसभा से अयोग्य घोषित किया जा सकता है. यह फैसला उनके राजनीतिक करियर पर बड़ा असर डाल सकता है.
गवाह बने आरोपी ने क्या कहा?
मामले में सरकारी गवाह बने बसवराज मुत्तागी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्हें अपनी भूमिका को लेकर गहरा पछतावा है. उन्होंने कहा कि अब असली संघर्ष शुरू होगा और वह अपने अपराधबोध से जूझ रहे हैं.
क्या था केस का पूरा टाइमलाइन?
- 15 जून 2016: धारवाड़ में जिम के अंदर योगेश गौड़ा की हत्या
- 2016-18: स्थानीय पुलिस जांच, शुरुआती गिरफ्तारियां
- 2019: केस CBI को ट्रांसफर
- 2020: विनय कुलकर्णी की गिरफ्तारी
- 2021: सुप्रीम कोर्ट से जमानत
- 2025: गवाह प्रभावित करने के आरोप में जमानत रद्द
- 2026: दोबारा जमानत और ट्रायल पूरा
- 15 अप्रैल 2026: दोषी करार
- 17 अप्रैल 2026: सभी को उम्रकैद की सजा
क्या ‘रेपुटेशन मैनेजमेंट’ को लेकर भी विवाद हुआ?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2025 में एक डिजिटल फर्म ने विनय कुलकर्णी की “ऑनलाइन छवि बचाने” के लिए मीडिया संस्थानों को कानूनी नोटिस भेजे थे. बताया गया कि इस फर्म ने कई खबरें हटाने का दबाव बनाया, जिससे यह मामला और भी विवादों में आ गया.