दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा 6 से 7 अप्रैल का मौसम? अगले 72 घंटे इन 12 राज्यों आंधी-बारिश का अलर्ट

देश के कई राज्यों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि ने तबाही मचाई है. IMD के नए अलर्ट के मुताबिक 7-8 अप्रैल को हालात और बिगड़ सकते हैं.

6 April Weather Update(Image Source:  ANI )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On :

अप्रैल महीने की शुरुआत होते ही पूरे देश का मौसम अचानक बदल गया है. उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, झारखंड, पंजाब और कई अन्य राज्यों में तेज आंधी और भारी बारिश ने काफी तबाही मचाई है. खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है. किसान बहुत परेशान हैं. पहले यह उम्मीद की जा रही थी कि 7 अप्रैल से आंधी-बारिश का सिलसिला कम हो जाएगा, लेकिन अब भारत मौसम विभाग (IMD) ने नया अलर्ट जारी कर दिया है. मौसम विभाग के मुताबिक, इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम भारत में दो पश्चिमी विक्षोभ (पश्चिमी हवाओं के सिस्टम) एक साथ सक्रिय हो रहे हैं। इनका सबसे ज्यादा असर 7 और 8 अप्रैल को दिखेगा। इन दिनों 12 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और ओले गिरने का खतरा है. 

दिल्ली में 6 से 7 अप्रैल तक मौसम कैसा रहेगा?

दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से हल्की-हल्की बारिश हो रही है. आज यानी 6 अप्रैल को भी आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे. 7 अप्रैल को पूरा आसमान बादलों से ढका रहेगा और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 7 अप्रैल को भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. 

उत्तर प्रदेश का मौसम 

उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों से आंधी और बारिश ने जमकर कहर बरपाया है. कानपुर, लखनऊ, उन्नाव जैसे कई जिलों में ओले गिरने से किसानों की फसलें बुरी तरह बर्बाद हो गई हैं. अब दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण अगले तीन दिनों तक मौसम खराब बना रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार, 7 और 8 अप्रैल को पश्चिमी यूपी में तेज आंधी-बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है. वहीं 8 और 9 अप्रैल को पूर्वी यूपी में बारिश का दौर रहेगा. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. लखनऊ, बाराबंकी, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, बुलंदशहर, फिरोजाबाद, महोबा, झांसी, हमीरपुर, हरदोई, कानपुर समेत कई जिलों में सोमवार से बुधवार तक तेज बारिश और ओले गिरने की आशंका जताई गई है. 

बिहार का मौसम 

बिहार में भी पश्चिमी विक्षोभ का पूरा असर दिख रहा है. मौसम विभाग ने राज्य में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है. पटना, राजगीर, पूसा, भोजपुर, बक्सर, सुपौल, औरंगाबाद, अरवल, सरैया जैसे कई जिलों में 6 से 8 अप्रैल तक ओले गिर सकते हैं. इस दौरान 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार वाली आंधी चलने की संभावना है. 

उत्तराखंड का मौसम 

उत्तराखंड में भी मौसम ने करवट ली है. मौसम विभाग ने आज राज्य में हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है. अगले 72 घंटों तक तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की आशंका है. ऊंचाई वाले इलाकों (3300 मीटर से ज्यादा) में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है. मालदेवता, पंतनगर, कपकोट, चमोली, रानीचौरी जैसे इलाकों में बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा है. 

मध्य प्रदेश और राजस्थान 

मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में 8 अप्रैल को ओलावृष्टि की संभावना है. श्योपुर, बड़वानी, शिवपुरी, इंदौर और जबलपुर (पूर्वी मध्य प्रदेश) में तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है. राजस्थान में पिछले दो दिनों से हुई बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान हुआ है. अब मौसम विभाग ने पूरे राज्य में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है. 6 और 7 अप्रैल को तेज हवाएं चलेंगी और पश्चिमी व पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं. 

Similar News