70 कमरे, 5-स्टार होटल और ग्रैंड सेलिब्रेशन... सिया के बर्थडे के लिए ऐसी थी केतन के परिवार की तैयारी
सिया गोयल के 20 जून के जन्मदिन को खास बनाने के लिए केतन अग्रवाल का परिवार बड़े स्तर पर तैयारियों में जुटा था. महाबलेश्वर के एक 5-स्टार होटल में 70 कमरे बुक किए गए थे, जहां दोनों परिवारों के साथ ग्रैंड सेलिब्रेशन की योजना बनाई गई थी.
सिया के बर्थडे के लिए ससुराल वालों ने किए थे 70 कमरे बुक
(Image Source: x-@Riskiyadav01 )पुणे के चर्चित लोहागढ़ फोर्ट मर्डर केस में जांच आगे बढ़ने के साथ कई हैरान करने वाली जानकारियां सामने आ रही हैं. जिस बहू के जन्मदिन को परिवार खुशी और एक्साइटमेंट के साथ मनाने की तैयारी कर रहा था, वही दिन एक खौफनाक साजिश का हिस्सा बन गया. अब जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी सिया गोयल के जन्मदिन के लिए महाराष्ट्र के महाबलेश्वर में एक ग्रैंड सेलिब्रेशन की तैयारी की गई थी, लेकिन आखिरी समय पर पूरा प्लान बदल दिया गया.
बताया जा रहा है कि केतन अग्रवाल के परिवार ने सिया के जन्मदिन को खास बनाने के लिए 5 स्टार होटल में 70 कमरे बुक किए थे. इसके बावजूद सिया ने केतन को अकेले लोहागढ़ फोर्ट चलने के लिए मना लिया. यहीं से इस पूरे मामले ने एक नया मोड़ ले लिया.
बर्थडे के लिए किए थे 70 कमरे बुक
जानकारी के अनुसार, केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने महाबलेश्वर के एक पांच सितारा होटल में सिया के बर्थडे के लिए 70 कमरे बुक कराए थे. दोनों परिवार 20 जून को साथ मिलकर जन्मदिन मनाने वाले थे. परिवार की प्लानिंग थी कि यह बर्थडे एक यादगार बने, जहां रिश्तेदार और करीबी लोग शामिल हों.
क्यों बदला गया पूरा प्लान?
जांच में सामने आया है कि सिया ने केतन को महाबलेश्वर का इवेंट कैसिंल करने के लिए राजी कर लिया. उसने केतन से कहा कि वे दोनों अकेले समय बिताने के लिए लोहागढ़ फोर्ट चलें. इसके बाद दोनों ट्रेकिंग के लिए फोर्ट पहुंचे. शुरुआती जानकारी में केतन की मौत को हादसा माना गया था, लेकिन बाद में पुलिस जांच में मामला हत्या का निकला.
कॉल रिकॉर्ड ने खोले कई राज
पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि जनवरी से जून के बीच सिया और चेतन चौधरी के बीच 2,004 फोन कॉल हुए थे. इन बातचीतों का कुल समय करीब 238 घंटे बताया गया है. इसके अलावा दोनों फेसटाइम और व्हाट्सऐप के जरिए भी लगातार कॉन्टैक्ट में थे. जांच एजेंसियों का दावा है कि कथित साजिश की योजना घटना से कुछ दिन पहले ही तैयार की गई थी.
नवंबर में होनी थी शाही शादी
केतन और सिया ने फरवरी में सगाई की थी और नवंबर में उनकी शादी तय थी. परिवार इस शादी को बेहद ग्रैंड बनाने की तैयारी कर रहा था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, जयपुर में 17 करोड़ रुपये में आलीशान पैलेस बुक किया था और मेहमानों के लिए स्पेशल इंतजाम किए जा रहे थे. लेकिन जिस रिश्ते का अंत शादी में होना था, वह एक दर्दनाक आपराधिक मामले में बदल गया.