सोशल मीडिया पर इन दिनों उत्तर प्रदेश की यशोदा लोधी यानी ‘देहाती मैडम’ की खूब चर्चा हो रही है. वजह बनीं ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा, जिन्होंने यशोदा का एक वीडियो अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया. वीडियो में यशोदा अंग्रेजी बोलते समय परफेक्शन के पीछे भागने के बजाय कॉन्फिडेंस के साथ बोलने की बात समझाती नजर आईं. प्रियंका के इस छोटे से सपोर्ट ने यशोदा की कहानी को और लोगों तक पहुंचा दिया.

लेकिन सवाल है कि आखिर ये ‘देहाती मैडम’ हैं कौन? यशोदा उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले की रहने वाली हैं और उन्होंने 12वीं तक पढ़ाई की है. उनके पास अंग्रेजी सिखाने की कोई बड़ी डिग्री या प्रोफेशनल ट्रेनिंग नहीं है. उन्होंने खुद अंग्रेजी सीखी और बाद में इसी सीख को गांव के लोगों तक पहुंचाने का फैसला किया. आज वह ‘English With Dehati Madam’ नाम से YouTube चैनल चलाती हैं.

कौन हैं यशोदा लोधी?

यशोदा लोधी मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं. उन्हें सोशल मीडिया पर लोग देहाती मैडम के नाम से जानते हैं. यशोदा ने अपनी पढ़ाई पंजाब से की है. वह 12वीं क्लास तक पढ़ी हैं. अंग्रेजी सिखाने के लिए उनके पास कोई बड़ी डिग्री या खास ट्रेनिंग नहीं थी. उन्होंने खुद ही किताबों, वीडियो और लगातार प्रैक्टिस के सहारे अंग्रेजी सीखी. बाद में उन्होंने अपनी इसी सीख को दूसरों तक पहुंचाने का फैसला किया. आज वह गांव की महिलाओं, हाउसवाइफ और अंग्रेजी बोलने में झिझकने वाले लोगों को बेहद आसान तरीके से Spoken English सिखाती हैं.

पति के हादसे के बाद बदली जिंदगी

यशोदा की जिंदगी में एक वक्त ऐसा भी आया, जब परिवार आर्थिक मुश्किलों से घिर गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब चार साल पहले उनके पति का एक्सीडेंट हो गया था, जिसके बाद वह लंबे समय तक बिस्तर पर रहे. घर की आमदनी रुकने से जिम्मेदारियां बढ़ गईं. ऐसे समय में यशोदा ने हिम्मत नहीं हारी और मोबाइल-इंटरनेट को अपना सहारा बनाया. उन्होंने यूट्यूब पर कई तरह के वीडियो बनाकर किस्मत आजमाई, लेकिन जब बात नहीं बनी तो उन्होंने अंग्रेजी सिखाने वाले वीडियो बनाने शुरू किए. यही कोशिश धीरे-धीरे उनकी पहचान बन गई.

कब शुरू किया यूट्यूब चैनल?

यशोदा ने 26 दिसंबर 2023 को इंग्लिश विद देहाती मैडम के नाम से यूट्यूब पर अंग्रेजी सिखाने का अपना चैनल शुरू किया. उन्होंने पढ़ाने का ऐसा तरीका अपनाया, जो किताबों के कठिन नियमों के बजाय रोजमर्रा की बातचीत से जुड़ा था. उनकी यही सिंपल स्टाइल लोगों को पसंद आने लगी और धीरे-धीरे उनके वीडियो बड़ी संख्या में देखे जाने लगे. यशोदा के यूट्यूब पर 410K सब्सक्राइबर्स हैं. वहीं, इस्टांग्राम पर उन्हें 584K लोग फॉलो करते हैं.

कितनी कमाई करती हैं?

2024 में सामने आई एक रिपोर्ट के मुताबिक, यशोदा उस वक्त यूट्यूब के जरिए हर महीने करीब 15 से 20 हजार रुपये कमा रही थीं. यानी जिस काम की शुरुआत उन्होंने मुश्किल समय में घर बैठे की थी, उससे धीरे-धीरे कमाई भी होने लगी. हालांकि, यह आंकड़ा 2024 की रिपोर्ट का है, इसलिए उनकी आज की कमाई इससे कम या ज्यादा हो सकती है.