तापसी पन्नू की ‘गांधारी’ का ट्रेलर रिलीज, बेटी को बचाने के लिए मां बनेगी तूफान, कब होगी रिलीज?
तापसी पन्नू एक बार फिर दमदार अंदाज में पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं. उनकी अपकमिंग फिल्म ‘गांधारी’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसमें एक मां अपनी अगवा बेटी को बचाने के लिए खतरनाक जंग लड़ती नजर आती है. हादसे में आंखों की रोशनी खोने के बावजूद तापसी का किरदार हार नहीं मानता. फिल्म 3 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी.
एक्ट्रेस तापसी पन्नू अपकमिंग फिल्म 'गांधारी' के साथ पर्दे पर वापसी करने के लिए तैयार हैं. नेटफ्लिक्स ने आखिरकार फिल्म का ट्रेलर जारी कर दिया है, जिसमें एक मां की अपनी बेटी को बचाने की जद्दोजहद भरी लड़ाई की झलक दिखाई गई है, जिसे उसकी आंखों के सामने से अगवा कर लिया जाता है. तापसी के दमदार अभिनय ने इंटरनेट पर पहले ही धूम मचा दी है.
ट्रेलर में दिखाया गया है कि कैसे एक मां का सबसे बड़ा डर एक संघर्ष की शुरुआत बन जाता है. ट्रेलर में तापसी की बेटी को उसकी आंखों के सामने ट्रेन से अगवा होते हुए दिखाया गया है. जब वह उसे बचाने के लिए दौड़ती है, तो एक दुर्घटना में उसकी आंखों की रोशनी चली जाती है.
हालांकि, यह उसे अपनी बेटी की तलाश से नहीं रोक पाता. वह अपने रास्ते में आने वाले सभी अनजाने खतरों के लिए खुद को तैयार करती है और बहुरूपिया गिरोह से पूरी ताकत से लड़ती है. वह कसम खाती है कि वह अपनी बेटी मिष्टी के बिना वापस नहीं लौटेगी.
फैंस ने ऐसे किया रिएक्ट
गांधारी के ट्रेलर से फैंस काफी खुश दिखे. एक़ ने लिखा, "बहुत ही शानदार ट्रेलर है, इसे जरूर देखूंगा." दूसरे ने कमेंट किया, "तापसी हमेशा अच्छी फिल्में करती हैं." एक और ने लिखा, "यह तो वाकई दिलचस्प है." एक अन्य ने लिखा, "एक्शन फिल्म में तापसी (आग लगाने वाली इमोजी) हैं."
तापसी ने क्या कहा
गांधारी पर काम करने के अपने एक्सपीरियंस को शेयर करते हुए तापसी पन्नू ने कहा, “गांधारी में बानी का हार न मानने का जज्बा मेरे मन में हमेशा बसा रहा, चाहे हालात कितने भी विपरीत क्यों न हों. इस किरदार में फिजिकली मेहनत तो बहुत लगी, लेकिन उसकी दृढ़ता, दृढ़ विश्वास और अटूट हौसला ही मुझे सबसे ज़्यादा आकर्षित कर गया. कनिका और नेटफ्लिक्स के साथ दोबारा जुड़ना बेहद खास अनुभव रहा. पिछले कुछ सालों में हमने एक क्रिएटिव पार्टनरशिप बनाई है, जो भरोसे और जटिल, प्रभावशाली महिलाओं की कहानियां कहने के साझा प्रेम पर आधारित है. देवाशीष और इतने प्रतिभाशाली कलाकारों के साथ इस फिल्म को पर्दे पर उतारना मेरे लिए और भी यादगार अनुभव रहा. मैं दुनिया भर के दर्शकों के 3 सितंबर को गांधारी देखने का बेसब्री से इंतज़ार कर रही हूं. ”
डायरेक्टर ने क्या कहा
निर्देशक देवाशीष मखीजा ने कहा, “गांधारी की ओर मुझे आकर्षित करने वाली बात यह थी कि इसमें एक रहस्यमय, बहुआयामी दुनिया को सीन रूप से प्रेजेंट करने की अपार क्षमता थी, जो पहले कभी पर्दे पर नहीं देखी गई. फिर भी, तमाम सस्पेंस, खतरे और एक्शन के नीचे मानवीय विकल्पों, परिणामों और किसी प्रियजन के लिए किए जाने वाले असाधारण प्रयासों की एक सार्वभौमिक कहानी छिपी है. तापसी और एक शानदार, प्रेरणादायक कलाकारों की टोली के साथ इस सपने को साकार करना मेरे लिए सौभाग्य की बात थी.”
गांधारी के बारे में
देवाशीष मखीजा की डायरेक्ट की गई और कनिका ढिल्लों द्वारा लिखी और प्रोड्यूस की गई यह फिल्म काल्पनिक शहर जॉयपुरा में घटित होती है और एक ब्लाइंड मां की छिपी हुई सच्चाइयों, बढ़ते खतरों और अप्रत्याशित सहयोगियों के बीच की यात्रा को दर्शाती है, जहां आशा को अंधकार के विरुद्ध निरंतर डटे रहना पड़ता है.
इसमें इश्वक सिंह ने गोकुल की भूमिका निभाई है, जो अपनी बेटी के लापता होने से जूझ रहे पिता हैं, जबकि जतिन सरना ने कबीर की भूमिका निभाई है, जो लापता लड़कियों की जांच का नेतृत्व करने वाले अधिकारी हैं. स्वास्तिका मुखर्जी, मीता वशिष्ठ और छाया कदम कलाकारों की टोली को पूरा करती हैं. गांधारी 3 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो रही है.