एक्ट्रेस और डांसर नोरा फतेही अपने करियर के उस दौर को याद करते हुए भावुक हो गईं, जब उनका नाम 200 करोड़ रुपये की कथित जबरन वसूली और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी सुकेश चंद्रशेखर से जोड़ा गया था. ‘ड्रीम विद डॉ. शीन’ पॉडकास्ट में नोरा ने इस पूरे विवाद और उस दौरान खुद पर पड़े मानसिक और प्रोफेशनल असर के बारे में खुलकर बात की.

नोरा ने बताया कि इस विवाद ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया था. उनके मुताबिक, उस समय उनके बारे में कई तरह की बातें कही गईं, जिनका उनकी निजी जिंदगी के साथ-साथ करियर पर भी असर पड़ा. उन्होंने कहा कि उन्हें कई ब्रांड और काम गंवाने पड़े। सबसे ज्यादा तकलीफ इस बात से हुई कि लोगों के बीच यह धारणा बन गई कि उनका सुकेश के साथ रिश्ता था.

एक्ट्रेस ने साफ किया कि सुकेश को लेकर उनके बारे में कही गई कई बातें गलत थीं. उन्होंने बताया कि वह उसके परिवार और पत्नी के संपर्क में आई थीं और उन्हें कार समेत कुछ गिफ्ट भी मिले थे, लेकिन उस समय उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि पूरा मामला क्या है. नोरा के अनुसार, उस वक्त उन्हें बताया गया था कि यह सब सामान्य है.

बेहद डरावना अनुभव था 

जांच के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) की पूछताछ को याद करते हुए नोरा ने इसे अपने लिए बेहद डरावना अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि करीब दो साल तक वह ऐसी स्थिति से गुजरती रहीं, जिसमें उन्हें सपोर्ट नहीं मिला. उनका कहना था कि कई दूसरे कलाकारों को ऐसी परिस्थितियों से जल्दी बाहर निकलने में मदद मिली, लेकिन उन्हें काफी अकेलापन महसूस हुआ.

रोने लगी नोरा 

नोरा ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर बिना पूरी जानकारी के किसी के बारे में राय बना लेना बेहद नुकसानदेह हो सकता है. उनके मुताबिक, इस विवाद के दौरान लोगों की टिप्पणियां काफी क्रूर थीं और उन्हें समझ नहीं आता था कि वह इस स्थिति से कैसे बाहर निकलें.इस बातचीत के दौरान पुरानी बातें याद कर नोरा रो पड़ीं. उन्होंने बताया कि वह दौर उनके लिए बेहद मुश्किल था और आज भी उससे जुड़ी बातें उन्हें परेशान करती हैं. वर्कफ्रंट की बात करें तो नोरा जल्द ही फिल्म ‘कंचना 4’ में नजर आने वाली हैं.