गाड़ी में बैठकर प्याला हाथ में लेकर बस देखे जा रहे थे... Aishwarya Rai से रिश्ता टूटने के बाद इस कदर टूट गए थे Salman Khan
| सलमान खान और ऐश्वर्या राय की प्रेम कहानी एक बार फिर चर्चा में है. फिल्ममेकर महमूद अली ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया कि ब्रेकअप के बाद भी सलमान 9 घंटे तक ऐश्वर्या की शूटिंग देखते रहे थे. इसके साथ ही उन्होंने भाईजान के पुराने दिनों, भाग्यश्री और हिमालय से जुड़े कई मजेदार किस्से भी सुनाए.
बॉलीवुड में सलमान खान और ऐश्वर्या राय बच्चन की प्रेम कहानी किसी से छिपी नहीं है. दोनों का रिश्ता जितना चर्चा में रहा, उनका ब्रेकअप भी उतना ही सुर्खियों में रहा. अब फिल्ममेकर और प्रोड्यूसर महमूद अली ने सलमान और ऐश्वर्या से जुड़ा एक ऐसा किस्सा सुनाया है, जिसे जानकर हर कोई हैरान रह जाएगा. उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि एक बार सलमान खान ऐश्वर्या राय की शूटिंग देखने के लिए करीब 9 घंटे तक अपनी गाड़ी में बैठे रहे थे. उस वक्त दोनों का रिश्ता टूट चुका था, लेकिन सलमान का प्यार इस कदर खुलकर सामने आया कि सेट पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए थे.
महमूद अली ने एक इंटरव्यू में सलमान खान और ऐश्वर्या राय से जुड़ा पुराना किस्सा साझा किया. उनके मुताबिक, फिल्म 'दिल का रिश्ता' की शूटिंग चल रही थी. ऐश्वर्या राय इस फिल्म की प्रोड्यूसर भी थीं. शूटिंग बांद्रा के बैंडस्टैंड के पास हो रही थी. उस समय सलमान और ऐश्वर्या का रिश्ता टूट चुका था.
महमूद ने बताया कि सलमान खान को जैसे ही पता चला कि ऐश्वर्या वहां शूटिंग कर रही हैं, वह अपनी गाड़ी लेकर पहुंच गए. सलमान गाड़ी में बैठे रहे और हाथ में गिलास लिए लगातार शूटिंग की तरफ देखते रहे. वह करीब 9 घंटे तक वहीं मौजूद रहे. सड़क पर गाड़ी खड़ी थी और सलमान खुलेआम ऐश्वर्या की शूटिंग देखते रहे.
महमूद के मुताबिक, उस समय डायरेक्टर नरेश मल्होत्रा भी शूटिंग कर रहे थे. सेट पर मौजूद लोगों को समझ नहीं आ रहा था कि इस स्थिति को कैसे संभालें. सलमान का ऐश्वर्या के लिए प्यार इतना खुलकर सामने आ रहा था कि लोग भी असहज हो रहे थे. महमूद ने कहा कि उन्होंने सलमान का ऐसा खुला इश्क देखा है.
सलमान खान का बिंदास अंदाज
महमूद अली ने सलमान खान के पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि तीनों खान यानी सलमान, शाहरुख और आमिर की अपनी अलग-अलग खूबियां थीं. लेकिन सलमान शुरू से ही बिंदास और मस्तीखोर स्वभाव के थे. उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में आने से पहले का एक किस्सा भी सुनाया.
महमूद के मुताबिक, होली के दिन वह अपने दोस्तों के साथ बांद्रा के बैंडस्टैंड पर घूम रहे थे. उस समय सलमान की एक गर्लफ्रेंड थीं, जो एक गैरेज मालिक की बेटी थीं. सभी दोस्त होली खेलने जा रहे थे. तभी पीछे से आई एक जीप में बैठे लोगों ने उस लड़की पर पानी से भरे गुब्बारे फेंक दिए.
यह देखकर सलमान भड़क गए. उन्होंने जीप में बैठे लोगों को गालियां दीं और उनकी तरफ पत्थर भी फेंके. सलमान का कहना था कि उन्होंने लड़की पर गुब्बारा क्यों मारा. इसके बाद जीप वापस आई और उसमें से करीब छह-छह फीट लंबे कुछ लोग उतरे. महमूद के मुताबिक, उन लोगों ने सलमान और उनके दोस्तों की जमकर पिटाई कर दी.
इसके बाद सभी दोस्त सूजे हुए चेहरे लेकर सलमान के पिता सलीम खान के सामने पहुंचे. सलीम खान ने उनसे पूछा कि आखिर हुआ क्या था और गलती किसकी थी. महमूद ने बताया कि वे लोग उस समय बांद्रा के एक ग्रुप का हिस्सा थे, जिसका नाम 'बैड बॉयज ऑफ बांद्रा' था. उन्हें खुद को बैड बॉय कहलाने में भी मजा आता था.
सलमान ने किसे दिया था जमाल घोटा?
महमूद ने फिल्म 'मैंने प्यार किया' की शूटिंग के दौरान का भी एक मजेदार किस्सा बताया. उनके मुताबिक, उस समय भाग्यश्री और हिमालय दासानी का रिश्ता तय हो चुका था. हिमालय अक्सर शूटिंग सेट पर आ जाते थे और सलमान को भाग्यश्री के ज्यादा करीब जाने से रोकते थे.
वह सलमान से कहते थे कि भाग्यश्री के ज्यादा करीब न जाएं और उन्हें ज्यादा देर तक बाहों में न रखें. इस बात से सलमान परेशान हो गए थे. इसके बाद सलमान ने एक शरारती आइडिया निकाला.
महमूद के मुताबिक, सलमान ने हिमालय के खाने में जमालगोटा मिलाने का प्लान बनाया. यह एक ऐसा पदार्थ है, जिसका इस्तेमाल करने से तेज दस्त हो सकते हैं. इसके बाद हिमालय की तबीयत खराब हो गई और वह दो दिनों तक सेट पर नहीं आए. तीसरे दिन जब वह लौटे तो उन्होंने बताया कि उनकी तबीयत बहुत खराब हो गई थी और अब वह बाहर का खाना नहीं खाएंगे.
महमूद ने बताया कि इस तरह की शरारतों के पीछे सलमान का ही दिमाग होता था और उनकी टीम के लोग उन आइडियाज को अंजाम देते थे. उनके साथ करीब 10-12 लोगों की टीम रहती थी, जिनमें चार-पांच लोग काफी करीब थे.
सलमान के कपड़े बनाने से लेकर जिप्सी वाले किस्से तक
महमूद अली ने बताया कि वह सलमान के काफी पुराने दोस्त रहे हैं. सलमान की फैशन डिजाइनर शबीना खान के साथ मिलकर वह उनके कपड़े तैयार करने का काम भी करते थे. उनके मुताबिक, 'मैंने प्यार किया' से लेकर 'सूर्यवंशी' तक सलमान की कई फिल्मों के सूट उन्होंने बनाए थे.
उन्होंने सलमान की सफेद जिप्सी से जुड़ा एक और मजेदार किस्सा सुनाया. महमूद के मुताबिक, बांद्रा में उनका एक दोस्त था, जिसने सलमान की जिप्सी बताकर एक गाड़ी के लिए काफी ज्यादा पैसे ले लिए थे. लेकिन गाड़ी खरीदने के पहले ही दिन छप्पर गिर गया और जिप्सी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
महमूद ने कहा कि सलमान के साथ बिताया वह दौर बेहद मस्तीभरा था. बांद्रा में जब उन्होंने अपनी कपड़ों की दुकान शुरू की थी, तब सलमान का पूरा परिवार और खानदान भी दुकान पर आता था. उन्होंने कहा कि आज फिल्म इंडस्ट्री और कलाकारों की टीमों का माहौल बदल गया है, लेकिन सलमान के साथ बिताए पुराने दिनों की मस्ती और दोस्ती को वह हमेशा याद रखेंगे.