Rise And Fall 2: कौन हुआ शो से आउट, गौतम-मनीष भिड़ंत के बाद मचा हंगामा, क्यों Virender Sehwag ने छोड़ा स्टेज
गौतम गुलाटी-मनीष कश्यप की लड़ाई रूकने का नाम नहीं ले रही है. इसके चलते वीरेंद्र सहवाग गुस्से में आकर स्टेज छोड़कर चले गए.
रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल 2' में हर दिन नए विवाद देखने को मिल रहे हैं. कभी पेंटहाउस में जगह बनाने के लिए कंटेस्टेंट्स के बीच खींचतान होती है, तो कभी पुराने साथी ही एक-दूसरे के दुश्मन बन जाते हैं. शो के एपिसोड 34 में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जहां नॉमिनेशन से शुरू हुई बात बहस और हंगामे तक पहुंच गई.
गौतम गुलाटी और मनीष कश्यप के बीच मामला इतना बढ़ गया कि शो के होस्ट वीरेंद्र सहवाग को नाराज होकर स्टेज छोड़ना पड़ा. दूसरी ओर, शहजाद पूनावाला के भाई तहसीन पूनावाला ने भी शो में पहुंचकर कंटेस्टेंट्स के खेल पर सवाल उठाए. इन सबके बीच एक सदस्य का सफर भी खत्म हो गया.
गौतम गुलाटी और मनीष कश्यप में क्यों हुई बहस?
शो में विवाद की शुरुआत पावर प्ले के दौरान हुई. मामला नॉमिनेशन से जुड़ा था, लेकिन देखते ही देखते गौतम गुलाटी और मनीष कश्यप के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई. मनीष ने साफ किया कि वह गौतम के सामने खुद को बचाने के लिए गुहार नहीं लगाएंगे. उन्होंने गौतम पर हद पार करने का आरोप भी लगाया.
क्यों स्टेज छोड़कर गए शहवाग?
दोनों के बीच बढ़ते विवाद को समझने के लिए वीरेंद्र सहवाग स्टेज पर पहुंचे, लेकिन दोनों कंटेस्टेंट्स की बहस नहीं रुकी. ऐसे में सहवाग को सही तरीके से बोलने का मौका तक नहीं मिल पाया. आखिरकार वह नाराज होकर स्टेज से चले गए. इसके बाद वीरेंद्र सहवाग ने गौतम से कहा कि ये कौन सा तरीका है अगर कोई यहां आया है होस्ट करने और तुम ऐसे पैर करके खड़े हो. बाद में सहवाग वापस स्टेज पर आए और गौतम और मनीष दोनों को याद दिलाया, "आप लोगों को पता है, मुझे इस तरह की बातें सुनने की आदत नहीं है."
कौन हुआ शो से बाहर?
इस हफ्ते शो से बाहर होने की तलवार शहजाद पूनावाला, करण पटेल, स्वरा भास्कर और इरीना रुदाकोवा पर लटकी थी. हालांकि, नतीजे में शहजाद और स्वरा को राहत मिल गई. इसके बाद करण और इरीना की किस्मत का फैसला करने की जिम्मेदारी रूलर्स को सौंपी गई. चर्चा के बाद सभी ने वोटिंग के जरिए इरीना को बाहर करने पर सहमति जताई. इस फैसले के साथ ही करण को शो में आगे खेलने का मौका मिल गया, जबकि इरीना का सफर यहीं थम गया. अब आने वाले एपिसोड में यह देखना दिलचस्प होगा कि गौतम और मनीष के बीच चल रही अनबन का असर गेम पर कितना पड़ता है और पेंटहाउस में राज करने की जंग किस दिशा में जाती है.