फातिमा सना शेख, अनीट पद्दा और मोहम्मद जीशान अय्यूब जल्द ही एक नई वेब सीरीज ‘हुंकार: द रोर’ में साथ नजर आने वाले हैं. सीरीज का ट्रेलर गुरुवार को रिलीज कर दिया गया है.

ट्रेलर में एक 17 साल की लड़की, एक प्रभावशाली पंथ नेता और उसके खिलाफ लगे गंभीर आरोपों के बाद शुरू हुई जांच की कहानी दिखाई गई है. इसके साथ ही मीडिया कवरेज और लोगों की राय किस तरह पूरे मामले को प्रभावित करती है, इसकी भी झलक मिलती है.

कहानी 17 वर्षीय मीनु रावत के इर्द-गिर्द घूमती है. मीनु एक प्रतिष्ठित पंथ नेता ‘बापजी’ पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाती है. उसके आरोप के बाद पुलिस मामले की जांच शुरू करती है. शुरुआत में मामला काफी सीधा दिखाई देता है, लेकिन जांच आगे बढ़ने के साथ कई ऐसे सवाल सामने आने लगते हैं, जो कहानी को उलझा देते हैं. एक्टर रघुबीर यादव  ने बापजी का रोल किया है.

Full View



मीनू के आरोपों के बीच उठते हैं कई सवाल

ट्रेलर में दिखाया गया है कि पुलिस जांच के दौरान मीनू के बयान और उसकी भूमिका को लेकर भी सवाल उठने लगते हैं. जांच एजेंसियां यह समझने की कोशिश करती हैं कि आखिर पूरे मामले की सच्चाई क्या है. क्या मीनू वही पीड़ित है, जैसा शुरुआत में नजर आता है या इस कहानी का कोई दूसरा पहलू भी है.

दूसरी तरफ ‘बापजी’ एक प्रभावशाली व्यक्ति है. ऐसे में उसके खिलाफ लगे आरोपों का असर सिर्फ पुलिस जांच तक सीमित नहीं रहता. मामला धीरे-धीरे मीडिया की सुर्खियों में आ जाता है. लगातार होने वाली कवरेज से मीनु की निजी जिंदगी और जांच, दोनों पर दबाव बढ़ता दिखाई देता है.

सीरीज इसी सवाल को सामने रखती है कि जब किसी ताकतवर व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगते हैं तो जांच किस तरह आगे बढ़ती है. साथ ही यह भी दिखाया गया है कि मीडिया और लोगों की राय किसी मामले की दिशा को किस हद तक प्रभावित कर सकती है.



25 सितंबर से JioHotstar पर होगी स्ट्रीमिंग

‘हुंकार: द रोर’ का निर्देशन करण डी कपाडिया, नित्या मेहरा और हीराज मरफतिया ने किया है. सीरीज में फातिमा सना शेख, अनीट पद्दा और मोहम्मद जीशान अय्यूब के अलावा रघुबीर यादव और राम कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.

ट्रेलर शेयर करते हुए JioHotstar ने सोशल मीडिया पर सीरीज से जुड़ा सवाल भी उठाया है कि जब एक लड़की की आवाज समाज की आस्था और प्रभावशाली लोगों के बीच उठती है, तो आखिर जीत किसकी होती है. इस कहानी में आरोप, जांच, मीडिया और जनमत के बीच का टकराव देखने को मिलेगा.

‘हुंकार: द रोर’ का प्रीमियर 25 सितंबर को JioHotstar पर होगा. सीरीज का निर्माण बिड़ला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट ने किया है, जबकि पर्पल पेबल पिक्चर्स और ए मंगाटा फिल्म्स भी इससे जुड़े हैं.