बिग बॉस मलयालम सीजन-8 में इस हफ्ते का वीकेंड एपिसोड अभी से चर्चा का विषय बन गया है, जिसकी वजह है नेहा फातिमा का शो के अंदर एक हिंदू कंटेस्टेंट संतोष राज को प्रपोज करना. इसके बाद नेहा के माता-पिता शो में पहुंचे और अपनी बेटी से बिग बॉस मलयालम सीजन-8 छोड़कर घर लौटने की बात कही. अब यह घटना सोशल मीडिया पर काफी चर्चा का विषय बनी हुई है.

जिसने एक बार फिर से केरल में हिंदू-मुस्लिम के रिश्ते और सेक्युलर की परिभाषा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सोशल मीडिया पर यूजर्स इसको लेकर तरह-तरह की पोस्ट शेयर कर रहे हैं. हालांकि अब देखने वाली बात होगी कि क्या नेहा अपने माता-पिता की बात मानकर शो छोड़कर जाएंगी?

घर के अंदर क्या हुआ?

दरअसल, नेहा ने शो में साथी कंटेस्टेंट संतोष राज उर्फ ताशी के प्रति अपनी भावनाएं जाहिर की थीं. उन्होंने ताशी के सामने यह भी कहा था कि अगर उनके माता-पिता इस रिश्ते को मंजूरी देते हैं, तो वह शो के बाद उनके साथ रिश्ता आगे बढ़ाना चाहेंगी. नेहा के इस फैसले से उनके माता-पिता नाराज बताए जा रहे हैं. प्रोमो में उनकी मां और पिता बेटी को समझाते हुए दिखाई देते हैं.

शो में पहुंचकर क्या बोले नेहा के मां-बाप?

प्रोमो में मोहनलाल नेहा के माता-पिता का स्वागत करते हैं. इसके बाद दोनों अपनी बेटी से बातचीत शुरू करते हैं. नेहा के पिता उससे सवाल करते हैं "नेहा, क्या तुम्हें हम याद हैं? हमें नहीं लगता कि तुम्हें याद हैं." इसके बाद उनकी मां नेहा के घर के अंदर लिए जा रहे फैसलों पर सवाल उठाती हैं. वह बेटी को समझाते हुए कहती हैं "वे सब गेम खेल रहे हैं लेकिन तुम इमोशंस को दबाए हुए हो. तुम्हारा इस्तेमाल हो रहा है. तुम वो गेम खेल रहे हो जिसे खेलने से हमने मना किया था. तुम एक उम्मीद को पकड़े हुए हो, है ना? मुझे इसका 100 परसेंट ज़्यादा दर्द महसूस हो रहा है."

सोशल पर क्या बोले यूजर्स?

एक यूजर ने लिखा "मलयाली लोग बाहरी दुनिया के सामने खुद को बहुत प्रगतिशील बताते हैं. लेकिन जब बात उनके अपने परिवारों की आती है, तो उनका रवैया बहुत दकियानूसी हो जाता है. वह बालिग है - वह अपने फैसले खुद ले सकती है, यह कोई केजी स्कूल नहीं है." दूसरे यूजर ने लिखा "इस बीच, केरल में हिंदू सिर्फ यह साबित करने के लिए बीफ खा रहे हैं कि वे कितने धर्मनिरपेक्ष हैं, जबकि मुसलमानों को शायद इस बात से भी दिक्कत है कि उनके बच्चे किसी शो में हिंदू प्रतिभागियों के साथ रहें."

क्या नेहा को घर ले जाएंगे मां-बाप?

बातचीत के दौरान मोहनलाल भी नेहा के माता-पिता की भावनाओं को समझने की बात कहते हैं. वह बताते हैं कि दोनों सिर्फ अपनी बेटी से मिलने या उसे समझाने के लिए शो में नहीं आए हैं, बल्कि वे उसे अपने साथ घर वापस ले जाना चाहते हैं. मोहनलाल कहते हैं कि "मैं भी एक बेटी का पिता हूं. वे यहां हैं और इस बात पर अड़े हैं कि वे नेहा को वापस घर ले जाना चाहते हैं." हालांकि, प्रोमो में यह नहीं दिखाया गया है कि नेहा इस मांग पर क्या फैसला लेती हैं अब दर्शकों को वीकेंड एपिसोड का इंतजार है, जिसमें साफ होगा कि वह माता-पिता के साथ घर लौटेंगी या शो में अपना सफर जारी रखेंगी.