बिग बॉस 20 के घर में काजी तौकीर और रीति तिवारी के बीच हुआ विवाद अब वीकेंड का वार तक पहुंच गया है. टास्क के दौरान रीति ने काजी तौकीर और उदिति सिंह को लेकर ऐसी बातें कहीं, जिन पर जमकर विवाद हुआ.

गुस्से में रीति ने अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया, जिसे टीवी पर म्यूट करना पड़ा. इतना ही नहीं, काजी को जवाब देते हुए उन्होंने कहा था कि अगर उनके पिता मनोज तिवारी उन्हें यह सब करते देख लेते, तो काजी की हालत खराब हो जाती. वीकेंड का वार में सलमान खान ने इसी बयान को लेकर रीति की जमकर क्लास लगाई.

रीति ने दी थी पिता के नाम की धमकी

दरअसल, एक टास्क के दौरान रीति तिवारी की काजी तौकीर और उदिति सिंह से बहस हो गई थी. बहस बढ़ने पर रीति ने दोनों पर निजी और अपमानजनक टिप्पणियां कीं. उनका गुस्सा इतना बढ़ गया कि उन्होंने कई अपशब्दों का इस्तेमाल किया. बिग बॉस के टीवी प्रसारण में उनकी कुछ बातें म्यूट करनी पड़ीं.

काजी ने जब रीति की भाषा और उनके व्यवहार पर सवाल उठाया, तो रीति और भड़क गईं. उन्होंने कैमरे के सामने काजी से कहा कि अगर उनके पिता मनोज तिवारी यह सब देख लेते, तो उन्हें पता चल जाता कि उनकी क्या हालत होती. रीति के इस बयान को लेकर घर में भी काफी चर्चा हुई.

रीति बोलीं- मैं तो सिर्फ स्लैंग का इस्तेमाल कर रही थी

खास बात यह रही कि विवाद के तुरंत बाद रीति को अपनी भाषा पर कोई खास पछतावा नहीं था. उन्होंने अपनी बात का बचाव करते हुए कहा कि वह गालियां नहीं, बल्कि स्लैंग का इस्तेमाल कर रही थीं. रीति ने यह भी समझाने की कोशिश की कि वह शब्दों में राइमिंग यानी तुकबंदी बैठाने के लिए ऐसा बोल रही थीं.

बाद में माही विज से बातचीत में भी रीति ने अपने बयान को लेकर आत्मविश्वास दिखाया. उन्होंने कहा कि इस बात पर उनके पिता को उन पर गर्व होगा. यही बात बाद में वीकेंड का वार में सलमान खान के सवालों के घेरे में आ गई.

सलमान ने पूछा- मनोज तिवारी आकर कैसे देखते?

वीकेंड का वार में सलमान खान ने रीति से सीधे पूछा कि आखिर उनके उस बयान का मतलब क्या था. उन्होंने सवाल किया कि अगर मनोज तिवारी यह सब देखते तो क्या करते? सलमान ने तंज करते हुए पूछा कि क्या सिंगर मनोज तिवारी आते, एक्टर मनोज तिवारी आते या राजनेता मनोज तिवारी आकर यह सब देखते?

सलमान ने रीति को यह भी समझाया कि नेशनल टेलीविजन पर किसी भी बात को बोलते समय भाषा की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए. उन्होंने कहा कि वह मनोज तिवारी की बेटी हैं और उन्हें अपने पिता के नाम का इस्तेमाल इस तरह नहीं करना चाहिए. सलमान ने यहां तक कहा कि अगर मनोज तिवारी यह सब देखना भी चाहें, तो वह हर चीज के लिए वहां मौजूद नहीं हो सकते.

'मनोज तिवारी की बेटी हो, डॉली बिंद्रा की नहीं'

सलमान खान ने रीति को फटकार लगाते हुए कहा, "आप मनोज तिवारी की बेटी हो, डॉली बिंद्रा की नहीं." इस दौरान उन्होंने बिग बॉस के पुराने सीजन का जिक्र करते हुए मनोज तिवारी और डॉली बिंद्रा की चर्चित अंडे वाली लड़ाई को भी याद किया. सलमान के मुताबिक रीति घर में जिस तरह का व्यवहार कर रही थीं, वह उन्हें डॉली बिंद्रा की याद दिला रहा था.

सलमान ने घर के दूसरे सदस्यों को भी नहीं बख्शा. उन्होंने सवाल किया कि जब रीति इतनी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर रही थीं, तब बाकी लोग उन्हें रोकने के बजाय हंस क्यों रहे थे. सलमान की फटकार के बाद रीति को अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने अपने बयान और व्यवहार के लिए माफी मांग ली.