अंकिता भंडारी हत्याकांड में CBI की एंट्री, कथित... ... Aaj ki Taaza Khabar: अगर पुलिस गोली नहीं चलाएगी तो क्या पुलिस खुद गोली खाए? यूपी फार्मा कॉन्क्लेव में बोले सीएम योगी
अंकिता भंडारी हत्याकांड में CBI की एंट्री, कथित ‘VIP’ के खिलाफ दिल्ली में केस दर्ज
उत्तराखंड सरकार की सिफारिश के बाद सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई की है. CBI की दिल्ली स्पेशल क्राइम ब्रांच (ब्रांच-2) ने इस मामले में दिल्ली में औपचारिक रूप से केस दर्ज कर लिया है. यह केस कथित ‘VIP’ की भूमिका की जांच के लिए दर्ज किया गया है, जिसका नाम वायरल ऑडियो-वीडियो में सामने आया था.
अंकिता भंडारी ऋषिकेश स्थित वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थीं. सितंबर 2022 में उनकी हत्या कर दी गई थी और 24 सितंबर को उनका शव चीला नहर से बरामद हुआ था. इस सनसनीखेज मामले में रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य, मैनेजर सौरभ भास्कर और अंकिता गुप्ता को पहले ही आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है.
यह मामला उस वक्त और ज्यादा तूल पकड़ गया, जब सोशल मीडिया पर कुछ कथित ऑडियो और वीडियो क्लिप वायरल हुईं. इन क्लिप्स में ज्वालापुर से बीजेपी के एक पूर्व विधायक की कथित पत्नी उर्मिला सनावर एक ‘VIP’ की संलिप्तता का जिक्र करती नजर आईं. इसके बाद पूरे उत्तराखंड में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए और CBI जांच की मांग तेज हो गई.
वायरल वीडियो और राज्य में बने हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 9 जनवरी 2026 को इस मामले की CBI जांच की सिफारिश की थी. अब CBI की स्पेशल क्राइम ब्रांच ने इस सिफारिश के आधार पर कथित ‘VIP’ के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. CBI की इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर अंकिता भंडारी हत्याकांड चर्चा के केंद्र में आ गया है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस केस में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं.