परमाणु बम से लेकर AI तक... जो बनी इंसान की ताकत उसी से होगा उसका खात्मा, दुनिया पर मंडरा रहे ये 17 खतरे, रिपोर्ट चौंकाने वाली
इंसान ने तरक्की के लिए जिन चीजों का सहारा लिया, वही भविष्य में उसके लिए मुसीबत बन सकती हैं. द लैंसेट रिपोर्ट ने परमाणु युद्ध, AI और जलवायु परिवर्तन समेत 17 ऐसे खतरों को गिनाया है, जो आने वाली पीढ़ियों की जिंदगी पर भारी पड़ सकते हैं.
इंसान ने अपनी जिंदगी को आसान बनाने के लिए परमाणु हथियारों से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI तक कई तरह की तकनीकें विकसित की हैं. लेकिन आज यही चीजें दुनिया के लिए बड़े खतरे भी बन सकती हैं. मेडिकल जर्नल द लैंसेट में छपी एक नई रिपोर्ट में ऐसे 17 खतरों के बारे में बताया गया है, जो आने वाले समय में इंसानों की सेहत और जिंदगी पर बुरा असर डाल सकते हैं. इनमें परमाणु युद्ध, AI का गलत इस्तेमाल, जलवायु परिवर्तन और वायु प्रदूषण जैसे खतरे शामिल हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, इन खतरों को समय रहते नहीं संभाला गया, तो आने वाली पीढ़ियों को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है. कहीं परमाणु युद्ध से खाने की कमी और अकाल का खतरा बढ़ सकता है, तो कहीं बढ़ता तापमान लोगों की सेहत और खेती को नुकसान पहुंचा सकता है. इसके अलावा कुपोषण, मोटापा और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं भी चिंता बढ़ा रही हैं. हालांकि, रिपोर्ट यह नहीं कहती कि दुनिया का अंत तय है. इसका मकसद सरकारों और लोगों को आगाह करना है, ताकि समय रहते सही कदम उठाकर इन खतरों का असर कम किया जा सके.
किसने तैयार की रिपोर्ट?
यह रिपोर्ट द लैंसेट कमीशन ऑन 21वीं सदी के स्वास्थ्य संबंधी वैश्विक खतरों नाम की विशेषज्ञों की टीम ने तैयार की है. इस टीम में स्वास्थ्य, तकनीक और सुरक्षा समेत अलग-अलग क्षेत्रों के 35 जानकार शामिल हैं. रिपोर्ट तैयार करने के लिए 204 देशों और क्षेत्रों से जुड़े आंकड़ों और संभावित खतरों का अध्ययन किया गया. इसके नतीजे 11 अक्टूबर 2026 को जर्मनी की राजधानी बर्लिन में हुए वर्ल्ड हेल्थ समिट में पेश किए गए.
क्या है रिपोर्ट का मकसद?
इस रिपोर्ट का मकसद सिर्फ आने वाले बड़े खतरों के बारे में आगाह करना नहीं है, बल्कि यह बताना भी है कि सरकारें समय रहते क्या कदम उठा सकती हैं. इससे आने वाली पीढ़ियों को बीमारियों, कम उम्र में मौत और दूसरी बड़ी मुसीबतों से बचाने में मदद मिल सकती है. रिपोर्ट में बताया गया है कि इन समस्याओं को अलग-अलग समझना काफी नहीं है, क्योंकि कई खतरे एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं और मिलकर लोगों की जिंदगी पर बुरा असर डाल सकते हैं.
AI का गलत इस्तेमाल क्यों है चिंता की बात?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI से आज कई काम आसान हो गए हैं, लेकिन इसका गलत इस्तेमाल बड़ी परेशानी भी खड़ी कर सकता है. रिपोर्ट में चिंता जताई गई है कि AI की मदद से जैविक हथियार बनाने का खतरा बढ़ सकता है. बायोलॉजिकल हथियार ऐसे खतरनाक जीवाणुओं या दूसरे जैविक तत्वों से जुड़े होते हैं, जिनसे लोगों को बीमार किया जा सकता है. अगर इनका इस्तेमाल बड़े लेवल पर होता है, तो कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है. ऐसी कंडीशन में अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दबाव बढ़ सकता है. हालांकि, रिपोर्ट में यह नहीं कहा गया है कि ऐसा होना तय है. विशेषज्ञों का मानना है कि AI के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए कड़े नियम बनाने, तकनीक पर नजर रखने और पहले से तैयारी करने की जरूरत है. इससे भविष्य में होने वाले संभावित नुकसान को कम किया जा सकता है.
परमाणु युद्ध कैसे बन सकता है इंसानियत के लिए खतरा?
रिपोर्ट में परमाणु युद्ध को दुनिया के लिए बड़े खतरों में से एक बताया गया है. अगर परमाणु हथियारों का इस्तेमाल होता है, तो इससे भारी तबाही हो सकती है और बड़ी संख्या में लोगों की जान जा सकती है. इसका असर सिर्फ उस जगह तक सीमित नहीं रहेगा, जहां हमला होगा, बल्कि दुनिया के दूसरे हिस्सों में भी इसके बुरे नतीजे देखने को मिल सकते हैं. विशेषज्ञों के मुताबिक, परमाणु युद्ध के बाद उठने वाला धुआं और धूल आसमान की ऊपरी परतों तक पहुंच सकते हैं. इससे सूरज की रोशनी धरती तक कम पहुंच पाएगी. नतीजतन, फसलों की पैदावार घट सकती है और खाने-पीने की चीजों की कमी हो सकती है. ऐसी स्थिति में दुनिया के कई देशों में भुखमरी और कुपोषण का खतरा बढ़ सकता है.
रिपोर्ट में इस खतरे को परमाणु युद्ध के कारण पैदा होने वाले संभावित अकाल से जोड़ा गया है. अगर दुनिया में भोजन की भारी कमी हो जाती है, तो करोड़ों लोगों की जिंदगी पर इसका असर पड़ सकता है. सबसे खराब स्थिति में यह संकट इंसानों के अस्तित्व के लिए भी खतरा बन सकता है.
जलवायु परिवर्तन से कितनी बिगड़ सकती है स्थिति?
धरती का औसत तापमान लगातार बढ़ना यानी ग्लोबल वार्मिंग भी दुनिया के लिए एक बड़ा खतरा है. तापमान बढ़ने से तेज गर्मी पड़ सकती है और हवा में प्रदूषण बढ़ने से लोगों की सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है. इसके अलावा कई जगहों पर सूखा पड़ने, फसलें खराब होने और लोगों को अपना घर छोड़कर दूसरी जगह जाने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक, अगर दुनिया तापमान में बढ़ोतरी को करीब 1.8 डिग्री सेल्सियस तक रोकने में सफल रहती है, तो 4.4 डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ने की स्थिति के मुकाबले लोगों की सेहत को होने वाले बड़े नुकसान से बचाया जा सकता है .अनुमान है कि इससे करीब 1.89 अरब हेल्दी लाइफ ईयर का नुकसान टल सकता है.
यहां स्वस्थ जीवन-वर्षों का मतलब उन सालों से है, जिन्हें लोग बीमारी, विकलांगता या समय से पहले मौत के कारण अच्छी सेहत के साथ नहीं जी पाते है. यह आंकड़ा मरने वाले लोगों की संख्या नहीं बताता, बल्कि यह समझाता है कि किसी समस्या का लोगों की सेहत और उनकी जिंदगी पर कुल कितना असर पड़ सकता है.
स्वास्थ्य सहायता में कटौती से किसे होगा नुकसान?
दूसरे देशों से मिलने वाली स्वास्थ्य मदद में कमी आना भी रिपोर्ट में एक बड़ी चिंता बताई गई है. कई गरीब देश अस्पतालों की सुविधाएं बेहतर बनाने, बच्चों को टीके लगाने और कुपोषण से लड़ने के लिए दूसरे देशों से मिलने वाली आर्थिक मदद पर निर्भर रहते हैं. अगर यह मदद बहुत कम हो जाती है या मिलनी बंद हो जाती है, तो वहां के लोगों को इलाज और दूसरी जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने में परेशानी हो सकती है. रिपोर्ट के अनुमान के मुताबिक, अगर मेडिकल हेल्प में बहुत ज्यादा कटौती होती है, तो साल 2100 तक करीब 1.5 अरब स्वस्थ जीवन-वर्षों का नुकसान हो सकता है. इस नुकसान का बड़ा हिस्सा उप-सहारा अफ्रीका के देशों में होने की आशंका है.
कौन से हैं 17 खतरे?
परमाणु युद्ध, AI के गलत इस्तेमाल और जलवायु परिवर्तन के अलावा रिपोर्ट में 14 दूसरे खतरों का भी जिक्र किया गया है. इनमें हवा में बढ़ता प्रदूषण, दवाओं का असर कम होना, बच्चों में पोषण की कमी, देशों के बीच युद्ध, दूसरे देशों से मिलने वाली स्वास्थ्य मदद में कमी और जरूरत से ज्यादा शराब पीना शामिल है. इसके अलावा हाई ब्लड प्रेशर, अमीर और गरीब के बीच बढ़ता अंतर, शिक्षा की कमी, नई बीमारियों का फैलना, मोटापा, मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियां, धूम्रपान और उम्र बढ़ने के साथ सेहत का बिगड़ना भी इन खतरों में शामिल हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, इन सभी समस्याओं का असर हर देश में एक जैसा नहीं होगा. अमीर देशों में मोटापा और मानसिक सेहत से जुड़ी परेशानियां बड़ी चिंता बन सकती हैं. वहीं, गरीब देशों में पढ़ाई की कमी और बच्चों को सही पोषण नहीं मिल पाना लोगों की सेहत के लिए ज्यादा मुश्किलें पैदा कर सकता है. यानी किसी देश की आर्थिक स्थिति और वहां मिलने वाली सुविधाओं के आधार पर इन खतरों का असर अलग-अलग हो सकता है.
खतरे कम करने के लिए क्या किया जा सकता है?
रिपोर्ट में सिर्फ आने वाले खतरों के बारे में नहीं बताया गया है, बल्कि उनसे बचने के तरीके भी सुझाए गए हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि सरकारें अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाकर, नई तकनीकों के सुरक्षित इस्तेमाल पर ध्यान देकर और आने वाले खतरों को समय रहते पहचानकर नुकसान को कम कर सकती हैं.
आयोग के को-चेयरपर्सन और यूनिवर्सिटी ऑफ वॉशिंगटन के इंस्टीट्यूट फॉर हेल्थ मेट्रिक्स एंड इवैल्यूएशन के डायरेक्टर प्रोफेसर क्रिस्टोफर मरे के मुताबिक, आज लिए जाने वाले फैसलों का असर आने वाली पीढ़ियों की सेहत और जिंदगी पर पड़ेगा. आयोग ने यह भी तय किया है कि दुनिया में बदलते हालात को देखते हुए रिपोर्ट में दिए गए आकलन की हर साल दोबारा समीक्षा की जाएगी और जरूरत के मुताबिक उसे अपडेट किया जाएगा. कुल मिलाकर, रिपोर्ट यह दावा नहीं करती कि साल 2100 तक दुनिया का अंत हो जाएगा. इसका मकसद यह समझाना है कि दुनिया के सामने मौजूद कई बड़े खतरे एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं




