भारतीयों को दे दिया कमरा... पाकिस्तान के सांसद ने बताई UAE में हुई कैसी बेइज्जती, होटल में नहीं मिली थी एंट्री
फ्लाइट रद्द होने के बाद UAE में होटल में ठहरने को लेकर असद कैसर ने सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि भारतीय और अमेरिकी यात्रियों को कमरा दिया गया, लेकिन पाकिस्तानियों को यह सुविधा नहीं मिली. उन्होंने इस मामले को संसद में उठाते हुए सरकार से UAE से बात करने की मांग की.
UAE में फ्लाइट कैंसिल होने के बाद पाकिस्तान के पूर्व नेशनल असेंबली स्पीकर असद कैसर ने एक होटल को लेकर बड़ा दावा किया है. उनका आरोप है कि यात्रियों को ठहराने के दौरान भारतीय और अमेरिकी पासपोर्ट वालों को जगह दी गई, जबकि पाकिस्तानी यात्रियों को कमरा नहीं मिला.
कैसर ने इस मामले को पाकिस्तान की संसद में उठाया और सरकार से UAE के सामने मुद्दा रखने की मांग की. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच अच्छे रिश्ते हैं, इसलिए ऐसे मामले की जांच होनी चाहिए और अगर भेदभाव हुआ है तो उस पर बात की जानी चाहिए.
क्यों हुआ विवाद?
असद कैसर के मुताबिक, वह खुद UAE में यात्रा कर रहे थे, तभी उनकी फ्लाइट रद्द हो गई. इसके बाद यात्रियों को होटल में ठहराने की जरूरत पड़ी. उनका दावा है कि वहां घोषणा की गई कि भारतीय और अमेरिकी पासपोर्ट रखने वाले यात्रियों को होटल में जगह दी जाएगी, जबकि पाकिस्तानियों को यह सुविधा नहीं दी गई.
क्यों उठाया संसद में मुद्दा?
कैसर ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में मामला उठाया. उन्होंने विदेश मंत्रालय और विदेश मंत्री से UAE सरकार के सामने इस मुद्दे को रखने की अपील की. उनका कहना है कि पाकिस्तान और UAE के बीच करीबी रिश्ते हैं और ऐसी घटनाओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए.




