ग्रेटर नोएडा में पार्किंग विवाद पर दबंगई, महिला को जड़े कई थप्पड़; बाइक में की तोड़फोड़
ग्रेटर नोएडा में पार्किंग को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया. आरोप है कि दबंगों ने एक महिला को कई थप्पड़ जड़ दिए और गुस्से में उसकी बाइक भी तोड़ डाली.
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख गांव में मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और तोड़फोड़ तक पहुंच गया. आरोप है कि एक युवक ने महिला के साथ अभद्रता करते हुए उसे एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ दिए. इसके बाद आरोपी ने किराएदारों की मोटरसाइकिल में भी तोड़फोड़ की.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई में जुट गई है.
महिला के साथ मारपीट
जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार शाम की है. बिसरख कोतवाली क्षेत्र के बिसरख गांव में बाइक खड़ी करने को लेकर महिला और युवक के बीच कहासुनी शुरू हुई थी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया. आरोप है कि युवक ने गुस्से में आकर महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे कई थप्पड़ मारे. महिला के साथ मारपीट के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की. इस दौरान किराएदारों की मोटरसाइकिलों में भी तोड़फोड़ की गई.
सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया. वीडियो में युवक महिला के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है. इसके बाद पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर कार्रवाई शुरू की.
पुलिस ने क्या एक्शन लिया?
बिसरख थाना प्रभारी रणजीत सिंह के मुताबिक, महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.




