बिरयानी में लेग पीस न मिलने पर बवाल! अमरोहा की शादी में चली कुर्सियां, मारपीट का VIDEO वायरल
अमरोहा के हसनपुर में शादी के दौरान बिरयानी में लेग पीस न मिलने पर विवाद इतना बढ़ गया कि बारातियों के बीच जमकर मारपीट हो गई. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों पर कार्रवाई की तैयारी है.
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक शादी के समारोह के दौरान बड़ा बवाल हो गया. मामूला सा विवाद इतना बढ़ गया कि शादी का खुशी भरा माहौल अचानक जंग के मैदान में बदल गया. पूरा बैंक्विट हॉल मारपीट और अफरा-तफरी से भर गया. घटना अमरोहा जिले के हसनपुर नगर इलाके में हुई. वहां एक बैंक्विट हॉल में शादी का कार्यक्रम चल रहा था.
बारात हैबतपुर बंजारे से आई हुई थी. बारात वाले लोग वहीं ठहरे हुए थे. शादी की सभी पारंपरिक रस्में चल रही थीं. खाने-पीने का इंतजाम भी शुरू हो चुका था. सब लोग बिरयानी और अन्य व्यंजन खा रहे थे. तभी अचानक शोर मचने लगा. पता चला कि बिरयानी सर्व करते समय बारातियों को लेग पीस नहीं मिला.
छोटी से बात पर बड़ा विवाद
इस छोटी सी बात पर दो लोगों के बीच पहले तो बस बात-बात हुई. लेकिन धीरे-धीरे यह कहासुनी बढ़ती गई और आस-पास खड़े कई अन्य लोग भी इसमें शामिल हो गए. मामला इतना गर्म हो गया कि देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई. लोग एक-दूसरे पर लात-घूंसे चलाने लगे. फिर कुछ गुस्साए लोगों ने आस-पास पड़ी कुर्सियाँ उठा लीं. वे कुर्सियों को एक-दूसरे पर फेंकने लगे. चारों तरफ कुर्सियां उड़ती नजर आ रही थी. लोग एक-दूसरे पर कुर्सी से मार रहे थे. पूरा हॉल भगदड़ मचा हुआ था.
अखाड़े में बदला जश्न
जहां कुछ मिनट पहले शादी का जश्न चल रहा था, वहां अब कुर्सियों की लड़ाई और हाथापाई का मंजर बन गया था. कुछ लोगों ने इस पूरे बवाल का वीडियो अपने मोबाइल से बना लिया. बाद में उन्हीं वीडियो में से एक या ज्यादा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए. वीडियो वायरल होते ही लोगों ने अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं. कोई हंस रहा था, कोई हैरान था, तो कोई इस घटना की निंदा कर रहा था.
अमरोहा हुई घटना
'लाइव हिन्दुस्तान' ने बताया कि वे वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं कर रहे हैं, लेकिन स्थानीय लोगों और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह घटना अमरोहा के हसनपुर में हुई है. जब पुलिस को इस घटना की सूचना मिली तो वे तुरंत बैंक्विट हॉल पर पहुंच गए. पुलिस ने लोगों को शांत कराया और मारपीट करने वालों को समझाया. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जो लोग मारपीट में शामिल थे, उनकी पहचान वीडियो के आधार पर की जाएगी. उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.




