BJP और कांग्रेस के अलावा निर्दलीय भी लड़ा चुनाव, राजस्थान की वति कुमारी का कारनामा जान पकड़ लेंगे माथा- VIDEO
राजस्थान के डीग में वति कुमारी ने कांग्रेस, बीजेपी और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया. जानिए तीन बार लुक बदलने के बाद कैसे जीता चुनाव.
राजस्थान के डीग जिले में पंचायत चुनाव के दौरान एक महिला प्रत्याशी का अनोखा चुनावी अंदाज चर्चा का विषय बन गया है. बृजनगर पंचायत समिति की वति कुमारी ने नामांकन के दौरान तीन बार अपना लुक बदला और हर बार अलग राजनीतिक पहचान के साथ पहुंचीं.
पहले लाल साड़ी में कांग्रेस प्रत्याशी बनकर पर्चा भरा, फिर हरे सूट में बीजेपी उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया. इसके बाद पीली साड़ी पहनकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतर गईं. दिलचस्प बात यह रही कि तीनों विकल्पों में से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर उन्हें जीत मिली.
लाल साड़ी में कांग्रेस, हरे सूट में BJP और पीली साड़ी में निर्दलीय
वति कुमारी का नामांकन किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रहा. पहली बार वह लाल साड़ी पहनकर पूर्व कांग्रेस विधायक वाजिब अली की मौजूदगी में नामांकन दाखिल करने पहुंचीं. इस दौरान उन्होंने साड़ी से अपना चेहरा ढक रखा था. कुछ देर बाद उनका दूसरा रूप सामने आया. इस बार हरे रंग के सलवार-सूट और दुपट्टे में वह बीजेपी प्रत्याशी के तौर पर पर्चा भरने पहुंचीं.
उनके साथ बीजेपी विधायक जवाहर सिंह बेढ़म मौजूद थे. इसके बाद तीसरी बार पीली साड़ी में वति कुमारी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करने पहुंचीं. इस बार उन्होंने अपना चेहरा नहीं छिपाया. एक ही प्रत्याशी के तीन अलग-अलग राजनीतिक अवतार ने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी.
आखिर निर्दलीय चुनाव लड़कर कैसे मिली जीत?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वति कुमारी को किसी एक पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतने का भरोसा नहीं था. इसी वजह से उन्होंने कांग्रेस, बीजेपी और निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया. हालांकि, चुनावी मुकाबले में वह निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में उतरीं और जीत हासिल कर ली. इस पूरे मामले में उनके ससुर अर्जुन प्रधान का नाम भी सामने आया है. वह पहले बृजनगर पंचायत समिति के प्रधान रह चुके हैं और चुनावी तैयारियों में उनकी भूमिका बताई जा रही है. कुछ रिपोर्ट्स में बीजेपी की ओर से वति कुमारी को समर्थन दिए जाने का भी जिक्र है.
क्या एक उम्मीदवार कई नामांकन दाखिल कर सकता है?
चुनाव नियमों के तहत एक उम्मीदवार किसी निर्वाचन क्षेत्र के लिए अधिकतम चार नामांकन पत्र दाखिल कर सकता है. हालांकि, कई नामांकन दाखिल करने का मतलब यह नहीं है कि वह एक साथ कई पार्टियों से चुनाव लड़ सकता है. चुनाव में उसकी अंतिम उम्मीदवारी निर्धारित नियमों और वैध नामांकन के आधार पर तय होती है. वति कुमारी का मामला इसलिए चर्चा में है क्योंकि नामांकन के दौरान उनके तीन अलग-अलग रूप सामने आए. आखिर में उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव जीता. यानी चुनावी चर्चा की शुरुआत कांग्रेस और बीजेपी से हुई, लेकिन जीत निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई.




