Begin typing your search...

Women's Asia Cup 2026: भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से रौंदा, शेफाली वर्मा ने रचा इतिहास, 'प्लेयर ऑफ द मैच' बनीं श्री चरणी

भारत ने महिला एशिया कप में पाकिस्तान को 68 गेंद बाकी रहते 7 विकेट से हरा दिया. पाकिस्तान की पूरी टीम 55 रन पर ऑलआउट हुई, जिसके बाद भारत ने 8.4 ओवर में 57/3 बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया. श्री चरणी को शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

Shafali Verma Shree Charani
X

Shafali Verma और Shree Charani

( Image Source:  BCCI )

Women's Asia Cup 2026: महिला एशिया कप के भारत-पाकिस्तान मुकाबले में नतीजे को लेकर ज्यादा सस्पेंस नहीं था, लेकिन पाकिस्तान ने शुरुआत में भारत के लिए थोड़ी मुश्किल जरूर खड़ी की. पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 55 रन पर ऑलआउट हो गई. जवाब में भारत ने 8.4 ओवर में 3 विकेट खोकर 57 रन बनाते हुए 7 विकेट से मुकाबला जीत लिया.

भारत की जीत की सबसे बड़ी वजह उसकी गेंदबाजी रही. श्री चरणी ने पाकिस्तान के टॉप और मिडिल ऑर्डर को परेशान किया, जबकि बाकी गेंदबाजों ने भी लगातार दबाव बनाए रखा. इससे पाकिस्तान की पूरी पारी 18.1 ओवर में सिर्फ 55 रन पर सिमट गई.



पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ाई

  • टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन उसकी शुरुआत से ही विकेट गिरते रहे.
  • मुनीबा अली ने 15 गेंदों पर 13 रन बनाए, जबकि शवाल जुल्फिकार ने 14 रन की पारी खेली. इसके बाद पाकिस्तान का कोई बल्लेबाज ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सका.
  • गुल फिरोजा सिर्फ 4 गेंद में बिना खाता खोले आउट हो गईं. आयशा जफर 2, सादफ शमास 3 और कप्तान फातिमा सना भी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं.
  • इमान फातिमा ने 10 गेंदों पर 5 रन और उम्म-ए-हानी ने 18 गेंदों पर 6 रन बनाए.
  • टुबा हसन ने 16 गेंदों पर 9 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होने के बाद पाकिस्तान की पारी ज्यादा देर नहीं चल सकी.
  • नशरा संधू भी खाता नहीं खोल पाईं और सादिया इकबाल 5 गेंद खेलकर बिना खाता खोले नाबाद रहीं.
  • पाकिस्तान की पारी में सिर्फ 3 रन एक्स्ट्रा आए और पूरी टीम 55 रन पर ऑलआउट हो गई.

श्री चरणी ने दिखाया कमाल

  • भारत की तरफ से गेंदबाजी में श्री चरणी सबसे ज्यादा प्रभावी रहीं. उन्होंने पाकिस्तान के बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा और तीन विकेट हासिल किए. उनके अलावा प्रेमा रावत और दीप्ति शर्मा ने भी अहम विकेट निकाले.
  • प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं श्री चरणी ने कहा कि उनका ध्यान अपनी ताकत के मुताबिक गेंदबाजी करने और फील्ड के हिसाब से लाइन-लेंथ रखने पर था. उन्होंने यह भी कहा कि गेंद पर ज्यादा से ज्यादा अभ्यास करना उन्हें हर मुकाबले में मदद करता है.
  • श्री चरणी अब महिला T20 इंटरनेशनल में 50 विकेट के आंकड़े के करीब पहुंच रही हैं. उन्होंने कहा कि 50 विकेट पूरे करना खास होगा, लेकिन फिलहाल उनका लक्ष्य लगातार देश के लिए अच्छा प्रदर्शन करना है.

फातिमा सना ने दिए भारत को बैक टू बैक तीन झटके

  • 55 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद आक्रामक रही. शेफाली वर्मा ने पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर अपने इरादे साफ कर दिए.
  • ऐसा लग रहा था कि भारत कुछ ही ओवर में मैच खत्म कर देगा, लेकिन पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने अचानक मुकाबले में थोड़ी जान डाल दी. उन्होंने पहले शफाली वर्मा और प्रतिका रावल को आउट किया और फिर स्मृति मंधाना को LBW करके भारत को तीसरा झटका दिया.
  • शेफाली ने 6 गेंदों पर 12 रन बनाए, जबकि स्मृति मंधाना 11 गेंदों पर 9 रन बनाकर आउट हुईं. प्रतिका रावल ने 3 गेंदों पर 4 रन बनाए.
  • हालांकि इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने कोई और मौका नहीं दिया. दोनों ने संभलकर बल्लेबाजी की और भारत को सिर्फ 8.4 ओवर में लक्ष्य तक पहुंचा दिया.
  • हरमनप्रीत 18 गेंदों पर 18 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि दीप्ति शर्मा ने 14 गेंदों पर नाबाद 12 रन बनाए.
  • भारत ने 57/3 के स्कोर के साथ 68 गेंद बाकी रहते 7 विकेट से जीत दर्ज की।
  • पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना के लिए यह मुकाबला दो हिस्सों में बंटा रहा. बल्लेबाजी में वह बिना खाता खोले आउट हो गईं, लेकिन गेंदबाजी में उन्होंने भारत के खिलाफ तीन महत्वपूर्ण विकेट लिए.


फातिमा ने मैच के बाद क्या कहा?

फातिमा ने मैच के बाद कहा कि उनकी टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह ढह गई और पूरे मुकाबले में बल्लेबाज संघर्ष करते रहे. उन्होंने माना कि टीम ने पहले बल्लेबाजी इसलिए चुनी थी क्योंकि विकेट ताजा था और लक्ष्य था कि ज्यादा से ज्यादा रन बनाए जाएं.



पाकिस्तान टीम के कप्तान ने कहा कि तीन विकेट लेने के बावजूद मैच हारने के कारण इसका ज्यादा महत्व नहीं है, क्योंकि टीम को जीत की जरूरत थी. अब पाकिस्तान का ध्यान अपने अगले मुकाबले पर है और टीम नॉकआउट में आगे बढ़ने के लिए बेहतर क्रिकेट खेलने की कोशिश करेगी.

हरमनप्रीत ने टीम के प्रदर्शन को बताया ‘रुथलेस’

  • भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने जीत के बाद पूरी टीम के प्रदर्शन की तारीफ की. उन्होंने कहा कि टीम लगातार अपने स्तर को ऊंचा रखने और मैदान पर ‘रुथलेस’ क्रिकेट खेलने की बात करती है और इस मुकाबले में खिलाड़ियों ने वही करके दिखाया.
  • कौर ने खास तौर पर गेंदबाजों की तारीफ की. उनके मुताबिक भारतीय गेंदबाजों ने पिच को अच्छी तरह पढ़ा और अपनी योजनाओं को उसी हिसाब से लागू किया.
  • भारतीय कप्तान ने माना कि भारत ने लक्ष्य का पीछा करते हुए तीन विकेट गंवाए, लेकिन अहम बात यह रही कि टीम ने घबराने के बजाय क्रीज पर टिककर मैच जल्द खत्म किया.

शेफाली वर्मा ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड

इस मुकाबले में शेफाली वर्मा ने सिर्फ 6 गेंदों पर 12 रन बनाए, लेकिन उनकी छोटी पारी रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो गई. शेफाली महिला T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 3000 रन पूरे करने वाली दुनिया की 16वीं खिलाड़ी बन गई हैं. खास बात यह है कि उन्होंने यह उपलब्धि सिर्फ 22 साल 220 दिन की उम्र में हासिल की और महिला T20I में 3000 रन तक पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बन गईं. भारत की तरफ से उनसे पहले स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं.


महिला T20I में सबसे कम उम्र में 3000 रन बनाने वाली खिलाड़ी

  • 22 साल 220 दिन - शेफाली वर्मा (IND-W)
  • 24 साल 347 दिन - गैबी लुईस (IRE-W)
  • 27 साल 139 दिन - ईशा ओझा (UAE-W)
  • 27 साल 171 दिन - स्मृति मंधाना (IND-W)
  • 27 साल 347 दिन - हेली मैथ्यूज (WI-W)

शैफाली वर्मा महिला T20I में 3000 रन बनाने वाली 16वीं खिलाड़ी हैं, और स्मृति मंधाना व हरमनप्रीत कौर के बाद भारत की ओर से तीसरी खिलाड़ी हैं.

पाकिस्तान की T20I में दूसरी सबसे बड़ी हार

  • 55 रन पर ऑलआउट होने के बाद भारत ने सिर्फ 68 गेंदों में लक्ष्य हासिल कर लिया. गेंदों के लिहाज से यह पाकिस्तान महिला टीम की T20 इंटरनेशनल में दूसरी सबसे बड़ी हार रही.
  • इससे पहले पाकिस्तान को न्यूजीलैंड के खिलाफ 2024 में 70 गेंद बाकी रहते हार का सामना करना पड़ा था.
  • भारत के लिए भी यह गेंदें बाकी रहने के लिहाज से महिला T20I में दूसरी सबसे बड़ी जीत है.
  • भारत ने 2022 में थाईलैंड के खिलाफ 84 गेंद बाकी रहते जीत हासिल की थी.
  • महिला एशिया कप में भी 68 गेंद बाकी रहते पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत टूर्नामेंट की बड़ी जीतों में शामिल हो गई है.


कुल मिलाकर पाकिस्तान ने गेंद से कुछ समय के लिए भारत को जरूर परेशान किया, लेकिन 55 रन का लक्ष्य इतना छोटा था कि भारतीय टीम ने शुरुआती तीन विकेट गंवाने के बावजूद मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी और आराम से जीत हासिल कर ली.

क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख