धतूरा बेचने पर 3 बड़े प्लेटफॉर्म पर एक्शन, आखिर कितना जहरीला है ये पौधा? गलती से खा लिया तो क्या होगा
धतूरा दिखने में आम पौधे जैसा लग सकता है, लेकिन इसके फल और बीज बेहद जहरीले होते हैं. इसे खाने से शरीर और दिमाग पर गंभीर असर डाल सकता है, यहां तक कि जान का खतरा भी हो सकता है.
कर्नाटक में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर धतूरे के फल और बीज खाने की चीज के तौर पर बेचे जाने का मामला सामने आया है. जांच के बाद अधिकारियों ने अमेज़न, स्विगी, इंस्टामार्ट और बिगबास्केट के फूड लाइसेंस पर कार्रवाई की और ऐसी लिस्टिंग हटाने के निर्देश दिए. धतूरा जहरीला पौधा है, इसलिए इसे खाने की चीज के रूप में बेचना लोगों की सेहत के लिए बड़ा खतरा बन सकता है.
धतूरे में ऐसे जहरीले तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर और दिमाग पर गंभीर असर डाल सकते हैं. इसे खाने से मुंह सूखना, आंखों की पुतलियां फैलना, धड़कन तेज होना, उलझन, बेचैनी और भ्रम जैसी परेशानी हो सकती है. ज्यादा मात्रा में सेवन करने पर दौरे, बेहोशी, सांस लेने में दिक्कत और जान का खतरा भी हो सकता है.
क्या होता है धतूरा?
धतूरा एक जहरीला पौधा है, जिसे अंग्रेजी में थॉर्न एप्पल भी कहा जाता है. इसके फूल अक्सर तुरही जैसे दिखाई देते हैं, जबकि फल के ऊपर कांटेदार परत होती है और उसके अंदर कई बीज होते हैं. धार्मिक और पारंपरिक इस्तेमाल के कारण कई लोग इसे सामान्य पौधा समझ लेते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि इसे घर पर खाया या किसी नुस्खे में इस्तेमाल किया जा सकता है. कच्चे धतूरे के फल, बीज, पत्ते और फूल शरीर के लिए खतरनाक हो सकते हैं.
धतूरा जहरीला क्यों होता है?
धतूरे में एट्रोपिन, स्कोपोलामाइन और हायोसायमीन जैसे जहरीले केमिकल पाए जाते हैं. इनकी मात्रा पौधे के हिस्से और उसकी कंडीशन के हिसाब से बदल सकती है. यही वजह है कि किसी फल या बीज की कितनी मात्रा जहरीली साबित होगी, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल होता है.
धतूरा खाने के नुकसान?
धतूरा खाने से शरीर के कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं. मुंह और त्वचा का बहुत सूखना, आंखों की पुतलियां फैलना, धुंधला दिखाई देना, तेज धड़कन, शरीर का तापमान बढ़ना और पेशाब करने में परेशानी इसके साइन हो सकते हैं. गंभीर स्थिति में भ्रम, बेहोशी, दौरे, सांस लेने में दिक्कत, कोमा और मौत तक का खतरा हो सकता है.
गलती से धतूरा खा लिया तो क्या करें?
अगर किसी व्यक्ति ने गलती से धतूरे का फल या बीज खा लिया है, तो इसे सामान्य घटना समझकर इंतजार न करें. तुरंत मेडिकल मदद लें, भले ही शुरुआत में कोई लक्षण दिखाई न दे. व्यक्ति को नजदीकी अस्पताल ले जाएं और बिना डॉक्टर की सलाह के उल्टी कराने या कोई घरेलू इलाज करने की कोशिश न करें. एम्स का नेशनल पॉइजन इंफॉर्मेशन सेंटर भी जहरीली चीज खाने के बाद लक्षण आने का इंतजार न करने और खुद इलाज न करने की सलाह देता है.




