Begin typing your search...

बेटी को 5 तो बेटे को 95 फीसदी प्रॉपर्टी क्यों? TVS की लक्ष्मी वेणु पिता के खिलाफ पहुंची हाईकोर्ट, मां का भी मिला सपोर्ट; जानें पूरा विवाद

TVS प्रमुख वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे और वित्तीय दस्तावेजों की मांग को लेकर मद्रास हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है. लक्ष्मी के वकील का आरोप है कि प्रस्तावित बंटवारे में उन्हें 5% और भाई सुदर्शन को 95% हिस्सा देने की बात थी.

TVS Family Property Dispute: Lakshmi Venu Moves Madras High Court Over 5:95 Division Claim
X

देश के बड़े कारोबारी परिवारों में शामिल TVS ग्रुप का पारिवारिक विवाद अब अदालत पहुंच गया है. TVS के दिग्गज कारोबारी और चेयरमैन एमेरिटस वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने मद्रास हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर परिवार की संयुक्त संपत्ति के बंटवारे की मांग की है. उन्होंने संपत्तियों से जुड़े वित्तीय दस्तावेज और रिकॉर्ड उपलब्ध कराने की मांग भी की है. इस विवाद में उनकी मां और TAFE की चेयरपर्सन मल्लिका श्रीनिवासन भी बेटी के समर्थन में खड़ी हैं. दूसरी ओर, वेणु श्रीनिवासन और उनके बेटे सुदर्शन वेणु का पक्ष है कि परिवार के बीच पहले ही कई समझौते हो चुके हैं और अब बंटवारे का मामला दोबारा नहीं खोला जा सकता.

इस विवाद का सबसे चर्चित पहलू 5:95 के कथित बंटवारे का है. लक्ष्मी के वकील सी. आर्यमा सुंदरम के मुताबिक, लक्ष्मी को प्रस्तावित बंटवारे में महज 5 फीसदी संपत्ति देने की बात थी, जबकि उनके भाई सुदर्शन को 95 फीसदी हिस्सा मिलना था. इस बंटवारे को लेकर दोनों पक्षों की अपनी-अपनी दलीलें हैं. अभी अदालत ने किसी भी पक्ष के दावे पर फैसला नहीं सुनाया है.

लक्ष्मी ने कब पिता को भेजा कानूनी नोटिस?

लक्ष्मी ने 16 नवंबर को अपने पिता को कानूनी नोटिस भेजकर पारिवारिक संपत्ति के निष्पक्ष और कानूनी बंटवारे की मांग की थी. उनके पक्ष के मुताबिक, पिता की ओर से मिले जवाब में उनके दावे को स्वीकार नहीं किया गया. बातचीत से समाधान की दिशा में भी कोई प्रगति नहीं हुई. इसके बाद 25 नवंबर को उन्होंने मद्रास हाईकोर्ट का रुख किया. हालांकि, उनके वकील का कहना है कि लक्ष्मी अब भी परिवार के भीतर बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने को तैयार हैं. यानी मामला अदालत पहुंचने के बावजूद समझौते का रास्ता पूरी तरह बंद नहीं हुआ है.

आखिर किस संपत्ति के बंटवारे की मांग कर रही हैं लक्ष्मी वेणु?

लक्ष्मी वेणु की याचिका उनके पिता वेणु श्रीनिवासन की पारिवारिक शाखा से जुड़ी संयुक्त संपत्तियों के बंटवारे को लेकर है. इन संपत्तियों में VS Trust और अन्य होल्डिंग कंपनियों के जरिए रखी गई हिस्सेदारी भी शामिल है. इनके तहत TVS Holdings, TVS Motor Company, TVS Credit Services और Sundaram-Clayton जैसे कारोबारों में परिवार के हित जुड़े हुए हैं.

यहां एक बात समझना जरूरी है कि लक्ष्मी की याचिका TVS कंपनियों के रोजमर्रा के कामकाज या उनके संचालन को लेकर नहीं है. विवाद इन कंपनियों में परिवार की हिस्सेदारी और उससे जुड़ी मूल संपत्ति के मालिकाना हक को लेकर है. यानी सवाल यह है कि परिवार की संपत्ति किसकी है, किस सदस्य का कितना अधिकार है और पहले हुए समझौतों से क्या वास्तव में सभी के आर्थिक हितों का बंटवारा हो चुका है?

लक्ष्मी का कहना है कि उन्हें परिवार की संपत्तियों, उनकी वैल्यू और अलग-अलग ट्रस्ट या कंपनियों के जरिए रखी गई हिस्सेदारी से जुड़ी पूरी जानकारी नहीं दी गई. उन्होंने अदालत से इन दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड तक पहुंच दिलाने की मांग की है. उनका पक्ष है कि जब तक संपत्ति की पूरी जानकारी सामने नहीं आएगी, तब तक अपने हिस्से का दावा सही तरीके से तय करना मुश्किल होगा.

2017, 2020 और 2024 के समझौतों में क्या हुआ था?

TVS परिवार के इस विवाद की जड़ें पिछले कई सालों में हुए पारिवारिक समझौतों से जुड़ी हैं. इस मामले में 2017, 2020 और 2024 के तीन समझौते अहम हैं. दोनों पक्ष इन समझौतों की कानूनी व्याख्या अलग-अलग तरीके से कर रहे हैं.

  • 2017 का समझौता: वेणु श्रीनिवासन की ओर से पेश वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने अदालत में दलील दी है कि परिवार के चारों सदस्यों ने 2017 में एक लिखित समझौते पर हस्ताक्षर किए थे. उनके मुताबिक, इस समझौते के जरिए पैतृक संपत्तियों का बंटवारा किया गया था और हिंदू अविभाजित परिवार यानी HUF को समाप्त कर दिया गया था. वेणु के पक्ष का तर्क है कि जब संयुक्त परिवार की संपत्ति का पहले ही बंटवारा हो चुका है, तो अब दोबारा विभाजन की मांग का आधार नहीं बनता.
  • 2020 का समझौता: 10 दिसंबर 2020 को TVS परिवार की अलग-अलग शाखाओं के बीच कारोबार और संपत्तियों के पुनर्गठन के लिए पारिवारिक समझौता हुआ था. यह व्यवस्था 4 फरवरी 2022 से प्रभावी हुई। इसके तहत बड़े TVS परिवार के अलग-अलग कारोबारी हित विभिन्न पारिवारिक शाखाओं को दिए गए. लक्ष्मी और उनकी मां का तर्क है कि यह समझौता बड़े TVS परिवार की अलग-अलग शाखाओं के बीच बंटवारे से जुड़ा था. इससे वेणु श्रीनिवासन की अपनी शाखा के भीतर लक्ष्मी और सुदर्शन के आर्थिक अधिकारों का अंतिम बंटवारा नहीं हुआ.
  • 2024 का समझौता: 20 मार्च 2024 को वेणु श्रीनिवासन, मल्लिका श्रीनिवासन, लक्ष्मी वेणु और सुदर्शन वेणु के बीच एक और समझौता हुआ। इस पर 21 मार्च को हस्ताक्षर की प्रक्रिया पूरी हुई. कंपनी को इसकी जानकारी 22 मार्च को दी गई थी. सार्वजनिक रूप से सामने आए विवरण के मुताबिक, इस समझौते में TVS ब्रांड के इस्तेमाल, कारोबार से जुड़ी जिम्मेदारियों और प्रतिस्पर्धी गतिविधियों पर कुछ पाबंदियों की व्यवस्था थी.

इसके तहत सुदर्शन को कुछ खास कारोबारों में TVS ट्रेडमार्क इस्तेमाल करने से रोका गया था. वहीं, मल्लिका और लक्ष्मी ने दोपहिया, तिपहिया और वित्तीय सेवाओं जैसे कुछ कारोबारों को लेकर प्रतिबंध स्वीकार किए थे. लक्ष्मी और उनकी मां का कहना है कि इस समझौते में पारिवारिक संपत्ति के मालिकाना हक का पूरा बंटवारा नहीं हुआ था. इसके उलट, वेणु का पक्ष इसे परिवार के बीच हुए समझौतों की पूरी कड़ी का हिस्सा मानता है.

5:95 के बंटवारे पर क्यों अटका पूरा विवाद?

  • लक्ष्मी के वकील सी. आर्यमा सुंदरम ने इंडिया टुडे से बातचीत में कहा कि उनकी मुवक्किल को तब झटका लगा, जब उन्हें प्रस्तावित बंटवारे में 5 फीसदी संपत्ति देने और उनके भाई सुदर्शन को 95 फीसदी हिस्सा देने की बात पता चली.
  • सुंदरम के मुताबिक, लक्ष्मी ने अपने पिता से इस प्रस्ताव का आधार और संपत्तियों के ब्योरे को लेकर सवाल किए, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला. उनका कहना है कि लक्ष्मी और उनकी मां ने करीब 18 महीने तक परिवार के भीतर बातचीत और मध्यस्थता के जरिए विवाद सुलझाने की कोशिश की.
  • लक्ष्मी शुरुआत से ही अदालत जाने के पक्ष में नहीं थीं... लेकिन जब उन्हें लगा कि पहले हुए समझौतों पर दोबारा चर्चा की कोई गुंजाइश नहीं है, तब उन्होंने कानूनी रास्ता चुना.
  • सुंदरम ने यह भी कहा कि लक्ष्मी अपने पिता का सम्मान करती हैं और आज भी समझौते के लिए तैयार हैं। उनके मुताबिक, अगर वेणु श्रीनिवासन या सुदर्शन वेणु बातचीत के लिए आगे आते हैं, तो लक्ष्मी तुरंत चर्चा की मेज पर बैठने को तैयार होंगी। उन्होंने 5 और 95 फीसदी के कथित बंटवारे को विवाद की बड़ी वजह बताया।
  • दूसरी तरफ, वेणु श्रीनिवासन के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा है कि परिवार के बीच पहले ही कई समझौते हो चुके हैं और अब मध्यस्थता की गुंजाइश नहीं बची है. उन्होंने इस स्थिति को समझाते हुए कहा था कि अब बातचीत का मौका निकल चुका है. इसी टिप्पणी के बाद लक्ष्मी के वकील ने दोहराया कि उनकी मुवक्किल अब भी आपसी सहमति से समाधान चाहती हैं.

वेणु श्रीनिवासन के पक्ष की दलील क्या है?

  • वेणु श्रीनिवासन के पक्ष का कहना है कि 2017, 2020 और 2024 में हुए समझौते परिवार के सभी सदस्यों की सहमति से किए गए थे. इसलिए अब उन्हें दोबारा खोलना उचित नहीं है.
  • वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने 2017 के समझौते का हवाला देते हुए कहा कि परिवार की पैतृक संपत्तियों का बंटवारा पहले ही हो चुका था और HUF भी समाप्त कर दिया गया था.
  • सिंघवी ने परिवार के कारोबारों के बंटवारे को लेकर एक पुरानी समझ का भी जिक्र किया. उनके मुताबिक, मल्लिका श्रीनिवासन से जुड़े ट्रैक्टर कारोबार को भविष्य में उन्हें या उनके परिवार को मिलना था, जबकि ऑटोमोबाइल कारोबार सुदर्शन वेणु को सौंपा जाना था.
  • वेणु के पक्ष ने यह भी दलील दी है कि ऑटोमोबाइल कारोबार में परिवार के अन्य सदस्यों की हिस्सेदारी खरीदने के लिए वेणु को करीब 2,000 करोड़ रुपये खर्च करने पड़े थे.
  • सिंघवी के मुताबिक, वेणु चाहते थे कि मल्लिका और लक्ष्मी भी इस अधिग्रहण में आर्थिक योगदान दें, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया. हालांकि, उनके वकील ने यह भी माना कि समझौते में उनके लिए योगदान देना अनिवार्य नहीं था. वेणु ने बाद में कर्ज लेकर यह रकम जुटाई और उस कर्ज का बोझ उनके परिवार की शाखा पर रहा.
  • वेणु के पक्ष का तर्क है कि कारोबार की वैल्यू समय के साथ बढ़ने के बाद पुराने समझौतों को चुनौती देना उचित नहीं है. उन्होंने VS Trust का भी हवाला दिया और कहा कि लक्ष्मी के बेटे को इसमें लाभार्थी बनाया गया है. हालांकि, इन दलीलों का अंतिम कानूनी महत्व क्या होगा, यह अदालत तय करेगी.

बेटी को पैतृक संपत्ति में कितना अधिकार मिलता है?

इस विवाद का एक अहम कानूनी पहलू हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम, 1956 और इसमें 2005 में किए गए संशोधन से जुड़ा है. इस संशोधन के बाद मिताक्षरा हिंदू अविभाजित परिवार (HUF) की पैतृक सहदायिक संपत्ति यानी Coparcenary Property में बेटियों को भी बेटों के बराबर अधिकार दिया गया. इसका मतलब है कि बेटी भी जन्म से सहदायिक बनती है और उसे बेटे की तरह संपत्ति में अधिकार और जिम्मेदारियां मिलती हैं. लेकिन इसका यह अर्थ नहीं है कि पिता की हर संपत्ति पर बेटी का अपने आप बराबर हिस्सा हो जाता है. कानून में पैतृक संयुक्त संपत्ति और खुद कमाई गई संपत्ति के बीच अंतर है.

कोई व्यक्ति सामान्य तौर पर अपनी स्व-अर्जित संपत्ति को लागू कानूनों और अन्य कानूनी दायित्वों के अधीन अपनी इच्छा से बांट सकता है. वहीं, पैतृक सहदायिक संपत्ति में पात्र सदस्यों के अधिकार अलग होते हैं. लक्ष्मी का पक्ष है कि जिन संपत्तियों के बंटवारे की मांग की गई है, उनमें संयुक्त परिवार की संपत्ति भी शामिल है. इसलिए उन्हें बेटी होने के आधार पर उनके अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता. दूसरी ओर, वेणु का पक्ष कहता है कि 2017 में HUF समाप्त हो चुका था और उसके बाद हुए समझौतों ने परिवार के आर्थिक हितों का निपटारा कर दिया था.

सुप्रीम कोर्ट ने भी स्पष्ट किया है कि 2005 के संशोधन के तहत बेटियों को पैतृक सहदायिक संपत्ति में समान अधिकार मिलता है. हालांकि, संशोधन से पहले पूरे हो चुके हर बंटवारे को अपने आप दोबारा नहीं खोला जा सकता. ऐसे मामलों में यह देखना जरूरी होता है कि पहले हुआ बंटवारा कानूनी रूप से वैध था या नहीं और उसके पर्याप्त दस्तावेज मौजूद हैं या नहीं. इसलिए मद्रास हाईकोर्ट के सामने केवल यह सवाल नहीं होगा कि बेटी को संपत्ति में बराबर अधिकार है या नहीं. अदालत को यह भी तय करना होगा कि संबंधित संपत्तियां वास्तव में संयुक्त परिवार की हैं या व्यक्तिगत, 2017 के समझौते का कानूनी प्रभाव क्या है और क्या 2020 व 2024 के समझौतों से बंटवारे की प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी.

मां मल्लिका श्रीनिवासन क्यों आईं बेटी के समर्थन में?

इस विवाद में मल्लिका श्रीनिवासन की भूमिका भी महत्वपूर्ण है. वह TAFE यानी Tractors and Farm Equipment Limited की चेयरपर्सन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। उन्होंने खुलकर अपनी बेटी लक्ष्मी का समर्थन किया है. मल्लिका का कहना है कि उनके लिए बेटा और बेटी दोनों बराबर हैं और लक्ष्मी का परिवार की संपत्ति में वैध हिस्सा है. मल्लिका ने कहा कि एक मां के तौर पर वह मानती हैं कि बेटी को भी परिवार की संपत्ति में उतना ही अधिकार मिलना चाहिए, जितना बेटे को. उन्होंने यह भी कहा कि वेणु की ओर से मिले जवाब में लक्ष्मी के कानूनी अधिकारों को मान्यता नहीं दी गई, जिसके कारण बेटी को अदालत जाना पड़ा.

हालांकि, इस मामले में TAFE की संपत्ति और TVS परिवार के भीतर वेणु श्रीनिवासन की शाखा की संपत्ति को एक नहीं समझना चाहिए. मल्लिका ने स्पष्ट किया है कि TAFE अमलगमेशंस ग्रुप का हिस्सा है, जो एक अलग कारोबारी समूह है और जिसमें उनकी हिस्सेदारी है. लक्ष्मी की मौजूदा कानूनी लड़ाई का केंद्र TAFE नहीं, बल्कि वेणु श्रीनिवासन की पारिवारिक शाखा की संयुक्त संपत्ति है.

TVS के कारोबार पर क्या असर पड़ सकता है?

यह विवाद इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि इसमें देश के बड़े कारोबारी समूहों में शामिल TVS से जुड़ी संपत्तियों का मामला है. TVS Motor Company देश की प्रमुख दोपहिया और तिपहिया वाहन निर्माता कंपनियों में से एक है. TVS Holdings के जरिए भी समूह के कई कारोबारों में हिस्सेदारी है. TVS Credit Services और Sundaram-Clayton जैसे नाम भी इस पारिवारिक संपत्ति विवाद से जुड़े हैं.

हालांकि, फिलहाल इस मुकदमे का सीधा संबंध कंपनियों के रोजमर्रा के कामकाज से नहीं है. विवाद परिवार के सदस्यों के बीच संपत्ति के मालिकाना हक और आर्थिक हिस्सेदारी का है. बड़े कारोबारी परिवारों में कई बार कंपनियों के शेयर, ट्रस्ट और होल्डिंग संस्थाओं के जरिए रखे जाते हैं. ऐसे में कंपनी का प्रबंधन कौन संभाल रहा है और संपत्ति का वास्तविक लाभार्थी कौन है, ये दोनों अलग-अलग बातें हो सकती हैं.

लक्ष्मी ने अदालत से संपत्तियों के दस्तावेज और वित्तीय जानकारी उपलब्ध कराने की मांग इसी वजह से की है. उनके वकील ने यह भी संकेत दिया है कि मुकदमे के दौरान ऐसी अंतरिम राहत मांगी जा सकती है, जिससे विवादित संपत्तियों में नए लाभार्थी हित बनाने या उनमें बदलाव करने पर रोक लगाई जा सके. इस मांग पर भी अदालत को विचार करना होगा.

अब आगे क्या होगा?

लक्ष्मी वेणु की याचिका 25 नवंबर को दाखिल हुई है और मद्रास हाईकोर्ट ने अभी इस मामले की सुनवाई नहीं की है. अदालत के सामने कई अहम सवाल होंगे;

  • विवादित संपत्तियां संयुक्त हिंदू परिवार की पैतृक संपत्ति हैं या व्यक्तिगत संपत्ति?
  • क्या 2017 के समझौते से HUF और संयुक्त संपत्ति का कानूनी रूप से बंटवारा हो चुका था?
  • 2020 और 2024 के समझौतों ने परिवार के सदस्यों के आर्थिक अधिकारों का अंतिम निपटारा किया था या नहीं?
  • क्या लक्ष्मी को इन संपत्तियों में बेटे के बराबर हिस्सा मिल सकता है?
  • क्या उन्हें संपत्तियों से जुड़े वित्तीय दस्तावेज और मालिकाना हक की जानकारी उपलब्ध कराई जानी चाहिए?

इन सवालों के जवाब से ही तय होगा कि लक्ष्मी की बंटवारे की मांग कानूनी रूप से कितनी मजबूत है. फिलहाल दोनों पक्षों की दलीलें सामने हैं, लेकिन किसी भी दावे पर अदालत की मुहर नहीं लगी है.

कुल मिलाकर, TVS परिवार का यह विवाद केवल भाई-बहन के बीच संपत्ति के बंटवारे का मामला नहीं है. यह इस बात की भी परीक्षा है कि बड़े कारोबारी परिवारों में वर्षों पहले हुए समझौतों की कानूनी वैधता क्या होगी और बदलते समय में बेटियों के पैतृक संपत्ति के अधिकार किस तरह तय किए जाएंगे. लक्ष्मी की ओर से बातचीत का रास्ता खुला रखने की बात कही गई है, लेकिन अंतिम फैसला अब अदालत की सुनवाई और दोनों पक्षों के सबूतों पर निर्भर करेगा.

अगला लेख