Begin typing your search...

पुणे-जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन, नेपाल भागने की प्लानिंग, एक रैपिडो राइडर, कोटा में कैसे पकड़े गए Tiger Shroff पर फायरिंग के तीनों आरोपी, हर डिटेल

टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में फायरिंग के मामले में कोटा पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है. पुलिस को शुरुआती पूछताछ में दिल्ली होकर नेपाल भागने की योजना और अनिल पंडित से संपर्क की जानकारी मिली है.

पुणे-जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन, नेपाल भागने की प्लानिंग, एक रैपिडो राइडर, कोटा में कैसे पकड़े गए Tiger Shroff पर फायरिंग के तीनों आरोपी, हर डिटेल
X

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में हुई फायरिंग के मामले में कोटा पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है. इनमें हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला रेहान उर्फ सुक्का, बिहार के बेगूसराय का रहने वाला ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन और एक नाबालिग शामिल है.

कोटा की एसपी तेजस्वनी गौतम के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि फायरिंग के मामले में शामिल तीनों संदिग्ध ट्रेन से कोटा पहुंचने वाले हैं. इसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया. अब तीनों को आगे की पूछताछ और जांच के लिए मुंबई पुलिस को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है.

कैसे पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी?

कोटा की एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब 9:45 बजे संदिग्धों के ट्रेन से कोटा पहुंचने की सूचना मिली थी. जानकारी मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई. पुलिस ने रेलवे स्टेशन के निकास द्वारों, प्लेटफॉर्म और अन्य संभावित स्थानों पर निगरानी बढ़ाई. एसपी के अनुसार, पुलिस टीम ने करीब 15 मिनट के भीतर जाल बिछाकर ट्रेन की तलाशी ली और तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया. वे पुणे-जयपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रहे थे. कोटा सिटी पुलिस की इस कार्रवाई के बाद तीनों को हिरासत में ले लिया गया.

कहां के रहने वाले हैं आरोपी?

पकड़े गए संदिग्धों में रेहान उर्फ सुक्का हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है. ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन बिहार के बेगूसराय का निवासी है और पिछले कुछ वर्षों से मुंबई में रह रहा था. तीसरा संदिग्ध नाबालिग है.

दिल्ली होकर नेपाल भागने की थी योजना?

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में पता चला कि तीनों संदिग्धों की योजना ट्रेन से दिल्ली पहुंचने और वहां से नेपाल की ओर भागने की थी. इसी दौरान कोटा रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया. एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि तीनों को अभी हिरासत में रखा गया है और उन्हें जल्द मुंबई पुलिस के हवाले किया जाएगा. उनके मुताबिक, आरोपियों से विस्तृत पूछताछ के बाद मामले में और जानकारी सामने आ सकती है.

पुलिस को अब तक आरोपियों के पास से हथियार बरामद नहीं हुए हैं. एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियारों का क्या किया गया और वे कहां हैं. हथियारों की बरामदगी और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

अनिल पंडित से संपर्क का दावा?

इस मामले में अनिल पंडित का नाम भी सामने आया है. कोटा एसपी के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में पता चला कि संदिग्ध रेहान पहले अनिल पंडित के संपर्क में था. पुलिस के अनुसार, अनिल पंडित का संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से बताया जा रहा है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, अनिल पंडित के अमेरिका में सक्रिय होने का संदेह जताया गया है. हालांकि, उसके ठिकाने और हमले में उसकी कथित भूमिका को लेकर जांच के निष्कर्ष सामने आना अभी बाकी है.

क्या काम करते हैं आरोपी?

एसपी ने यह भी बताया कि तीनों संदिग्धों में से एक रैपिडो राइडर है, जबकि रेहान और दूसरे संदिग्ध के सोनीपत में मजदूरी करने की जानकारी सामने आई है. उनकी भूमिकाओं और आपसी संपर्कों के बारे में विस्तृत पूछताछ के बाद ही स्पष्टता आ सकेगी.

क्या पहले भी किसी के खिलाफ मामला दर्ज?

कोटा एसपी ने शुरुआती पूछताछ का हवाला देते हुए बताया कि हिरासत में लिए गए तीन संदिग्धों में से दो के खिलाफ पहले से एक-एक मामला दर्ज होने की जानकारी मिली है. इनमें से एक मामला चोरी से संबंधित है, जबकि दूसरा आर्म्स एक्ट के तहत बताया गया है. एसपी के मुताबिक, मुंबई पुलिस को संदिग्ध सौंपे जाने के बाद उनसे विस्तार से पूछताछ की जाएगी. फिलहाल, शुरुआती पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.

अब जांच में सबसे अहम सवाल यह है कि फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार कहां हैं, तीनों संदिग्धों की घटना में क्या भूमिका थी और अनिल पंडित से उनके संपर्क का इस मामले से क्या संबंध है. इन सवालों के जवाब विस्तृत पूछताछ और आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे.

अगला लेख