जन्म देने वाले मां-बाप ही निकले हत्यारे, 26 साल के लड़के को जबरन पिलाया एसिड फिर आत्महत्या की बनाई कहानी, ऐसे खुली पोल
गुजरात के राजकोट जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जहां 26 साल के लड़के को उसके माता-पिता ने जबरन एसिड पिलाया और फिर गला घोंटकर हत्या कर दी. अब पुलिस ने दोनों का गिरफ्तार कर लिया है.
मां-पिता ने बच्चे को जबरन पिलाया एसिड
जिस बेटे को जन्म दिया, उसी की मौत के मामले में अब उसके माता-पिता ही हत्या के आरोपी बन गए हैं. गुजरात के राजकोट से सामने आए इस मामले ने सभी को हैरान कर दिया. शुरुआत में परिवार ने इसे आत्महत्या बताया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरी कहानी बदल दी.
जांच में सामने आया कि 26 साल के युवक की मौत आत्महत्या से नहीं, बल्कि गला घोंटने से हुई थी. पुलिस का आरोप है कि शराब पीने की आदत को लेकर हुए विवाद के दौरान बेटे को पहले जबरन एसिड पिलाया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई. इसके बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट और जांच ने सच्चाई सामने ला दी.
30 जून को हुई थी युवक की मौत
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 26 साल के राम भरवाड़ के रूप में हुई है, जो राजकोट जिले के गोंडल तालुका के गुंडाला गांव का रहने वाला था. उसकी मौत 30 जून को हुई थी. शुरुआत में घरवालों ने इसे आत्महत्या का मामला बताया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा
जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह सामने आया कि युवक की मौत गला दबाने से हुई थी. रिपोर्ट में मिले तथ्यों का परिवार द्वारा बताए गए आत्महत्या के दावे से मेल नहीं हुआ. इसके बाद पुलिस ने माता-पिता से दोबारा पूछताछ की. अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में दोनों के बयान बदलते रहे और सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने कथित तौर पर हत्या की बात कबूल की है.
क्यों हुआ था विवाद?
पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की शराब पीने की आदत को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था. घटना वाले दिन भी इसी बात पर कहासुनी हुई. आरोप है कि विवाद के दौरान माता-पिता ने पहले बेटे को जबरन एसिड पिलाया और बाद में उसका गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई.
पत्नी की शिकायत के बाद दर्ज हुआ केस
पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मृतक की पत्नी ने अपने सास-ससुर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या, एसिड से गंभीर चोट पहुंचाने और समान मंशा के तहत अपराध करने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया. इसके बाद शुक्रवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.




