अचानक बदला मौसम, दिल्ली-एनसीआर में चमक-गरज के साथ बरसे बादल, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
दिल्ली में रविवार सुबह हल्की बारिश और ठंडी हवाओं से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण देश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं.
भीषण गर्मी से तंग आ चुके उत्तर भारत के लोगों के लिए आज मौसम ने अचानक एक बड़ा बदलाव लाया है. खासकर दिल्ली में रविवार यानी 15 मार्च की सुबह कई इलाकों में हल्की बारिश हो गई. आसमान में बादल छाए हुए हैं, ठंडी हवाएं चल रही हैं और लोगों को गर्मी से थोड़ी बहुत राहत महसूस हो रही है।पिछले कुछ दिनों से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में तापमान बहुत ज्यादा बढ़ गया था. कई जगहों पर मार्च में ही मई-जून जैसी गर्मी पड़ रही थी.
दिल्ली में अधिकतम तापमान 35-38 डिग्री तक पहुंच गया था, जो सामान्य से काफी ज्यादा था. लोग पसीने से तरबतर हो रहे थे और लू जैसी स्थिति बन रही थी. लेकिन अब मौसम विभाग (IMD) की भविष्यवाणी के अनुसार एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के कारण बदलाव आया है. इसी वजह से दिल्ली में आज सुबह हल्की बारिश हुई और गरज-चमक के साथ बूंदें गिरीं. दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र पर आज न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री ज्यादा है.
सुबह महसूस हुई ठंड
पालम और लोधी रोड जैसे इलाकों में तो यह 16.6 डिग्री तक नीचे आ गया यानी रात और सुबह काफी ठंडक महसूस हुई. मौसम विभाग ने दिल्ली में 'येलो अलर्ट' जारी किया था, जिसमें हल्की बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई थी. आज और कल यानी 15 और 16 मार्च को हवाएं 45 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. इससे गर्मी और लू से राहत मिलने की पूरी उम्मीद है. आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आ सकती है.
पूर्वी और मध्य भारत (बिहार, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ आदि):
यहां 14 से 18 मार्च तक कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है और हवाएं 30 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी. 16 मार्च को झारखंड और ओडिशा में, 16-17 को छत्तीसगढ़ में और 17-18 को विदर्भ में कहीं-कहीं तेज हवाओं के झोंके (50-60 किमी/घंटा, कुछ जगह 70 तक) चल सकते हैं. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 14 और 16 मार्च को भारी बारिश की भी संभावना है.
पूर्वोत्तर भारत (असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड आदि):
अगले 5-6 दिनों में अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में गरज-चमक के साथ हल्की-मध्यम बारिश जारी रह सकती है. 14-15 मार्च को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश हो सकती है। हवाएं 30-50 किमी/घंटा तक चलेंगी. अरुणाचल में 14-16 मार्च को भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना ज्यादा है. असम में 14 और 16 मार्च को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.
दक्षिण भारत (तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल):
15 से 18 मार्च तक तेलंगाना में बारिश हो सकती है. 16 मार्च को तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है, साथ में तेज हवाएं भी चलेंगी. 17-18 मार्च को दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में हल्की-मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30-40 किमी/घंटा की हवाएं चल सकती हैं. केरल में 15-16 मार्च और तमिलनाडु-रायलसीमा में 17-18 मार्च को गरज के साथ बारिश हो सकती है.
पश्चिमी भारत (गुजरात):
18 और 19 मार्च को गुजरात में गरज-चमक के साथ हल्की-मध्यम बारिश की संभावना है।गर्मी और लू की चेतावनी. कुछ इलाकों में अभी भी गर्मी जारी है। 14 मार्च को विदर्भ, झारखंड और ओडिशा में उष्ण लहर (हीटवेव) चलने की संभावना थी। कोंकण, गोवा, केरल में गर्म और उमस भरा मौसम रहा। लेकिन बारिश के कारण अब कई जगहों पर राहत मिल रही है.




