Aaj Ki Taza Khabar: दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-4 फिर से लागू, 450 के पार पहुंचा AQI; पढ़ें 17 जनवरी की बड़ी खबरें
Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. शनिवार 17 जनवरी 2026 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्या-क्या खास रहा, साथ ही हर बड़ी खबर को जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.
Live Updates
- 17 Jan 2026 9:24 PM
DGCA ने एयर इंडिया पर लगाया ₹22.2 करोड़ का जुर्माना
डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने दिसंबर में बड़े पैमाने पर हुई गड़बड़ी के लिए एयरलाइन पर ₹22.2 करोड़ का जुर्माना लगाया है, रेगुलेटर ने शनिवार को एक बयान में यह जानकारी दी. यह जुर्माना एयरलाइन रेगुलेटर द्वारा 3-5 दिसंबर के बीच बड़े पैमाने पर हुई गड़बड़ी की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित करने के एक महीने से ज़्यादा समय बाद लगाया गया है. इंडिगो की 2,507 उड़ानें रद्द हुई थीं और 1,852 उड़ानों में देरी हुई थी.
- 17 Jan 2026 8:58 PM
दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-4 लागू
दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर वायु प्रदूषण ने खतरनाक स्तर छू लिया है. एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के 450 के करीब पहुंचने और ‘Severe+’ श्रेणी में जाने के संकेत मिलने के बाद प्रशासन ने ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP-4 ) के तहत सबसे सख्त पाबंदियां दोबारा लागू कर दी हैं. शनिवार को राजधानी और आसपास के इलाकों में स्मॉग की घनी चादर छाई रही, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, कई इलाकों में AQI 430 से 450 के बीच दर्ज किया गया, जिसे स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद गंभीर माना जाता है.
- 17 Jan 2026 8:02 PM
कांग्रेस ने पूर्वोत्तर को नजरअंदाज किया, BJP ने दिल्ली–असम की दूरी घटाई: PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुवाहाटी में कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक असम और पूर्वोत्तर की उपेक्षा की और राजनीतिक लाभ के लिए राज्य को मुश्किलों में डाला. उन्होंने दावा किया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार उन गलतियों को सुधार रही है. पीएम मोदी ने बोडो क्षेत्रों के लिए 1500 करोड़ रुपये के विकास पैकेज, कोकराझार में मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, अलग कल्याण विभाग तथा बोडो लैंड एडमिनिस्ट्रेटिव स्टाफ कॉलेज की स्थापना का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि असम अब देश के सबसे तेजी से बढ़ते राज्यों में उभर रहा है.
- 17 Jan 2026 6:57 PM
बांग्लादेश में एक और हिंदू युवक की हत्या
बांग्लादेश में एक और हिंदू युवक की हत्या हो गई है. व्यापारी लिटन चंद्र घोष को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला.
- 17 Jan 2026 6:44 PM
महुआ मोइत्रा बोलीं- बंगाल में 1.3 करोड़ वोटरों को डिलीट करने की हो रही साजिश
तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया है कि चुनाव आयोग ने बिना लिखित आदेश के एक सॉफ्टवेयर प्रक्रिया के जरिए पश्चिम बंगाल में 1.3 करोड़ वोटरों को 'लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी' कैटेगरी में डाल दिया है. TMC का दावा है कि नाम, उम्र और पारिवारिक विवरण के बहाने वोटरों को डिलीट करने की तैयारी है. पार्टी ने इसे केवल बंगाल में लागू किया गया उत्पीड़न का औजार बताया. CEO बंगाल कार्यालय ने सीमित अधिकार बताते हुए मामला CEC तक पहुंचाने की बात कही है.
- 17 Jan 2026 6:40 PM
गुवाहाटी के सरुसजाई स्टेडियम में बोडो सांस्कृतिक महोत्सव, प्रधानमंत्री मोदी हुए शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के गुवाहाटी स्थित सरुसजाई स्टेडियम में आयोजित पारंपरिक बोडो सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘Bagurumba Dwhou 2026’ में शिरकत की. यह कार्यक्रम बोडो समुदाय की सांस्कृतिक विरासत, लोकनृत्य और परंपराओं को समर्पित है. पीएम मोदी की मौजूदगी को पूर्वोत्तर भारत की सांस्कृतिक पहचान और समावेशी विकास के संदेश के रूप में देखा जा रहा है..
- 17 Jan 2026 5:36 PM
सुखबीर बादल ने आतिशी की सदस्यता रद्द करने को लेकर दिल्ली विधानसभा स्पीकर को लिखा खत
सुखबीर सिंह बादल ने दिल्ली विधानसभा के स्पीकर को खत लिखा है. इसके जरिए उन्होंने पूर्व सीएम आतिशी की सदस्यता रद्द करने की मांग की है.
- 17 Jan 2026 5:25 PM
गंगा के ऊपर बनेगा दो मंज़िला घाट, वाराणसी में शवदाह व्यवस्था पर योगी सरकार का बड़ा प्लान
वाराणसी में गंगा तट के पुनर्विकास और आधुनिक शवदाह व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने बताया कि गंगा के अधिकतम बाढ़ स्तर से ऊपर दो स्तरों पर कुल 37 प्लेटफॉर्म बनाए जा रहे हैं. अंतिम संस्कार, श्रद्धालुओं की आवाजाही और लकड़ी भंडारण के लिए सुव्यवस्थित मैनेजमेंट सिस्टम तैयार किया जा रहा है. परियोजना में प्रतीक्षालय, पेयजल, चेंजिंग रूम, व्यूइंग गैलरी के साथ-साथ धार्मिक स्थलों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया गया है.
- 17 Jan 2026 4:36 PM
ओवैसी बोले- ईरान का चाबहार पोर्ट भारत के लिए बेहद अहम
हैदराबाद में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने ईरान के चाबहार पोर्ट को भारत के लिए रणनीतिक रूप से बेहद अहम बताया. उन्होंने कहा कि भारत ने पहले ही ईरान को धन हस्तांतरित कर दिया था, क्योंकि उसे संभावित प्रतिबंधों का अंदेशा था. ओवैसी के मुताबिक, चाबहार पोर्ट से भारत को अफगानिस्तान और मध्य एशियाई देशों तक सीधी पहुंच मिलती है. उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार किसी भी अंतरराष्ट्रीय दबाव के आगे नहीं झुकेगी.
- 17 Jan 2026 4:03 PM
हर की पौड़ी में गैर-हिंदुओं की एंट्री बैन पर ओवैसी का हमला: बोले - यह संविधान और समानता के अधिकार के खिलाफ
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने हरिद्वार के हर की पौड़ी में गैर-हिंदुओं की एंट्री पर रोक को लेकर कड़ा विरोध जताया. उन्होंने कहा कि इस तरह के फैसले संविधान और समानता के मौलिक अधिकार के खिलाफ हैं. ओवैसी ने सवाल उठाया कि अगर लगातार ऐसे कानून बनाए जाएंगे तो देश का भविष्य क्या होगा. उन्होंने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) का ज़िक्र करते हुए कहा कि वहां भी धर्म की घोषणा करवाई जाती है. साथ ही उन्होंने उत्तराखंड में एंजेल चकमा की हत्या का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अब उस पर कोई बात नहीं कर रहा और सब उसे भूल चुके हैं.




