परिवार ने छोड़ा साथ-डिप्रेशन में भी रहे... आखिर कैसे हुआ एक्टर का ऐसा हाल, Sharad Kapoor को कितना जानते हैं आप, इंडस्ट्री ने कितना खोला दरवाजा?
फिल्म 'जोश' में विलेन बनकर मशहूर हुए अभिनेता शरद कपूर इन दिनों जिंदगी के मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं. सेहत की परेशानी और काम की कमी के बीच वह बॉलीवुड में वापसी करना चाहते हैं. हाल ही में उनका वीडियो वायरल हुआ, जिसके बाद सोनू सूद ने इलाज में मदद की और सोशल वर्कर राहुल गुप्ता ने आर्थिक सहायता देकर उनका साथ दिया.
बॉलीवुड में कई ऐसे कलाकार हैं,जिन्होंने अपनी एक्टिंग से खूब नाम कमाया, लेकिन समय के साथ फिल्मों से दूर होते चले गए. ऐसे ही एक अभिनेता हैं शरद कपूर. फिल्म 'जोश' में विलेन का किरदार निभाकर मशहूर हुए शरद आज अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं. वह पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों और डिप्रेशन से जूझने की बात कह चुके हैं. अब वह दोबारा फिल्मों में काम करना चाहते हैं.
हाल ही में उनका काम मांगते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. इसके बाद सोनू सूद ने उनके इलाज में मदद की पहल की. वहीं, सोशल वर्कर राहुल गुप्ता ने मुंबई एयरपोर्ट पर उनसे मुलाकात कर आर्थिक मदद भी दी. आइए जानते हैं कौन हैं शरद कपूर और कैसा रहा है उनका फिल्मी सफर.
कौन हैं शरद कपूर?
शरद कपूर का जन्म 13 फरवरी 1976 को कोलकाता में हुआ. उन्हें बचपन से ही फिल्मों और एक्टिंग में दिलचस्पी थी. इसी शौक को पूरा करने के लिए उन्होंने बॉलीवुड का रुख किया. साल 1994 में उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की. शुरुआती दिनों में उन्हें छोटे-बड़े रोल मिले, लेकिन उन्होंने लगातार काम किया और धीरे-धीरे अपनी पहचान बनाई.
शरद कपूर को साल 1996 में आई फिल्म 'दस्तक' से पहचान मिली. इसके बाद साल 2000 में शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय की फिल्म 'जोश' उनके करियर के लिए बड़ा मोड़ साबित हुई. इस फिल्म में उन्होंने प्रकाश शर्मा नाम के विलेन का किरदार निभाया था. उनका यह नेगेटिव रोल दर्शकों को काफी पसंद आया. इसी फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड में बेस्ट विलेन कैटेगरी में नॉमिनेशन भी मिला.
इसके बाद शरद ने कई फिल्मों में काम किया. इनमें 'जानी दुश्मन: एक अनोखी कहानी', 'एलओसी कारगिल' और 'लक्ष्य' जैसी फिल्में शामिल हैं. उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर अपनी एक्टिंग का हुनर दिखाया.
फुटबॉल खेलने का है शौक, पालतू कुत्तों से प्यार
शरद कपूर को फुटबॉल खेलने का काफी शौक है. उन्हें खाली समय में खेलना पसंद है. हाल ही में उन्होंने बताया कि बार्सिलोना में फुटबॉल खेलने के दौरान उन्हें पैर में गंभीर चोट लग गई थी. वहां एक खिलाड़ी से टक्कर होने के कारण उनकी चोट लग गई थी. उस समय वह खुद को मेसी की तरह एक तेज खिलाड़ी समझ रहे थे, लेकिन खेल के दौरान यह हादसा हो गया.
इसके अलावा उन्हें जानवरों से भी बहुत लगाव है. उनके पास चार पालतू कुत्ते हैं,जिनके नाम जोश, रिबेल, स्टार और पैंथर हैं. स्वास्थ्य खराब होने के कारण उन्हें कुछ समय के लिए अपने कुत्तों को एक संस्था की देखरेख में भेजना पड़ा. यह फैसला उनके लिए आसान नहीं था.
2024 था एक मुश्किल दौर
शरद कपूर की जिंदगी में साल 2024 भी काफी मुश्किल रहा. इस दौरान एक महिला ने उन पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे. इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी. हालांकि, शरद ने इन आरोपों को गलत बताया था. बाद में अभिनेता ने कहा कि इस पूरे मामले का उनकी मानसिक स्थिति पर बुरा असर पड़ा और वह डिप्रेशन में चले गए. उन्होंने यह भी बताया कि इस दौरान उनकी जिंदगी में कई तरह की परेशानियां आईं. शरद ने बताया कि उनके परिवार वाले उन्हें कभी-कभी फोन करते हैं.
दोबारा काम करना चाहते हैं शरद
शरद कपूर इन दिनों फिर से फिल्मों में काम करने की कोशिश कर रहे हैं. हाल ही में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह बॉलीवुड के लोगों से काम देने की अपील करते नजर आए. उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के सीनियर कलाकारों और सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन से भी मदद मांगी. उनका कहना है कि वह फिर से एक्टिंग करना चाहते हैं और अच्छे प्रोजेक्ट में काम करने के लिए तैयार हैं. शरद ने यह भी साफ किया कि उनकी अपील सिर्फ आर्थिक मदद के लिए नहीं है. वह चाहते हैं कि उन्हें काम मिले, ताकि वह अपने पैरों पर खड़े होकर दोबारा अपना करियर शुरू कर सकें.
राहुल गुप्ता ने की मदद
इसी बीच शरद कपूर का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है. इस वीडियो में वह मुंबई एयरपोर्ट पर दिखाई दे रहे हैं. यहां सोशल वर्कर राहुल गुप्ता ने उनसे मुलाकात की और आर्थिक मदद के तौर पर उन्हें पैसे दिए. वीडियो में राहुल गुप्ता शरद को पैसे देते नजर आ रहे हैं. वहीं, अभिनेता भी बिना किसी झिझक के उनकी मदद स्वीकार करते दिखाई देते हैं.राहुल गुप्ता ने इस तरह मुश्किल समय में शरद का साथ देने की कोशिश की. उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग भी अभिनेता की मदद के लिए आगे आने की बात कह रहे हैं.
सोनू सूद ने इलाज के लिए बढ़ाया हाथ
शरद कपूर की परेशानी जानने के बाद अभिनेता सोनू सूद भी उनकी मदद के लिए आगे आए हैं. हाल ही में सोनू ने शरद से मुलाकात की और उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोनू सूद ने उनके पैर के इलाज के लिए मेडिकल टीम की व्यवस्था कराई है. सामने आए वीडियो में सोनू शरद के पास बैठकर उनसे बातचीत करते नजर आ रहे हैं.इसके अलावा सलमान खान और अमिताभ बच्चन ने भी मदद का हाछ आगे बढ़ाया है.
शरद कपूर आज 50 साल के हैं और एक बार फिर अभिनय की दुनिया में लौटना चाहते हैं. एक समय बड़े पर्दे पर अपनी पहचान बनाने वाले इस अभिनेता के लिए अब सबसे बड़ी चुनौती अपनी सेहत ठीक करना और दोबारा काम हासिल करना है. उन्हें उम्मीद है कि फिल्म इंडस्ट्री के लोग उनका साथ देंगे और उन्हें फिर से अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा




