Begin typing your search...

Musafir Cafe: इश्क में अपने सपनों को छोड़ देना कितना सही, चंदर-सुधा की Love Story में विलेन कौन?

Musafir Cafe Review: चंदर और सुधा की प्रेम कहानी इश्क, करियर और सपनों के बीच संघर्ष दिखाती है. जानिए क्यों यह कहानी रिश्तों पर बड़ा सवाल उठाती है.

Musafir Cafe: इश्क में अपने सपनों को छोड़ देना कितना सही, चंदर-सुधा की Love Story में विलेन कौन?
X
सागर द्विवेदी
सागर द्विवेदी7 Mins Read

Updated on: 11 Aug 2026 8:30 AM IST

कुछ इश्क ऐसे होते हैं जिनमें मोहब्बत कम और खुद से सवाल ज्यादा होते हैं...क्या किसी के साथ जिंदगी बिताने के लिए अपने ख्वाबों को तहखाने में बंद कर देना चाहिए? या फिर मोहब्बत का असली इम्तिहान यही है कि सामने वाले को उसकी मंजिल तक पहुंचने दिया जाए? ‘मुसाफिर कैफे’ देखते हुए मेरे जेहन में बार-बार यही सवाल घूमता रहा.

हर इंसान की जिंदगी में कोई न कोई ख्वाब जरूर होता है. किसी को पहाड़ों के बीच एक छोटा-सा कैफे खोलना है, किसी को बड़े शहर में अपनी पहचान बनानी है और किसी को बस इतना चाहिए कि उसकी जिंदगी उसके अपने फैसलों से चले. लेकिन फिर जिंदगी में मोहब्बत दस्तक देती है. और यहीं से असली पेंच शुरू होता है. क्या प्यार के लिए अपने सपनों से कॉम्प्रोमाइज करना मोहब्बत है या खुद के साथ नाइंसाफी?

नेटफ्लिक्स पर मौजूद 'मुसाफिर कैफे' इसी सवाल को एक दिलचस्प, थोड़ी मीठी और थोड़ी कड़वी कहानी में बदल देती है. कहानी तीन ऐसे किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनके दिल में अपने-अपने ख्वाब हैं, लेकिन जिंदगी उन्हें एक ऐसे चौराहे पर लाकर खड़ा कर देती है जहां इश्क और ख्वाब आमने-सामने खड़े नजर आते हैं.

चंदर और सुधा: इश्क तो था, मगर मंजिलें अलग थीं

कहानी के केंद्र में हैं चंदर मोहन शर्मा और सुधा त्रिपाठी. दोनों दोस्त बनते हैं, फिर दोस्ती धीरे-धीरे इश्क में तब्दील हो जाती है. यानी वही पुराना फॉर्मूला—पहले बातें, फिर मुलाकातें और फिर दिल का यह कहना कि 'जनाब, अब मामला हाथ से निकल चुका है.' सुधा एक आजाद-ख्याल और अपने करियर को लेकर बेहद संजीदा लड़की है. वह तलाक की वकील है और उसका सपना मुंबई में अपनी एक मजबूत लॉ फर्म खड़ी करना है. वह जिंदगी को अपनी शर्तों पर जीना चाहती है.

दूसरी तरफ चंदर है. उसका सपना चमचमाती कॉरपोरेट बिल्डिंग या मोटी तनख्वाह नहीं है. उसे पहाड़ चाहिए, किताबें चाहिए, राहगीरों से गुफ्तगू करनी है और एक ऐसा कैफे खोलना है जहां चाय की प्याली के साथ दो चार शेर भी मुफ्त मिलें. यानी सुधा को मुंबई चाहिए और चंदर को पहाड़. इश्क दोनों के बीच था, लेकिन मंजिलें दो थीं.

जब प्यार में आदमी अपना सपना छोटा करने लगे...

कहानी का सबसे दिलचस्प हिस्सा तब आता है जब सुधा को मुंबई में नौकरी का मौका मिलता है. चंदर को लगता है कि अगर सुधा मुंबई जा रही है तो उसे भी उसके साथ जाना चाहिए. यहां चंदर का फैसला देखने में बेहद रोमांटिक लगता है. “तुम जहां, मैं वहां...” लेकिन सुधा को ये बकवास लगता है और कहती है तुम्हारे सपने पहाड़ों में मेरे अलग हैं और सुधा कहती है मैं मिलने आया करूंगी. लेकिन जब बार चंदर शादी के लिए कहने लगता है तो सुझा सोचती है कि चंदर उसके प्यार में अपने सपने की गर्दन दबा रहा है. चंदर कहता है कि बड़े शहर में उसे नौकरी मिल जाएगी, वह उसके साथ रहेगा, सब ठीक हो जाएगा. लेकिन सुधा का सवाल इससे कहीं ज्यादा बड़ा है. अगर तुमने मेरे लिए अपना सपना छोड़ दिया तो कल इस फैसले का इल्जाम भी मुझ पर ही आएगा और यहीं ‘मुसाफिर कैफे’ महज प्रेम कहानी से निकलकर रिश्तों की असली अदालत में पहुंच जाती है.

क्या प्यार का मतलब है-'तुम्हारे लिए सब छोड़ दूंगा'?

हमारी फिल्मों ने मोहब्बत का एक बड़ा खूबसूरत, मगर कभी-कभी खतरनाक नैरेटिव बनाया है. हीरो कहता है-'तुम्हारे लिए दुनिया छोड़ दूंगा.' हीरोइन कहती है- 'तुम्हारे बिना जिंदगी अधूरी है.' तालियां बजती हैं, बैकग्राउंड में संगीत बजता है और हमें लगता है कि इससे खूबसूरत प्यार हो ही नहीं सकता. लेकिन जरा जिंदगी की खिड़की खोलकर देखिए. अगर कोई इंसान आपके लिए अपना सपना छोड़ देता है, तो क्या आप जिंदगी भर उसके उस फैसले का बोझ उठा पाएंगे? मोहब्बत में साथ चलना खूबसूरत है, लेकिन किसी के लिए अपनी पूरी पहचान मिटा देना शायद मोहब्बत नहीं, आत्मसमर्पण है और सुधा इसी बात को समझती है.

चंदर की डायरी से निकला ‘मुसाफिर कैफे’

सुधा जब चंदर की सपनों वाली डायरी देखती है तो उसके ख्वाबों को सिर्फ पढ़ती नहीं, उन्हें समझने की कोशिश भी करती है. वह चंदर के उस सपने को एक नाम देती है- 'मुसाफिर कैफे.' एक ऐसा ठिकाना जहां मुसाफिर आएं, कुछ देर ठहरें, चाय पिएं, अपनी कहानी सुनाएं और फिर अपनी मंजिल की तरफ निकल जाएं. शायद यही इस कहानी का सबसे खूबसूरत रूपक भी है. कुछ लोग जिंदगी में मंजिल बनने नहीं, मुसाफिर बनकर आते हैं. वे आपको रास्ता दिखाते हैं, आपके भीतर दबे ख्वाबों को आवाज देते हैं और फिर किसी मोड़ पर खुद अलग रास्ता पकड़ लेते हैं.

फिर सुधा चली गई...और चंदर बन गए देवदास!

अब कहानी में इश्क का वह हिस्सा आता है जिसे देखकर मन कहता है-'भाई साहब, इतना भी क्या गम!' सुधा अपने सपने के पीछे चली जाती है और चंदर दिल के जख्म को शराब के गिलास में घोलने लगते हैं. दाढ़ी बढ़ती है, दर्द बढ़ता है और जनाब का अंदाज थोड़ा देवदास, थोड़ा कबीर सिंह टाइप हो जाता है. लेकिन कहानी का असली ट्विस्ट यही है कि चंदर आखिरकार अपने टूटे दिल को अपनी ताकत बना लेते हैं. वह अपने पुराने सपने की तरफ लौटते हैं.

मुसाफिर कैफे का सपना सच करने की ओर चल देता है. यानी जिस सपने को कभी सुधा के साथ जाने के लिए छोड़ने वाले थे, वही सपना आखिरकार उन्हें खुद तक वापस ले आता है. लेकिन यहां कहानी एक और आईना दिखाती है... चंदर की जिंदगी में अब प्रीति आती हैं. प्रीति, जो चंदर से मोहब्बत करती हैं और उनके लिए कॉम्प्रोमाइज कर रही है हालांकि उसे बीच-बीच चंदन कहता है कि तुम भी अपने सपने को किसी के लिए कॉम्प्रोमाइज मत करना. चंदर का सपना पहाड़ों के बीच कैफे खोलना और सुधा का सपना लॉ फर्म का सच हो गया लेकिन कहानी अभी भी जोर का झटका बाकी है वो हैं सुधा का नया आशिक विनीत और चंदर की वर्तमान प्रेमिका प्रीति का सपना जो दूसरी सीरीज में इन दोनों की मोहम्मद मुकब्बल होती नजर आएगी.

अगला लेख