व्हाइट हाउस में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के सम्मान में हुए राजकीय भोज की तस्वीरों में एक ऐसी चीज नजर आई, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. डिनर टेबल पर जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन के सामने थर्मस की बोतलें रखी दिखाई दीं, जिसके बाद चीनी सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा होने लगी.

अब सवाल उठ रहा है कि आखिर इस थर्मस में क्या था और इसे साथ रखने की जरूरत क्यों पड़ी? माना जा रहा है कि इसमें गर्म पानी या पारंपरिक चीनी जड़ी-बूटियों वाली ड्रिंक हो सकती है, हालांकि अंदर क्या था, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. चीन में गर्म पानी को थर्मस में लेकर चलना आम आदत है और कई लोग इसमें गोजी बेरी भी डालते हैं.

थर्मस में क्या हो सकता है?

इन थर्मस में असल में क्या रखा गया था, इसे लेकर कोई पक्की जानकारी सामने नहीं आई है. हालांकि, चीन में लोग अक्सर अपने साथ गर्म पानी से भरी थर्मस बोतल रखते हैं. कई लोग पानी में गोजी बेरी या कुछ दूसरी ट्रेडिशनल जड़ी-बूटियां भी डालते हैं. इसी वजह से सोशल मीडिया पर लोग अंदाजा लगा रहे हैं कि जिनपिंग और उनकी पत्नी की बोतल में गर्म पानी या कोई हर्बल ड्रिंक हो सकती है.

गोजी बेरी के क्या हैं फायदे?

ट्रेडिशनल चाइनीज मेडिसन में गोजी बेरी को 'गोउ ची ज़ी' (gou qi zi) कहा जाता है. इसका इस्तेमाल रोज़ाना खाने और हर्बल दवा के तौर पर किया जाता है, ताकि लिवर और किडनी को पोषण मिल सके. इसके अलावा इसके यूज से आंखें हेल्दी रहती हैं. साथ ही, शरीर में खून बनता है. 

‘थर्मस में गोजी’ का क्या मतलब है?

चीन में थर्मस में गोजी बेरी डालकर पीने की आदत को लेकर एक मजेदार कहावत भी है- “保温杯里泡枸杞”. इसका सीधा मतलब है थर्मस में गोजी बेरी भिगोकर रखना. चीन में इस कहावत का इस्तेमाल अक्सर मजाक में उन लोगों के लिए किया जाता है, जो उम्र बढ़ने के साथ अपनी सेहत को लेकर ज्यादा सजग हो जाते हैं. यानी उम्र बढ़ने के बाद लोग ठंडी ड्रिंक या कॉफी की जगह गर्म पानी और गोजी बेरी वाली बोतल अपने साथ रखने लगते हैं. इसी आदत को चीनी इंटरनेट पर मिडिल एज लाइफस्टाइल से जोड़कर मजेदार अंदाज में देखा जाता है.