अमेरिकी कंपनी Powerus, जिसमें डोनाल्ड ट्रंप के बेटों एरिक ट्रंप और डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की हिस्सेदारी है, ने पाकिस्तान की सेना के साथ ड्रोन आपूर्ति और रक्षा सहयोग का समझौता किया है. 16 सितंबर को पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर से मुलाकात के बाद हुए समझौते में ड्रोन की शुरुआती खरीद का ऑर्डर भी शामिल है. पाकिस्तान में ड्रोन निर्माण इकाई लगाने के लिए हरिपुर, रावलपिंडी और तक्षशिला में संभावित ठिकानों की तलाश की जा रही है. हालांकि, फैक्ट्री और उत्पादन की विस्तृत योजना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. दिलचस्प बात यह है कि इसी कंपनी ने जून में भारतीय कंपनी पारस डिफेंस के साथ Guardian-1 एंटी-ड्रोन सिस्टम के भारत में निर्माण का लाइसेंस समझौता किया था. पाकिस्तान में ड्रोन निर्माण की संभावनाओं और भारत के साथ कंपनी के रक्षा समझौते ने क्षेत्रीय सुरक्षा, अमेरिकी रक्षा कारोबार और ट्रंप परिवार के कारोबारी हितों को लेकर सवाल खड़े किए हैं.