गौतमबुद्ध नगर परिवहन विभाग ने स्कूल वाहनों की सुरक्षा को लेकर बड़ा अभियान चलाया है. एआरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण ने बताया कि जिले में पंजीकृत 3,300 से अधिक स्कूल वाहनों की जांच की गई. जांच में 51 स्कूल वाहन बिना फिटनेस और 18 वाहन बिना वैध परमिट के मिले हैं. इन सभी वाहनों के संचालन पर रोक लगाने के लिए स्कूलों को नोटिस जारी किए गए हैं. 20 से 30 जुलाई तक विशेष सड़क सुरक्षा अभियान के तहत ओवरस्पीड, रॉन्ग साइड, मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइविंग और ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. एक सप्ताह में 240 ओवरस्पीड, 129 रॉन्ग साइड, 95 मोबाइल इस्तेमाल, 25 ड्रंक एंड ड्राइव, 648 हेलमेट और 121 सीट बेल्ट उल्लंघन के चालान किए गए हैं. अभियान के दौरान करीब 15 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना भी वसूला गया. विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों से रोज स्कूल बस के सफर का फीडबैक लें और किसी भी लापरवाही की तुरंत शिकायत करें. नौ अवैध स्कूल वैन भी जब्त की गई हैं. परिवहन विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का पालन नहीं करने वाले स्कूलों की मान्यता पर भी कार्रवाई की सिफारिश की जा सकती है.