दिल्ली-एनसीआर में हुई तेज बारिश ने एक बार फिर गुरुग्राम के ड्रेनेज सिस्टम की पोल खोल दी. महज दो से तीन घंटे की बारिश के बाद ही गुरुग्राम के कई इलाके जलमग्न हो गए. सेक्टर-30 समेत कई पॉश इलाकों की सड़कें तालाब में बदल गईं, जहां घुटनों तक पानी भरने से वाहन रेंग-रेंगकर चलते नजर आए. लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए भी भारी मशक्कत करनी पड़ी और कई जगह आवाजाही लगभग ठप हो गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई नई समस्या नहीं है, बल्कि हर मानसून में यही हालात बन जाते हैं. उनका आरोप है कि जलभराव की शिकायत के बावजूद जिम्मेदार एजेंसियां समय पर कार्रवाई नहीं करतीं. बारिश के बाद सड़कों पर जमा पानी, जाम और खराब सीवरेज व्यवस्था ने एक बार फिर गुरुग्राम के इंफ्रास्ट्रक्चर और मानसून तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.