क्या पति से बहस बनी आत्महत्या की वजह, साउथ एक्ट्रेस सुभाषिनी के बारे में कितना जानते हैं आप?

कयल सीरियल की एक्ट्रेस सुभाषिनी ने चेन्नई में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. प्राथमिक जांच में पति से वीडियो कॉल पर हुई बहस को कारण माना जा रहा है.

साउथ की टीवी एक्ट्रेस ने किया सुसाइड(Image Source:  Instagram: subashini_balasubramaniyam )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On : 6 April 2026 1:42 PM IST

टीवी एक्ट्रेस सुभाषिनी ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. उनकी यह खबर सुनकर बहुत से लोग बेहद दुखी और सदमे में हैं. सुभाषिनी सन टीवी पर चल रहे लोकप्रिय सीरियल 'कयल' में एक बहुत अहम किरदार निभा रही थीं. पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, आत्महत्या करने से कुछ समय पहले उनकी अपने पति के साथ काफी तेज बहस हुई थी. दोनों के बीच परिवार को लेकर कुछ विवाद चल रहा था.

सुभाषिनी श्रीलंका की रहने वाली थीं. वे चेन्नई के अय्यप्पनथंगल इलाके में एक निजी अपार्टमेंट में रहती थीं. पहले वे अपने पति पिप्पिन के साथ बेंगलुरु में रह रही थीं, लेकिन सीरियल की शूटिंग के काम के कारण वे चेन्नई के पोरूर इलाके में ठहरी हुई थीं. वे सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती थीं। घटना वाली रात उन्होंने अपने पति से वीडियो कॉल पर बात की थी. इस बातचीत के दौरान परिवार संबंधी मुद्दों को लेकर दोनों में काफी तीखी बहस हो गई.

इस बहस के बाद सुभाषिनी बहुत ज्यादा मानसिक तनाव में चली गईं और उसी तनाव की वजह से उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. जैसे ही इस घटना की सूचना मिली, पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने सुभाषिनी का शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम और आगे की जांच शुरू कर दी है. पुलिस की प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि वीडियो कॉल पर पति के साथ हुई बहस के बाद वे इतना परेशान हो गईं कि उन्होंने यह कदम उठा लिया. 

यह खबर सुनकर पूरे फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में काफी हड़कंप मच गया है. 'कयल' सीरियल काफी लोकप्रिय था। इस सीरियल का निर्देशन पी. सेल्वम ने किया था. इसमें सैत्रा रेड्डी और संजीव कार्तिक के साथ सुभाषिनी भी मुख्य भूमिका में नजर आ रही थीं. सुभाषिनी ने अभिनय शुरू करने से पहले कई टीवी शो और कार्यक्रमों में एंकरिंग की थी. वे श्रीलंका पर्यटन मंत्रालय की प्रमोटर भी रह चुकी थीं.

उन्होंने वसंतम टीवी के लिए भी एंकरिंग का काम किया था. इसके अलावा वे कई रियलिटी शोज की प्रेजेंटर भी रही थीं. श्रीलंका के नेत्र टीवी चैनल पर भी उन्होंने प्रेजेंटर के रूप में काम किया था. यह चैनल श्रीलंका ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन द्वारा ऑपरेट होता है. उन्होंने अपनी पढ़ाई कोलंबो स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ द विजुअल एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स से पूरी की थी. अभी हाल ही में वे बैंगलोर में रह रही थीं. सुभाषिनी की इस अचानक और दुखद मौत से उनके परिवार, दोस्तों, को-एक्टर्स और उनके लाखों फैंस को बहुत बड़ा सदमा लगा है. पुलिस अब पूरे मामले की विस्तार से जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके. 

Similar News