ग्रेटर नोएडा में पिटबुल ने किया महिला पर हमला, 10 मिनट तक जबड़े में फंसा रहा हाथ, 12 टांके लगे

ग्रेटर नोएडा में एक पिटबुल के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. बताया जा रहा है कि करीब 10 मिनट तक उसका हाथ कुत्ते के जबड़े में फंसा रहा, जिससे उसे गहरी चोटें आईं. अस्पताल में महिला के हाथ पर 12 टांके लगाने पड़े.

By :  मोहम्मद रज़ा
Updated On : 3 Aug 2026 11:25 AM IST

ग्रेटर नोएडा के डेल्टा-1 सेक्टर स्थित बी ब्लॉक पार्क में रविवार सुबह एक पिटबुल के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. महिला अपने पालतू कुत्ते के साथ पार्क में टहल रही थी, तभी दूसरे व्यक्ति के पिटबुल ने उन पर हमला कर दिया. हमले के दौरान पिटबुल ने महिला का बायां हाथ अपने जबड़े में जकड़ लिया और करीब 10 से 15 मिनट तक नहीं छोड़ा.

आसपास मौजूद लोगों ने काफी प्रयास के बाद किसी तरह महिला को कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया. घायल महिला के हाथ में गहरे जख्म आए हैं, जिन पर 12 टांके लगाए गए हैं.

कैसे हुआ हादसा?

सेक्टर के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी ने बताया कि महिला अपने पालतू कुत्ते को घुमा रही थी. इसी दौरान एक अन्य निवासी अपने पिटबुल के साथ पार्क में पहुंचा. दोनों कुत्ते आमने-सामने आ गए, जिससे वे आक्रामक हो गए. महिला ने दोनों को अलग करने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान पिटबुल ने उनके हाथ पर हमला कर दिया. घटना के बाद पार्क में अफरा-तफरी मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला दर्द से चीखती रही, जबकि वहां मौजूद लोग लगातार पिटबुल को हटाने की कोशिश करते रहे. काफी देर की मशक्कत के बाद लोगों ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाला.

किसने उठाया इलाज का खर्च?

घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बन गई है. पिटबुल के मालिक ने घायल महिला के इलाज का खर्च उठाने की बात कही है, इसलिए फिलहाल मामले में कोई पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.

कहां लगा कुत्तों की एंट्री पर बैन?

इस घटना के बाद आरडब्ल्यूए ने सख्त कदम उठाने का फैसला किया है. अब सेक्टर के पार्कों में कुत्तों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है. इसके अलावा बिना मज़ल के कुत्तों को सार्वजनिक स्थानों पर घुमाने वालों पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी चेतावनी दी गई है. इस घटना के बाद सेक्टर के लोगों में डर और नाराजगी का माहौल है.

Similar News