सरपंच का लड़ा चुनाव, मिले 113 वोट फिर हुआ गायब और पिता को मंदिर के पीछे मिली लाश, पाली में क्या हुआ?
राजस्थान के पाली के बिरोलिया गांव में सरपंच का चुनाव लड़ चुके तालसाराम मेघवाल की लाश मंदिर के पीछे मिली. वह रविवार रात दुकान जाने की बात कहकर घर से निकला था. अगले दिन सुबह पिता को उसका शव मिला.
पाली में सरपंच का चुनाव लड़ने वाले युवक की मौत
(Image Source: @chatgpt )राजस्थान के पाली में सरपंच का चुनाव लड़ चुके एक युवक का शव मंदिर के पीछे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. 30 साल का तालसाराम मेघवाल रविवार रात दुकान जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. सोमवार सुबह उसके पिता मंदिर पहुंचे तो बेटे का शव देखकर उनके होश उड़ गए.
युवक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं, जबकि उसका मोबाइल मंदिर की छत पर पड़ा था. परिवार को आशंका है कि तालसाराम की हत्या की गई है. सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.
क्यों दुकान से वापस नहीं लौटा तालसाराम?
मामला पाली जिले के फालना थाना क्षेत्र के बेड़ल ग्राम पंचायत के बिरोलिया गांव का है. पुलिस के अनुसार, 30 वर्षीय तालसाराम मेघवाल रविवार रात घर से यह कहकर निकला था कि वह दुकान जा रहा है. उसकी बहन ने बताया कि घर से निकलते समय उसने कहा था कि वह लौटकर खाना खाएगा. परिवार के लोग उसके वापस आने का इंतजार करते रहे, लेकिन पूरी रात बीतने के बाद भी वह घर नहीं पहुंचा.
कहां मिला पिता को बेटे का शव?
सोमवार सुबह तालसाराम के पिता भीमाराम रामदेवजी मंदिर में पूजा करने गए थे. इसी दौरान किसी ने उन्हें मंदिर के पीछे एक युवक का शव पड़े होने की जानकारी दी. जब वे वहां पहुंचे तो शव उनके बेटे तालसाराम का था. बेटे को इस हालत में देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. घटना की जानकारी मिलते ही फालना थाना पुलिस मौके पर पहुंची. कुछ देर बाद डीएसपी और एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस आसपास के हालात और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
कहां-कहां मिले चोट के निशान?
पुलिस के मुताबिक, तालसाराम के सिर पर चोट के निशान मिले हैं. उसका मोबाइल फोन मंदिर की छत पर पड़ा हुआ मिला. इन परिस्थितियों के चलते परिवार ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
क्या सरपंच का चुनाव भी लड़ चुका था तालसाराम?
तालसाराम ने हाल ही में बेड़ल ग्राम पंचायत से सरपंच पद का चुनाव लड़ा था. दूसरे चरण में 30 अक्टूबर को हुए मतदान में उसे 113 वोट मिले थे. उसके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे और एक बेटी हैं. वह अपने माता-पिता के साथ रहता था. फालना थाना प्रभारी पन्नालाल के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रविवार रात घर से निकलने के बाद तालसाराम के साथ क्या हुआ और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई.