मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के गंजबासौदा में एक ऐसा हादसा सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है. तीसरी मंजिल की बालकनी में खड़े होकर गुटखा चबा रहे 65 वर्षीय प्रभुलाल गुप्ता के साथ अचानक कुछ ऐसा हुआ कि उनकी जान पर बन आई.

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गुटखा थूकते समय निकली लार की धार ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई. इस घटना में प्रभुलाल बुरी तरह झुलस गए. हादसे ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों के बेहद करीब से गुजरने वाली हाईटेंशन तारों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

बालकनी में खड़े थे प्रभुलाल, तभी हुआ खौफनाक हादसा

घटना शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है. प्रभुलाल गुप्ता गायत्री नगर स्थित अपने किराए के मकान की तीसरी मंजिल की बालकनी में खड़े थे. वह मूल रूप से छतरपुर के रहने वाले थे और पिछले करीब 10 वर्षों से इसी मकान में रह रहे थे. वह पेशे से राजमिस्त्री थे.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, प्रभुलाल गुटखा चबा रहे थे और इसी दौरान उन्होंने बालकनी से थूका. बताया जा रहा है कि थूक की धार ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई, जिसके बाद वह बुरी तरह झुलस गए. हालांकि, हादसा किस तरह हुआ और बिजली का संपर्क कैसे बना, इसकी पुष्टि जांच से ही हो सकेगी.

11 हजार वोल्ट की लाइन कितनी खतरनाक?

11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन बेहद खतरनाक होती है. बिजली विशेषज्ञों के मुताबिक, कुछ परिस्थितियों में तार को सीधे छुए बिना भी उसके पास पहुंचने पर बिजली हवा के जरिए आर्क बना सकती है. नमी और घुले हुए लवण की वजह से लार में कुछ विद्युत चालकता हो सकती है, लेकिन इस घटना में करंट लगने का सटीक तरीका अभी साफ नहीं है. ऐसे हादसों में बिजली का संपर्क शरीर तक पहुंच जाए, तो गंभीर जलन, जानलेवा चोट या मौत तक हो सकती है.

बिजली कंपनी पर लापरवाही के आरोप. हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है. उनका आरोप है कि घरों के बेहद करीब से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन को लेकर बिजली विभाग से कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई.

मकान मालकिन पद्मा चिधार का दावा है कि उन्होंने भी अधिकारियों से लाइन हटाने की मांग की थी. उनके मुताबिक, लाइन शिफ्ट करने का आश्वासन मिला, लेकिन काम नहीं हुआ. अब इस घटना के बाद इलाके में बिजली के खंभों, तारों और ट्रांसफॉर्मरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.