कहानी 657 करोड़ के मोहब्बत की, दिल्ली में 4 करोड़ का घर, हर महीने 10 लाख...गर्लफ्रेंड के चक्कर में अधिकारी ने बैंक की लगाई वाट
CBI की जांच में सामने आए महिला डांसर के बयान में रिभव ऋषि के साथ रिश्ते, हर महीने ₹10 लाख भुगतान, दिल्ली की करोड़ों की प्रॉपर्टी, महंगे होटल और विदेश यात्राओं का जिक्र है.
सरकारी खातों से करोड़ों रुपये की कथित हेराफेरी चल रही थी और इसी दौरान जांच में एक ऐसी कहानी सामने आई, जिसमें प्यार, महंगे होटल, विदेश यात्राएं, लग्जरी घर और हर महीने लाखों रुपये का भुगतान शामिल है. CBI के मुताबिक, इस पूरी कहानी के केंद्र में घोटाले के कथित मास्टरमाइंड रिभव ऋषि और एक महिला डांसर हैं.
कहानी की शुरुआत चंडीगढ़ की एक पार्टी से हुई. CBI की जांच के मुताबिक, मार्च-अप्रैल 2025 के दौरान चंडीगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम में रिभव ऋषि की मुलाकात एक महिला डांसर से हुई. उस समय दोनों के बीच ज्यादा बातचीत नहीं हुई. लेकिन कुछ समय बाद दोनों दोबारा मिले. महिला ने CBI को बताया कि 8 मई 2025 को जयपुर के एक फार्महाउस में हुई पार्टी में उनकी फिर मुलाकात हुई. इसके बाद 5 जुलाई 2025 को मुंबई के St. Regis Hotel में दोनों मिले.
यहीं से इस रिश्ते की कहानी ने नया मोड़ लिया
महिला के बयान के मुताबिक, इसी मुलाकात में रिभव ऋषि ने उससे अपने प्यार का इजहार किया और कहा कि वह उसकी और उसके परिवार की जिम्मेदारी उठाएगा. उसने खुद को इवेंट प्लानर बताया और SRR Planning Gurus से जुड़ा होने की बात कही. साथ ही उसने यह भी बताया कि वह राइस इंपोर्ट-एक्सपोर्ट के कारोबार में है और IDFC First Bank में ब्रांच मैनेजर के तौर पर काम करता है. CBI के मुताबिक, SRR Planning Gurus उन कंपनियों में शामिल थी, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर सरकारी पैसों की हेराफेरी में किया गया.
प्यार के साथ आया शादी का वादा
महिला ने जांच एजेंसी को बताया कि रिभव ऋषि पहले से शादीशुदा था, लेकिन उसने अपनी पत्नी दिव्या अरोड़ा को तलाक देने और उससे शादी करने का वादा किया था. महिला के मुताबिक, ऋषि ने उसे भरोसा दिलाया कि वह उसके साथ भविष्य बनाएगा. लेकिन इस रिश्ते के साथ खर्च भी शुरू हो गया.
दिल्ली में घर और करोड़ों का सौदा
18 जुलाई 2025 को रिभव ऋषि ने दिल्ली के द्वारका में एक घर के लिए 1 लाख रुपये बतौर टोकन दिए. महिला के बयान के मुताबिक, इस प्रॉपर्टी के लिए कुल 3.10 करोड़ रुपये नकद दिए गए. इसमें उसने खुद 49 लाख रुपये लगाए, जबकि बाकी रकम ऋषि ने दी. इसके अलावा 90 लाख रुपये और दिए जाने थे, जिसमें से 65 लाख रुपये का भुगतान पहले ही हो चुका था. महिला के मुताबिक, वह 2 जनवरी 2026 से इसी घर में रह रही थी.
डांस छोड़ने के बदले हर महीने ₹10 लाख?
कहानी का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा यहीं सामने आता है. महिला ने CBI को बताया कि अगस्त 2025 से जनवरी 2026 तक रिभव ऋषि उसे हर महीने 10 लाख रुपये देता था. उसका कहना था कि ऋषि ने उसे डांसिंग से होने वाली कमाई छोड़ने के लिए कहा था और इसी वजह से वह उसे हर महीने यह रकम देता था. CBI को दिए बयान के मुताबिक, इस अवधि में उसे कुल 56 लाख रुपये मिले. महिला ने यह भी बताया कि उसने ऋषि की आयोजित पार्टियों में सिर्फ दो-तीन बार ही परफॉर्म किया था.
पार्टियां, अफसर और लाखों रुपये का खर्च
CBI की जांच में जिन पार्टियों का जिक्र है, उनमें से कई Zirakpur के Jade Manor में आयोजित होने की बात सामने आई. महिला के मुताबिक, इन आयोजनों में उसकी मौजूदगी सुनिश्चित की जाती थी, लेकिन उसे हर बार डांस करने की अनुमति नहीं थी. उसके अनुसार, आयोजक को एक कार्यक्रम के लिए 2 लाख रुपये दिए जाते थे, जिसमें से आधी रकम उसे मिलती थी. इन पार्टियों में पांच से छह महिला डांसरों को बुलाया जाता था और एक पार्टी पर औसतन 15 से 20 लाख रुपये खर्च होने की बात महिला ने CBI को बताई.
नोटों की बारिश और सरकारी अधिकारियों का नाम
महिला ने जांच एजेंसी को बताया कि इन पार्टियों के लिए रिभव ऋषि नकदी का इंतजाम करता था. उसके मुताबिक, पार्टियों में कुछ हरियाणा सरकार के अधिकारी डांसरों पर नोट उड़ाते थे. महिला ने अपने बयान में कई लोगों के नाम लिए हैं. इनमें पूर्व सरकारी अधिकारी, बैंक अधिकारी और कथित तौर पर इस मामले से जुड़ी कंपनियों के लोग शामिल हैं. उसने एक IAS अधिकारी पंकज अग्रवाल के बारे में भी गंभीर आरोप लगाए हैं. ये आरोप महिला के बयान का हिस्सा हैं और इनकी अंतिम पुष्टि जांच तथा न्यायिक प्रक्रिया से होनी बाकी है.
महंगे होटल से विदेश यात्राओं तक
रिभव ऋषि और महिला की मुलाकातें सिर्फ पार्टियों तक सीमित नहीं रहीं. महिला के मुताबिक, दोनों ने चंडीगढ़ में Novotel, Holiday Inn और Hyatt जैसे होटलों में समय बिताया. दिल्ली में Andaz, JW Marriott और ITC Maurya में ठहरने की बात भी सामने आई है. इसके अलावा दोनों गोवा के Taj Hotel में भी गए.
फिर कहानी भारत से बाहर पहुंची.
Macao से Thailand और फिर Dubai. अगस्त 2025 में रिभव ऋषि और महिला Macao गए. उनके साथ मामले से जुड़े कुछ अन्य आरोपी भी थे. इसके बाद यह समूह Thailand गया. 21 नवंबर 2025 को दोनों फिर Dubai पहुंचे. इस यात्रा में कुछ अन्य आरोपी भी उनके साथ थे. महिला के मुताबिक, Dubai में दोनों Burj Al Arab में ठहरे, जहां समुद्र की ओर खुलने वाले duplex में रहने की बात उसने बताई.
Dubai में 4BHK घर का सपना?
महिला ने CBI को बताया कि Dubai यात्रा के दौरान रिभव ऋषि उसे एयरपोर्ट के पास एक नए बने 4BHK duplex villa में लेकर गया. उसके मुताबिक, ऋषि ने कहा था कि वह 5 से 10 साल बाद उसके साथ Dubai में बसना चाहता है और इसी वजह से उसने यह घर चुना है. जनवरी 2026 में दोनों फिर Dubai गए. इस दौरान ऋषि ने Toyota Land Cruiser बुक करने की बात भी महिला ने जांच एजेंसी को बताई. लेकिन दूसरी तरफ सरकारी खातों से करोड़ों की कथित हेराफेरी
यही इस पूरी कहानी का सबसे बड़ा कनेक्शन है
जब एक तरफ रिभव ऋषि की निजी जिंदगी में महंगे होटल, विदेश यात्राएं, घर और पार्टियां चल रही थीं, उसी दौरान CBI के मुताबिक सरकारी विभागों के खातों से कथित तौर पर करोड़ों रुपये की हेराफेरी की जा रही थी. जांच एजेंसी के अनुसार, ऋषि ने कथित तौर पर कम से कम 25 फर्जी डेबिट ट्रांजैक्शन को अधिकृत किया, जिनकी कुल रकम 187.35 करोड़ रुपये बताई गई है. CBI के मुताबिक, SRR Planning Gurus से ऋषि के व्यक्तिगत खातों में 5.40 करोड़ रुपये और Swastik Desh Projects से 1.50 करोड़ रुपये आए. वहीं उसकी पत्नी दिव्या अरोड़ा के खातों में कथित तौर पर 18.32 करोड़ रुपये पहुंचे.
इस पूरी कहानी में महिला की भूमिका क्या है?
CBI के मुताबिक, महिला इस मामले में एक अहम गवाह है. उसने जांच एजेंसी को अपने और रिभव ऋषि के रिश्ते, उनके साथ बिताए समय, पार्टियों, यात्राओं, भुगतान और कथित तौर पर वहां मौजूद लोगों के बारे में जानकारी दी है. जांच के दौरान CBI ने उसका Samsung Z Fold फोन भी जब्त किया है. हालांकि, किसी गवाह के बयान में लगाए गए आरोप अपने आप में अदालत में साबित तथ्य नहीं होते. मामले में अंतिम जिम्मेदारी और आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया से होगी.
₹657 करोड़ के घोटाले के बीच सामने आई ये 'महंगी मोहब्बत'
पूरी कहानी को जोड़कर देखें तो एक तरफ सरकारी खातों से ₹657 करोड़ के कथित बैंक घोटाले की जांच चल रही है, तो दूसरी तरफ उसी जांच में रिभव ऋषि की निजी जिंदगी से जुड़े ऐसे खर्चों और रिश्ते की जानकारी सामने आई है, जिसमें लाखों रुपये का मासिक भुगतान, करोड़ों की प्रॉपर्टी, लग्जरी होटल और विदेश यात्राओं का जिक्र है.
CBI की जांच अब सिर्फ पैसों के ट्रेल तक सीमित नहीं है. सामने आए बयानों और डिजिटल सबूतों के जरिए यह पता लगाने की कोशिश भी हो रही है कि कथित तौर पर हेराफेरी का पैसा कहां गया, किन लोगों तक पहुंचा और इस पूरे नेटवर्क में किसकी क्या भूमिका थी. यानी ₹657 करोड़ की इस जांच में एक तरफ सरकारी खातों का पैसा है और दूसरी तरफ उस पैसे से जुड़े कथित ऐशोआराम की परतें और इन्हीं परतों को खोलने में रिभव ऋषि की 'लव स्टोरी' CBI के लिए अहम कड़ी बन गई है.