गला काटने का इशारा कर रहा था पाकिस्तानी बॉक्सर, भारतीय खिलाड़ी ने स्टेज पर ही जड़ दिया जोरदार तमाचा; जानें कौन हैं मनीष शर्मा
| दुबई में बॉक्सिंग इवेंट के प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारतीय बॉक्सर मनीष शर्मा ने पाकिस्तानी प्रतिद्वंद्वी रहीम परदेसी को थप्पड़ मार दिया. वायरल हो रहे वीडियो के मुताबिक, रहीम की कथित उकसाने वाली बातों और हरकतों के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ा. दोनों की फाइट 6 नवंबर को दुबई के निक्की बीच पर होनी है.
भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हो और माहौल गर्म न हो, ऐसा कम ही देखने को मिलता है, लेकिन इस बार दोनों देशों के बॉक्सर रिंग में उतरने से पहले ही दुबई में भिड़ गए. सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में भारतीय बॉक्सर और इन्फ्लुएंसर मनीष शर्मा पाकिस्तानी बॉक्सर रहीम परदेसी को स्टेज पर थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि यह घटना दोनों के बीच होने वाली फाइट से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस और फेस-ऑफ के दौरान हुई.
यह मुकाबला 6 नवंबर 2026 को दुबई के निक्की बीच पर आयोजित होने वाले 'फ्यूरी बाय द सी-MUKA बॉक्सिंग' इवेंट का हिस्सा है. फाइट से पहले दोनों बॉक्सर मंच पर आमने-सामने थे. इसी दौरान रहीम परदेसी ने मनीष की ओर गला काटने का इशारा करते हुए कुछ ऐसी हरकतें कीं, जिससे मनीष का पारा हाई हो गया और उन्होंने स्टेज पर ही पाकिस्तानी बॉक्सर थप्पड़ जड़ दिया.
थप्पड़ पड़ते ही मंच पर अफरा-तफरी मच गई. दोनों बॉक्सर एक-दूसरे से भिड़ने के लिए आगे बढ़े, लेकिन वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और बाउंसरों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों को अलग कर दिया. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
कौन हैं मनीष शर्मा?
मनीष शर्मा भारतीय प्रोफेशनल बॉक्सर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं. इंटरनेट पर उन्हें 'हाफ इंजीनियर' (Half Engineer) के नाम से भी जाना जाता है. वह पंजाब के संगरूर के रहने वाले हैं. मनीष मिडलवेट और वेल्टरवेट डिवीजन में बॉक्सिंग करते हैं. सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता के साथ-साथ बॉक्सिंग रिंग में भी उनकी पहचान बनी है.
कैसा रहा है मनीष शर्मा का बॉक्सिंग करियर?
मनीष शर्मा ने साल 2021 में प्रोफेशनल बॉक्सिंग करियर की शुरुआत की थी. उन्होंने अब तक 13 मुकाबले खेले हैं. इनमें से 7 में जीत दर्ज की है, जबकि 6 मुकाबलों में उन्हें हार मिली है. उनकी 7 जीत में 4 नॉकआउट जीत भी शामिल हैं.
अब रहीम परदेसी के साथ होने वाली फाइट से पहले हुए इस विवाद ने मुकाबले को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है. देखना होगा कि स्टेज पर शुरू हुआ यह विवाद 6 नवंबर को रिंग में किस मोड़ पर पहुंचता है.