पूर्व कप्तान रोहित शर्मा इन दिनों क्रिकेट के मैदान से इतर अपने नए टीवी शो ‘Family Full House’ को लेकर चर्चा में हैं. रोहित और Sony Sports Network लगातार सोशल मीडिया पर इस गेम शो का प्रमोशन कर रहे हैं. इसी सिलसिले में शेयर किया गया उनका एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

वीडियो में रोहित अपने जाने-पहचाने मस्ती भरे और बेफिक्र अंदाज में नजर आ रहे हैं. वह शूटिंग के दौरान बार-बार री-टेक करवाए जाने की बात करते हैं और फिर फैंस के लिए शो देखने की अपील करने के बाद शूटिंग खत्म करने का इशारा करते हुए ‘पैक-अप’ बोल देते हैं. हालांकि, इस पूरे वीडियो में रोहित की एक चीज ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा. वह है उनकी टी-शर्ट... जिस पर 'Non-Committal?' लिखा हुआ था...  बस फिर क्या था, सोशल मीडिया पर फैंस ने इस शब्द को क्रिकेट से जोड़ना शुरू कर दिया.

कई फैंस ने इसे BCCI के मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर के उस पुराने बयान से जोड़ दिया, जिसमें उन्होंने रोहित शर्मा और विराट कोहली के 2027 वनडे वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर ‘Non-Committal’ शब्द का इस्तेमाल किया था.

अजित अगरकर ने क्या बयान दिया था?

पिछले साल ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले रोहित शर्मा की कप्तानी को लेकर बड़ा बदलाव हुआ था. उन्हें वनडे टीम की कप्तानी से हटाकर शुभमन गिल को जिम्मेदारी दी गई थी. इसी दौर में अजित अगरकर से रोहित और विराट के 2027 वनडे वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर सवाल पूछा गया था. अगरकर ने कहा था कि रोहित शर्मा और विराट कोहली 2027 वर्ल्ड कप को लेकर ‘non-committal’ हैं, यानी दोनों ने उस समय अपने भविष्य को लेकर कोई स्पष्ट प्रतिबद्धता नहीं जताई थी.

अब रोहित की टी-शर्ट पर यही शब्द दिखाई देने के बाद फैंस को इसमें एक मजेदार कनेक्शन नजर आया. हालांकि, रोहित ने खुद इस टी-शर्ट के जरिए अगरकर या BCCI को कोई संदेश दिया है, ऐसा उन्होंने नहीं कहा है. सोशल मीडिया पर फैंस ही इसे उस पुराने बयान से जोड़ रहे हैं.

वर्ल्ड कप को लेकर क्या है रोहित का रुख?

अगरकर के बयान के बाद से रोहित और विराट दोनों ने घरेलू क्रिकेट में वापसी भी की और वनडे क्रिकेट में भारत के लिए खेलना जारी रखा. रोहित ने इस साल नौ मैचों में 379 रन बनाए हैं, जिसमें इंग्लैंड दौरे पर लगाया गया शतक भी शामिल है. इसी दौरान रोहित के वनडे करियर को लेकर कई तरह की रिपोर्ट सामने आई थीं। यहां तक कहा गया था कि वह लॉर्ड्स में होने वाले वनडे के बाद संन्यास ले सकते हैं. हालांकि, BCCI और रोहित दोनों ने इन खबरों को खारिज करते हुए उन्हें बेबुनियाद बताया.

खुद रोहित से जब अगले वनडे वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने भी सीधा जवाब देने के बजाय कहा था कि अक्टूबर 2027 अभी काफी दूर है और उस समय देखा जाएगा. यानी रोहित ने 2027 वर्ल्ड कप में खेलने से इनकार नहीं किया है, लेकिन उन्होंने अभी अपनी भागीदारी की पक्की पुष्टि भी नहीं की है.

कब मैदान पर उतरेंगे रोहित शर्मा?

रोहित शर्मा के अगले मैदान पर उतरने की उम्मीद वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में है. ऐसे में उनकी ‘Non-Committal?' टी-शर्ट ने एक बार फिर उनके वनडे भविष्य और 2027 वर्ल्ड कप को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज कर दी है. फिलहाल इतना जरूर है कि एक टीवी शो के प्रमोशनल वीडियो में पहनी गई एक टी-शर्ट ने क्रिकेट फैंस को पुराने बयान की याद दिला दी है और रोहित शर्मा के भविष्य पर चल रही बहस को फिर हवा दे दी है.