ENG vs IND 1st T20I: वैभव सूर्यवंशी को न खिलाने की जिद है या Team Combination, गंभीर और Iyar कितने सही?
भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टी-20 मुकाबले में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी है. श्रेयस अय्यर की टीम तीन स्पिनरों और दो तेज गेंदबाजों के साथ मैदान में उतरी है, जबकि वैभव सूर्यवंशी को अभी भी डेब्यू का इंतजार है.
श्रेयस अय्यर, गौतम गंभीर और वैभव सूर्यवंशी
(Image Source: BCCI )ENG vs IND 1st T20I: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला आज Riverside Ground, Chester-le-Street में खेला जा रहा है. भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है. टीम इंडिया ने इस मुकाबले में तीन स्पिनरों के साथ उतरने का फैसला किया है, जबकि तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी सिर्फ दो पेसरों के पास है.
इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन पहले ही घोषित कर दी थी. मुकाबले से पहले रवि शास्त्री ने इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक से टीम कॉम्बिनेशन पूछा तो ब्रूक ने पूरी प्लेइंग इलेवन बता दी. ऐसा शायद पहली बार हुआ है कि जब किसी टीम के कप्तान ने टॉस के समय ही अपनी पूरी प्लेइंग 11 बता दी हो. हालांकि, इंग्लैंड ने 30 जून को ही अपनी प्लेइंग 11 घोषित कर दी थी.
वैभव सूर्यवंशी खेल रहे हैं या नहीं?
टीम इंडिया ने इस मैच में एक बार फिर युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मौका नहीं दिया है. आयरलैंड सीरीज में भी उन्हें डेब्यू का इंतजार करना पड़ा था.
वैभव सूर्यवंशी को क्यों नहीं मिल रहा प्लेइंग 11 में मौका?
- भारतीय टी-20 कप्तान श्रेयस अय्यर और हेड कोच गौतम गंभीर द्वारा वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में मौका न देने के पीछे मुख्य कारण टीम का अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा जताना और सही समय का इंतजार करना है.
- आईपीएल 2026 में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीतने और हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ इंडिया-ए के लिए 29 गेंदों में 94 रन ठोकने के बाद फैंस उन्हें तुरंत टीम में देखना चाहते हैं, लेकिन मैनेजमेंट जल्दबाजी के मूड में नहीं है.
- कप्तान श्रेयस अय्यर ने स्पष्ट किया कि वैभव एक बेहतरीन और 'गन प्लेयर' हैं, लेकिन टीम फिलहाल उन खिलाड़ियों को बैक कर रही है जिन्होंने हाल ही में भारत के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है. टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली ओपनिंग जोड़ी (संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा) पर टीम का भरोसा कायम है, और महज एक-दो मैचों के खराब फॉर्म के चलते सीनियर खिलाड़ियों को सीधे ड्रॉप नहीं किया जा सकता.
- टीम इंडिया की वर्तमान गेंदबाजी लाइन-अप थोड़ी कमजोर होने के कारण कोच गौतम गंभीर प्लेइंग-11 में ज्यादा से ज्यादा ऑलराउंडर्स (जैसे शिवम दुबे, अक्षर पटेल) को शामिल करने की रणनीति पर चल रहे हैं. वैभव सूर्यवंशी टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज हैं. उन्हें टीम में जगह देने के लिए किसी स्थापित बल्लेबाज को बाहर करना होगा, जो वर्तमान संतुलन को बिगाड़ सकता है.
- असिस्टेंट कोच रयान टेन डोएशे और दिग्गज स्पिनर आर अश्विन के मुताबिक, इंटरनेशनल क्रिकेट का दबाव बेहद अलग होता है. 15 साल की उम्र में जल्दबाजी में डेब्यू कराने से खिलाड़ी पर अतिरिक्त मानसिक दबाव आ सकता है. अश्विन का मानना है कि इतनी कम उम्र में टीम के साथ रहकर, ड्रिंक्स ले जाना (वॉटर बॉय बनना) और सीनियर खिलाड़ियों को करीब से देखना भी एक बेहतरीन सीखने की प्रक्रिया (लर्निंग प्रोसेस) है, जिससे खिलाड़ी का भविष्य बेहतर बनता है.
भारतीय टीम ने क्यों तीन स्पिनरों को टीम में किया शामिल?
पिच पर काफी घास नजर आ रही है, लेकिन भारतीय टीम ने इसके बावजूद तीन स्पिनरों को शामिल किया है. आंकड़ों के मुताबिक 2025 के बाद इस मैदान पर तेज गेंदबाजों ने ज्यादा विकेट लिए हैं और उनका औसत भी बेहतर रहा है, हालांकि स्पिनरों ने रन रोकने में ज्यादा प्रभाव दिखाया है.
हैरी ब्रूक ने टॉस हारने पर क्या कहा?
इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने कहा कि वह पहले गेंदबाजी करना चाहते थे और पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी लग रही है. उन्होंने कहा कि टीम का माहौल अच्छा है और भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ सीरीज के लिए खिलाड़ी उत्साहित हैं.
टॉस जीतने पर क्या बोले श्रेयस अय्यर?
वहीं भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि आयरलैंड सीरीज अब इतिहास है और टीम इंग्लैंड के खिलाफ नई शुरुआत करना चाहती है. उन्होंने बताया कि भारत ने तीन स्पिनर और दो तेज गेंदबाजों के कॉम्बिनेशन के साथ उतरने का फैसला किया है.
इंग्लैंड की प्लेइंग XI
फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, आदिल राशिद, साकिब महमूद और ल्यूक वुड.
भारत की प्लेइंग XI
संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती.