11वें नंबर पर उतरे, अर्शदीप के एक ओवर में जड़े 3 छक्के, टूटते-टूटते बचा अख्तर का रिकॉर्ड, न्यूजीलैंड के Blair Tickner कौन?
| न्यूजीलैंड के ब्लेयर टिकनर ने भारत के खिलाफ पहले वनडे में अर्शदीप सिंह के एक ओवर में तीन छक्के जड़े और 23 गेंदों में 34 रन बनाए. टिकनर ने वनडे में नंबर-11 बल्लेबाज के तौर पर एक ओवर में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया। साथ ही एक पारी में चार छक्के लगाने वाले नंबर-11 बल्लेबाजों की सूची में भी जगह बनाई।
Blair Tickner: न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में भारतीय गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला, लेकिन पारी के आखिरी ओवरों में ब्लेयर टिकनर ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से खूब सुर्खियां बटोरीं. न्यूजीलैंड की ओर से 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे टिकनर ने अर्शदीप सिंह के एक ओवर में तीन छक्के जड़कर भारतीय गेंदबाजों को चौंका दिया. उन्होंने पारी के 38वें ओवर में अर्शदीप की पहली, दूसरी और चौथी गेंद को छक्के के लिए सीमा रेखा के पार पहुंचाया. इस ओवर से कुल 19 रन आए.
टिकनर ने महज 23 गेंदों में 34 रन बनाए, जिसमें एक चौका और चार छक्के शामिल रहे. हालांकि, टिकनर की यह तूफानी पारी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी. पारी के 41वें ओवर में गुरनूर बरार ने उन्हें अपना शिकार बना लिया.
40.2 ओवर में गुरनूर ने शॉर्ट गेंद डाली, जिस पर टिकनर ने पीछे हटकर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर हवा में उछल गई और विकेटकीपर केएल राहुल ने आसान कैच लपक लिया. टिकनर 34 रन बनाकर पवेलियन लौटे.
11वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए खास रिकॉर्ड
ब्लेयर टिकनर ने अपनी इस पारी के दौरान वनडे क्रिकेट में 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ियों की खास सूची में जगह बना ली. उन्होंने एक ओवर में 19 रन बनाए, जो वनडे क्रिकेट में नंबर-11 बल्लेबाज द्वारा किसी एक ओवर में बनाए गए तीसरे सबसे ज्यादा रन हैं. इस सूची में उनसे आगे पाकिस्तान के शोएब अख्तर हैं, जिन्होंने 2003 में केपटाउन में क्रेग व्हाइट के एक ओवर में 21 रन बनाए थे. वहीं जिम्बाब्वे के ब्रायन विटोरी ने 2014 में बुलावायो में जेपी डुमिनी के ओवर में 20 रन बटोरे थे.
इतना ही नहीं, टिकनर ने एक वनडे पारी में नंबर-11 पर बल्लेबाजी करते हुए चार छक्के लगाने के रिकॉर्ड की भी बराबरी की. उनसे पहले मोहम्मद आमिर ने 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ नॉटिंघम में और न्यूजीलैंड के ही नसीम शाह ने 2025 में हैमिल्टन में नंबर-11 पर खेलते हुए चार-चार छक्के लगाए थे.
कौन हैं Blair Tickner?
- ब्लेयर मार्शल टिकनर न्यूजीलैंड के दाएं हाथ के मध्यम-तेज गेंदबाज और बल्लेबाज हैं. घरेलू स्तर पर वे 'सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स' और काउंटी क्रिकेट में 'डर्बीशायर' (Derbyshire) के लिए खेलते हैं.
- टिकनर का जन्म 13 अक्टूबर 1993 को नेपियर में हुआ. वे करीब 6 फीट 5 इंच लंबे हैं. अपनी इस लंबाई का फायदा उठाते हुए वे बेहतरीन शॉर्ट बॉल और बाउंस फेंकते हैं.
- टिकनर ने फरवरी 2019 में भारत के खिलाफ टी20 मैच से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद उन्होंने मार्च 2022 में नीदरलैंड्स के खिलाफ वनडे (ODI) और फरवरी 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया.
- टिकनर का अंतरराष्ट्रीय करियर चोटों और उतार-चढ़ाव से भरा रहा है. घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन (जैसे प्लंकेट शील्ड में हैट्रिक और सुपर स्मैश में सर्वाधिक विकेट) के दम पर वे न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय टीम में वापसी करते रहे हैं.
- ब्लेयर टिकनर ने 6 टेस्ट मैच की 10 पारियों में 22 विकेट चटकाए हैं. वहीं, 18 वनडे में उनके नाम 29 और 19 टी-20 इंटरनेशनल में 21 विकेट हैं.
- टिकनर ने 6 टेस्ट की 4 पारियों में 17 रन, 18 वनडे की 10 पारियों में 53 रन और 19 T20I की 4 पारियों में 11 रन बनाए हैं.
न्यूजीलैंड ने लगाए आठ छक्के, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने नहीं टिके बल्लेबाज
इस मुकाबले में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने कुल आठ छक्के लगाए. दिलचस्प बात यह रही कि सभी छक्के सीधे मैदान की दिशा में या विकेट के पीछे वी-क्षेत्र में लगाए गए. किसी भी बल्लेबाज ने विकेट के दोनों तरफ स्क्वायर क्षेत्र में छक्का नहीं जड़ा. इसके बावजूद न्यूजीलैंड की पूरी टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही और 185 रन पर ऑलआउट हो गई. भारत के खिलाफ घरेलू मैदान पर वनडे क्रिकेट में न्यूजीलैंड का यह चौथा सबसे कम ऑलआउट स्कोर है.
इससे पहले न्यूजीलैंड की टीम भारत के खिलाफ 1994 में ऑकलैंड में 142 रन, 2019 में नेपियर में 157 रन और 2003 में वेलिंगटन में 168 रन पर ऑलआउट हुई थी. यानी टिकनर की आक्रामक बल्लेबाजी ने न्यूजीलैंड के स्कोर को कुछ हद तक सम्मानजनक जरूर बनाया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने पूरी पारी में अपना दबदबा कायम रखा.
न्यूजीलैंड की तरफ से टिम सेफर्ट ने 38, ग्लेन फिलिप्स ने 30, डैरिल मिचेल ने 28, हेनरी निकोलस और विल यंग ने 9-9, टॉम लैथम ने 3, कप्तान मिचेल सैंटनर ने 4, नाथन स्मिथ और काइल जेमिसन ने 1-1 रन बनाए. वहीं, जैकब डफी 15 रन बनाकर नॉट आउट रहे. भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने 4, गुरनूर बरार ने 3 और अंशुल कंबोज ने 2 विकेट चटकाए.