घर में आईना गलत दिशा में तो बढ़ेगी नकारात्मकता! जानिए वास्तु के अनुसार सही जगह और लगाने के नियम
घर में आईना केवल सजावट का हिस्सा नहीं, बल्कि ऊर्जा को प्रभावित करने वाला महत्वपूर्ण तत्व माना जाता है. सही दिशा में लगाया गया दर्पण सुख-समृद्धि बढ़ाता है, जबकि गलत दिशा में लगा आईना नकारात्मकता को बढ़ा सकता है.
व्यक्ति अपने घर की साज-सज्जा और सकारात्मक ऊर्जा के लिए कई तरह के जरूरी और सजावटी चीजों का इस्तेमाल किया जाता है. हर हर में आईना जरूर होता है और लोग अपनी सुविधा के अनुसार इसको रखते हैं. वास्तु में आईना सिर्फ सजने-संवरे के काम नहीं आता है बल्कि यह सकारात्मक ऊर्जा को आकर्षित करने मे भी मदद करता है. वास्तु के अनुसार सही दिशा में आईना लगाना बहुत ही जरूरी होता है. सही दिशा और स्थान पर आइना लगाने से सुख-सुविधाओं में वृद्धि होती है.
सही दिशा में दर्पण लगाकर यदि वास्तुदोष का निवारण किया जा सकता है, तो वहीं इसके गलत दिशा में लगे होने से नकारात्मक ऊर्जा के स्तर में वृद्धि हो जाती है जिसके कारण स्वास्थ्य और धन की हानि हो सकती है. आइए जानते हैं घर पर आईना लगाने के वास्तु नियम.
आईना लगाने की सही दिशा
वास्तु के अनुसार घर में ऊर्जा का प्रवाह मुख्यतः पूर्व से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण की ओर होता है. ऐसे में दर्पण को पूर्व या उत्तर दिशा की दीवार पर लगाना सबसे शुभ माना जाता है. इस तरह लगाने से सकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव दोगुना होता है और घर में सुख-समृद्धि, उन्नति और धन लाभ के अवसर बढ़ते हैं. ध्यान रखें कि जब आप आईने में देखें तो आपका चेहरा पूर्व या उत्तर दिशा की ओर होना चाहिए.
इन दिशाओं में आईना लगाने से बचें
दक्षिण और पश्चिम दिशा में आईना लगाना वास्तु के अनुसार ठीक नहीं माना जाता. इन दिशाओं में दर्पण लगाने से घर की सकारात्मक ऊर्जा वापस लौट जाती है और नकारात्मकता बढ़ सकती है. इसका असर स्वास्थ्य, मानसिक शांति और आर्थिक स्थिति पर भी पड़ सकता है.
बेडरूम में आईना लगाने के नियम
- - शयन कक्ष में आईना लगाने से बचना चाहिए, क्योंकि यह दांपत्य जीवन में तनाव और असंतुलन ला सकता है.
- - अगर बेडरूम में ड्रेसिंग टेबल रखना जरूरी हो, तो इस बात का ध्यान रखें कि सोते समय आपका प्रतिबिंब उसमें दिखाई न दे.
- - जरूरत हो तो रात में आईने को ढक देना बेहतर होता है.
- - साथ ही, आईने में किसी भी नकारात्मक या अव्यवस्थित वस्तु का प्रतिबिंब नहीं पड़ना चाहिए.
बाथरूम में आईना कैसे लगाएं?
बाथरूम में आईना लगाना सामान्य बात है, लेकिन इसकी दिशा का ध्यान रखना जरूरी है. दर्पण को कभी भी बाथरूम के दरवाजे के ठीक सामने नहीं लगाना चाहिए. ऐसा माना जाता है कि दरवाजे के सामने लगा आईना ऊर्जा को वापस घर में भेज देता है, जिससे नकारात्मक प्रभाव बढ़ सकता है. इसलिए आईना ऐसी जगह लगाएं कि उसका प्रतिबिंब बाथरूम के बाहर न जाए.
आईने का आकार और गुणवत्ता
वास्तु के अनुसार साफ, स्पष्ट और सही छवि दिखाने वाला दर्पण ही उपयोग में लेना चाहिए. टूटा, धुंधला या खरोंच वाला आईना अशुभ माना जाता है और जीवन में बाधाएं ला सकता है.