Kailash Mansarovar Yatra 2026: जून से अगस्त तक होगी कैलाश यात्रा, जानिए कितना आएगा खर्च और कैसे करें अप्लाई

कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 इस साल जून से अगस्त के बीच होगी. भगवान शिव के भक्तों के लिए यह बेहद खास यात्रा मानी जाती है. यात्रा के लिए आवेदन शुरू हो चुके हैं और श्रद्धालु ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं.

कैसे करें कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए अप्लाई

(Image Source:  META AI )
Edited By :  हेमा पंत
Updated On : 1 May 2026 4:01 PM IST

कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 को लेकर श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. विदेश मंत्रालय (MEA) ने घोषणा की है कि इस साल यह पवित्र यात्रा जून से अगस्त 2026 के बीच होगी. भगवान शिव के धाम माने जाने वाले कैलाश पर्वत और पवित्र मानसरोवर झील के दर्शन के लिए हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु आवेदन करते हैं.

इस बार यात्रा उत्तराखंड के लिपुलेख पास और सिक्किम के नाथू ला पास के जरिए कराई जाएगी. यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रोसेस शुरू हो चुका है.

दो अलग-अलग रास्तों से होगी यात्रा

विदेश मंत्रालय ने बताया है कि इस साल कैलाश मानसरोवर यात्रा दो रास्तों से कराई जाएगी. एक रास्ता उत्तराखंड के लिपुलेख पास से जाएगा, जबकि दूसरा रास्ता सिक्किम के नाथू ला पास से होकर तय किया गया है. दोनों रास्तों के लिए श्रद्धालुओं के अलग-अलग ग्रुप भेजे जाएंगे.

लिपुलेख पास रूट

उत्तराखंड के लिपुलेख पास वाले रास्ते से कुल 10 जत्थे यात्रा पर जाएंगे और हर जत्थे में 50 श्रद्धालु होंगे. यह रास्ता थोड़ा मुश्किल माना जाता है, लेकिन धार्मिक महत्व की वजह से बड़ी संख्या में लोग इसी रास्ते को चुनते हैं.

नाथू ला रूट

सिक्किम के नाथू ला मार्ग से भी 10 जत्थे कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाएंगे और हर समूह में 50 यात्री शामिल होंगे. यह रास्ता बेहतर सुविधाओं और अच्छी सड़क व्यवस्था के लिए जाना जाता है.

कितना आएगा खर्च?

विदेश मंत्रालय की जानकारी के मुताबिक, लिपुलेख पास वाले रास्ते से कैलाश मानसरोवर यात्रा करने पर एक व्यक्ति का खर्च करीब 2.09 लाख रुपये हो सकता है. वहीं नाथू ला रूट से जाने पर प्रति यात्री लगभग 3.31 लाख रुपये खर्च आने का अनुमान है.

ऐसे करें रजिस्ट्रेशन

  • कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं. जो लोग यात्रा पर जाना चाहते हैं, वे kmy.gov.in वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं.
  • यात्रियों का सेलेक्शन कंप्यूटर के जरिए लॉटरी सिस्टम से किया जाएगा. चुने गए लोगों को ईमेल और मोबाइल मैसेज के जरिए दी जाएगी.
  • यात्रा से जुड़ी अन्य जानकारी के लिए 011-23088214 हेल्पलाइन नंबर पर कॉन्टैक्ट किया जा सकता है.

यात्रा का धार्मिक महत्व

कैलाश मानसरोवर यात्रा हिंदू धर्म में बहुत पवित्र मानी जाती है. ऐसी मान्यता है कि मानसरोवर झील में डुबकी लगाने से इंसान के पाप धुल जाते हैं. कैलाश पर्वत को भगवान शिव और माता पार्वती का निवास स्थान माना जाता है. बौद्ध धर्म के लोग इसे ‘माउंट मेरु’ के नाम से जानते हैं और इसे आध्यात्मिक शक्ति का महत्वपूर्ण केंद्र मानते हैं. जैन धर्म में भी इस जगह का खास धार्मिक महत्व है.

Similar News