कौन हैं Rishita Kothari? शो सेट पर हुई को-एक्टर Parth Samthaan से तीखी बहस, मेकर्स ने रोकी शूटिंग
कलर्स के शो ‘सेहर होने को है’ में पार्थ समथान और ऋषिता कोठारी के बीच कथित विवाद ने तूल पकड़ लिया है. दोनों पक्षों के आरोपों के बाद सोशल मीडिया पर फैंस के बीच बहस तेज हो गई है.
कलर्स चैनल के नए धारावाहिक 'सेहर होने को है' (Seher Hone Ko Hai) में मुख्य किरदार निभाने वाले कलाकारों के बीच एक बड़ा विवाद छिड़ गया है, जिसकी चर्चा पूरे सोशल मीडिया और न्यूज़ पर जोरों से हो रही है. इस शो में मुख्य भूमिका में हैं पार्थ समथान, ऋषिता कोठारी और माही विज. हाल ही में इस सीरियल ने 100 एपिसोड पूरे किए हैं, लेकिन सेट पर माहौल काफी तनावपूर्ण बताया जा रहा है. शूटिंग के दौरान पार्थ समथान और ऋषिता कोठारी के बीच कथित तीखी बहस और झगड़े की खबरें सामने आई हैं. इन अफवाहों के कारण शूटिंग भी कुछ समय के लिए रुकने की खबरें आई थीं.
अभी तक शो के निर्माताओं ने इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया है और न ही यह बताया है कि असल में झगड़ा किस बात को लेकर हुआ था. इस विवाद के बीच ऋषिता कोठारी ने सोशल मीडिया से दूर रहने का फैसला लिया है. उन्होंने डिजिटल डिटॉक्स (digital detox) की घोषणा कर दी है. इसके अलावा, उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक क्रिप्टिक पोस्ट भी शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपने को-एक्टर पार्थ समथान के साथ हुए बड़े झगड़े की तरफ इशारा किया था.
ऋषिता कोठारी कौन हैं?
ऋषिता कोठारी एक न्यू कमर एक्ट्रेस हैं. उन्होंने अपना करियर कंटेंट क्रिएटर के रूप में शुरू किया था. 'सेहर होने को है' उनकी एक्टिंग का पहला बड़ा टेलीविजन शो है. इस सीरियल में वे माही विज की बेटी का किरदार निभा रही हैं. ऋषिता मध्य प्रदेश के इंदौर शहर की रहने वाली हैं. उन्होंने अपनी पढ़ाई महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा (गुजरात) से पूरी की है.
ऋषिता की दोस्ती और रिश्ता
ऋषिता की सबसे करीबी दोस्तों में से एक हैं मृदुल मीना. खबरों के अनुसार, ऋषिता और मृदुल एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप में हैं. मृदुल खुद भी एक एक्टर, प्रोड्यूसर और कंटेंट क्रिएटर हैं. पार्थ समथान के साथ चल रहे विवाद के दौरान मृदुल मीना ने ऋषिता का पूरा साथ दिया. उन्होंने सोशल मीडिया पर उन लोगों की आलोचना की जो ऋषिता के खिलाफ निगेटिव कमेंट्स और ट्रोलिंग कर रहे थे. मृदुल ने बॉट अकाउंट्स का इस्तेमाल करके ट्रोलिंग करने वालों की भी निंदा की और मानहानि (defamation) के खिलाफ चेतावनी दी.
पार्थ समथान का पक्ष
दूसरी तरफ, पार्थ समथान ने इस पूरे मामले को लेकर काफी गुस्सा जताया है. उन्होंने साइबर सुरक्षा (cyber security) के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई है. पार्थ का आरोप है कि ऋषिता और मृदुल ने पैसे देकर उनके खिलाफ ट्रोलिंग करवाई. पार्थ ने इंस्टाग्राम पर एक बयान जारी करते हुए लिखा था, 'मैं हमेशा से एक शांत और पॉजिटिव व्यक्ति रहा हूं मैं अच्छी चीजों पर ध्यान केंद्रित करता हूं. लेकिन हाल ही में कुछ लोग फेक अकाउंट्स खरीदकर मेरे परिवार, मेरे ऊपर और मेरे निजी जीवन पर बकवास टिप्पणियां कर रहे हैं. यह बेहद चौंकाने वाला और दुखद है. मैं इस बात से बहुत गुस्सा हूं.'
ऋषिता का पक्ष
इसके उलट, ऋषिता कोठारी ने भी इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया. उन्होंने लिखा, 'काफी लंबे समय तक मैंने सब कुछ अपने अंदर ही दबाकर रखा. मैं खुद को समझाती रही कि शायद नया होने के कारण यही सब सहना पड़ता है. मुझे बार-बार कहा गया कि ‘यह पुरुषों की दुनिया है, तुम्हें चुपचाप सहना होगा.' लेकिन धीरे-धीरे यह चुप्पी मेरे लिए बहुत भारी हो गई. यह दर्द मेरी उम्मीद से कहीं ज्यादा गहरा था. कई बार मैं खुद को बहुत असहाय, अनसुना और अकेला महसूस करती थी. चाहे मैं कुछ कहूं या न कहूं, लोगों के सवाल तो उठते ही रहते हैं.' अभी तक यह विवाद पूरी तरह सुलझा नहीं है. शो के प्रोडक्शन हाउस ने इस पूरे मामले पर चुप्पी साध रखी है. दोनों पक्षों के बयानों के बाद दर्शक इस बात को लेकर काफी उत्सुक हैं कि आखिर असल में क्या हुआ था और आगे क्या होता है