कोलकाता में लियोनेल मेसी के इवेंट में अफरा-तफरी... ... Aaj Ki Taaza Khabar Live News:दिल्ली-NCR में हवा बनी ज़हर! AQI 450 पार, GRAP स्टेज-IV लागू, इमरजेंसी जैसे हालात
कोलकाता में लियोनेल मेसी के इवेंट में अफरा-तफरी मामले में विपक्ष ने की जांच की मांग और राज्यपाल को लिखा पत्र
कोलकाता में फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी के कार्यक्रम के दौरान मची अव्यवस्था को लेकर पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष और बीजेपी विधायक सुवेंदु अधिकारी ने राज्यपाल सीवी आनंद बोस को पत्र लिखा है. उन्होंने राज्यपाल से आग्रह किया है कि इस मामले में “वास्तव में स्वतंत्र जांच समिति” गठित करने का आदेश दिया जाए, जिसकी अध्यक्षता कलकत्ता हाईकोर्ट के वर्तमान न्यायाधीश करें और जिसमें ऐसे लोग शामिल हों जिनकी निष्पक्षता पर कोई सवाल न हो और जिनका राज्य सरकार से कोई संस्थागत, प्रशासनिक या राजनीतिक संबंध न हो.
सुवेंदु अधिकारी ने अपने पत्र में आगे लिखा, “केवल ऐसी ही जांच शासन में विश्वास बहाल कर सकती है, संविधान की सर्वोच्चता की पुष्टि कर सकती है और पश्चिम बंगाल के लोगों को यह भरोसा दिला सकती है कि सत्ता चाहे कितनी ही जड़ जमा चुकी हो, वह कानून के प्रति जवाबदेह रहती है.”
उन्होंने इस मुद्दे को गैर-राजनीतिक बताते हुए कहा, “यह कोई पक्षपातपूर्ण शिकायत नहीं है. यह एक संवैधानिक क्षण है. यह मुद्दा फुटबॉल, राजनीति और व्यक्तित्वों से कहीं आगे जाता है.” अधिकारी ने जोर दिया कि मामला नागरिकों के सम्मान के साथ व्यवहार किए जाने के अधिकार, सार्वजनिक हित के संरक्षक के रूप में राज्य की जिम्मेदारी और उस स्थिति में संवैधानिक संस्थाओं के हस्तक्षेप के कर्तव्य से जुड़ा है, “जब कार्यपालिका खुद को कानून से ऊपर समझने लगे.” पत्र के अंत में उन्होंने चेतावनी भरे शब्दों में कहा, “इतिहास केवल इस अपमान के दोषियों का ही नहीं, बल्कि उसके बाद रही चुप्पी या समय पर दिखाई गई हिम्मत का भी फैसला करेगा.”