Sasta-Mehanga: अगर आप टाटा मोटर्स की ट्रक, बस या दूसरी कमर्शियल गाड़ी खरीदने की तैयारी कर रहे हैं तो आपके लिए जरूरी खबर है. 1 अक्टूबर 2026 से Tata Motors अपनी कमर्शियल व्हीकल रेंज की कीमतों में 1 फीसदी तक बढ़ोतरी करने जा रही है. कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग के जरिए इसकी जानकारी दी है.

हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि टाटा मोटर्स की हर कमर्शियल गाड़ी की कीमत सीधे 1 फीसदी बढ़ जाएगी. कंपनी के मुताबिक, कीमतों में वास्तविक बढ़ोतरी मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से अलग-अलग होगी. यानी कौन सी गाड़ी पर कितना असर पड़ेगा, यह उसके मॉडल और वेरिएंट पर निर्भर करेगा.

क्यों बढ़ा रही है कंपनी कीमत?

टाटा मोटर्स ने कीमत बढ़ाने के पीछे कमोडिटी की बढ़ती कीमतों और अन्य इनपुट कॉस्ट को वजह बताया है. किसी वाहन को बनाने में स्टील समेत कई तरह के कच्चे माल की जरूरत होती है. इसके अलावा लॉजिस्टिक्स, सप्लाई चेन और उत्पादन से जुड़ी लागत भी कंपनियों के खर्च को प्रभावित करती है. ऐसे में बढ़ती लागत के असर को कम करने के लिए टाटा मोटर्स ने कमर्शियल वाहनों की कीमतों में एक और बढ़ोतरी का फैसला किया है. इसका सीधा असर अक्टूबर से नई कमर्शियल गाड़ी खरीदने वाले ग्राहकों के बजट पर पड़ सकता है.

2026 में दूसरी बार बढ़ेंगे कमर्शियल व्हीकल के दाम

खास बात यह है कि 2026 में टाटा मोटर्स की कमर्शियल गाड़ियों की कीमतों में यह दूसरी बढ़ोतरी होगी. इससे पहले कंपनी ने 1 अप्रैल 2026 से कमर्शियल व्हीकल रेंज की कीमतों में 1.5% तक इजाफा किया था.  उस समय भी कंपनी ने कमोडिटी की कीमतों और इनपुट कॉस्ट में बढ़ोतरी को कीमत बढ़ाने की वजह बताया था. अब अक्टूबर से एक बार फिर दाम बढ़ने जा रहे हैं. इसका असर ट्रक, बस और दूसरे कमर्शियल वाहनों की खरीद पर पड़ेगा.

पैसेंजर गाड़ियों के दाम भी बढ़े

टाटा मोटर्स के पैसेंजर व्हीकल कारोबार में भी 2026 के दौरान कीमतों में बदलाव देखने को मिला है. 1 जुलाई 2026 से कंपनी ने अपनी पैसेंजर व्हीकल रेंज की कीमतों में 1.5 फीसदी तक बढ़ोतरी की थी. इसमें पेट्रोल-डीजल वाले ICE मॉडल के साथ इलेक्ट्रिक वाहन भी शामिल थे.  इससे पहले, 1 अप्रैल 2026 से कंपनी ने अपने ICE मॉडल्स की कीमतों में करीब 0.5 फीसदी की बढ़ोतरी की थी. कुछ वेरिएंट में यह बढ़ोतरी 1.09% तक पहुंची थी. हालांकि, इसी दौरान Tata Altroz की कीमत में मामूली कटौती भी की गई थी.

दूसरी ऑटो कंपनियां भी बढ़ा चुकी हैं दाम

ऑटो इंडस्ट्री में कीमतों में बढ़ोतरी का यह सिलसिला सिर्फ टाटा मोटर्स तक सीमित नहीं है. बढ़ती लागत के बीच कई दूसरी कंपनियों ने भी 2026 में अपनी गाड़ियों के दाम बढ़ाए हैं. Maruti Suzuki ने जून 2026 से अपनी गाड़ियों की कीमतों में 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की थी. वहीं Hyundai Motor India ने 1 जून से कीमतों में 12,800 रुपये तक का इजाफा किया.

इसके अलावा JSW MG Motor India, BMW India, Mercedes-Benz India, Audi India और Honda Cars India जैसी कंपनियों ने भी इस साल कीमतों में बढ़ोतरी की है. ऐसे में अगर आप टाटा मोटर्स की कोई कमर्शियल गाड़ी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो 1 अक्टूबर से पहले की कीमत और अक्टूबर के बाद की कीमत में अंतर जरूर देखना होगा, क्योंकि बढ़ोतरी मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से अलग हो सकती है.