बीच इंटरव्यू माइक फेंका, महिला पत्रकार को बोला बेवकूफ...FAQ से जानें क्यों भड़क कर चल दिए डोनाल्ड ट्रंप
NBC के चर्चित कार्यक्रम "Meet the Press" में हुई यह बातचीत अब अमेरिका में चर्चा का विषय बनी हुई है. इंटरव्यू के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप माइक फेंककर महिला पत्रकार को बेवकूफ बोलकर बीच में ही उठकर चले गए.
Donald Trump Interview Walks Out
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक टीवी इंटरव्यू के दौरान उस समय नाराज हो गए जब उनसे 2020 के चुनाव, कथित राजनीतिक उत्पीड़न और दंगाइयों को मुआवजा देने की योजना को लेकर तीखे सवाल पूछे गए. इंटरव्यू के दौरान माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि ट्रंप ने चैनल पर पक्षपात का आरोप लगाया और बातचीत अधूरी छोड़कर कैमरे के सामने से चले गए.
NBC के चर्चित कार्यक्रम "Meet the Press" में हुई यह बातचीत अब अमेरिका में चर्चा का विषय बनी हुई है. इंटरव्यू के दौरान न सिर्फ राजनीतिक मुद्दों पर तीखी बहस हुई, बल्कि खराब मौसम और तकनीकी दिक्कतों ने भी माहौल को और चुनौतीपूर्ण बना दिया. आइए जानते हैं इस पूरे विवाद से जुड़े अहम सवालों के जवाब.
डोनाल्ड ट्रंप के इंटरव्यू में आखिर हुआ क्या?
यह इंटरव्यू NBC के लोकप्रिय राजनीतिक कार्यक्रम "Meet the Press" के लिए रिकॉर्ड किया गया था. शो की होस्ट क्रिस्टन वेलकर ने ट्रंप से बातचीत की. इंटरव्यू विस्कॉन्सिन के एक खेत में रिकॉर्ड किया गया, जहां बैकग्राउंड में ट्रैक्टर और घास के बड़े ढेर दिखाई दे रहे थे.
रिकॉर्डिंग के दौरान तेज बारिश और गरज के कारण कई बार बातचीत प्रभावित हुई. बारिश की आवाज इतनी तेज थी कि ऑडियो रिकॉर्डिंग में दिक्कत आने लगी और इंटरव्यू को बीच-बीच में रोकना पड़ा.
क्रिस्टन वेलकर ने ट्रंप से ईरान युद्ध, परमाणु हथियार, अमेरिका की विदेश नीति, 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में कथित धांधली और उन लोगों को मुआवजा देने की योजना पर सवाल पूछे जिन्हें ट्रंप राजनीतिक उत्पीड़न का शिकार मानते हैं.
ट्रंप ने जवाब दिया “सबसे पहले, मैंने यह कभी नहीं कहा कि कोई युद्ध नहीं होगा. फिर मैंने दुनिया की सबसे मजबूत सेना क्यों बनाई होगी?”
तनाव उस समय बढ़ा जब चर्चा उन लोगों के लिए प्रस्तावित फंड पर पहुंची जिन्हें ट्रंप जो बाइडेन प्रशासन के दौरान राजनीतिक उत्पीड़न का शिकार मानते हैं.
फंड के सवाल पर ट्रंप ने मीडिया की आलोचना करते हुए कहा “मुझे नहीं पता कि इस फंड का क्या होगा. मुझे यह विचार पसंद है क्योंकि आपके जैसे बेवकूफ लोग, फर्जी और गंदा प्रेस, भ्रष्ट प्रेस, और मूर्ख बाइडे... उन्होंने लोगों को बर्बाद किया. उन्होंने निर्दोष लोगों को जेल भेजा.”
जब सबूतों को लेकर सवाल लगातार उठे तो ट्रंप नाराज हो गए. उन्होंने इंटरव्यू समाप्त करने का फैसला करते हुए कहा "सॉरी चलि इसे खत्म करते हैं क्योंकि बहुत हो गया. थैंक्यू डार्लिंग. अच्छा समय रहे आपका."
रविवार को प्रसारित कार्यक्रम में क्रिस्टन वेलकर ने दर्शकों को बताया कि उन्होंने अगले दिन ट्रंप से मौसम और तकनीकी समस्याओं को लेकर बात की थी. वेलकर के अनुसार, ट्रंप ने भविष्य में एक और इंटरव्यू देने पर सहमति जताई है.




