अब ट्रैफिक पुलिस नहीं, AI करेगा निगरानी! ढाका में शुरू हुआ हाईटेक सिस्टम, नियम तोड़ते ही घर पहुंच रहा चालान
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में ट्रैफिक जाम और सड़क अराजकता से निपटने के लिए AI आधारित ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम शुरू किया गया है, अब कैमरे खुद ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की पहचान कर तुरंत चालान भेज रहे हैं. पुलिस का दावा है कि इससे लोगों में डर और अनुशासन दोनों बढ़ा है.
Dhaka AI traffic system
Dhaka AI traffic system: बांग्लादेश की राजधानी ढाका, जिसे दुनिया के सबसे जामग्रस्त शहरों में गिना जाता है, अब ट्रैफिक कंट्रोल के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सहारा ले रही है. करीब 2.2 करोड़ की आबादी वाले इस शहर में रोज़ाना सड़कें बसों, कारों, बाइक और रिक्शों से भरी रहती हैं, जिसके कारण घंटों लंबा ट्रैफिक जाम आम बात बन चुका है. इसी समस्या से निपटने के लिए ढाका पुलिस ने पहली बार AI आधारित ट्रैफिक एनफोर्समेंट सिस्टम शुरू किया है.
नई व्यवस्था के तहत शहरभर में लगे ट्रैफिक कैमरों को AI सॉफ्टवेयर से जोड़ा गया है. यह सिस्टम रेड लाइट जंप करना, गलत लेन में गाड़ी चलाना और अवैध पार्किंग जैसी ट्रैफिक उल्लंघनों को खुद-ब-खुद पहचान लेता है. इसके बाद वाहन मालिक को तुरंत मोबाइल पर मैसेज भेजकर चालान की जानकारी दे दी जाती है.
AI आने के बाद लोगों का व्यवहार बदला?
ढाका ट्रैफिक पुलिस के सार्जेंट एसएम नाजिम उद्दीन ने बताया कि पहले नियम तोड़ने वालों से रोज बहस और झगड़े होते थे, लेकिन AI आने के बाद लोगों का व्यवहार बदलने लगा है. उन्होंने कहा कि अब ड्राइवर ज्यादा सतर्क हो गए हैं और पुलिसकर्मियों को भी अनावश्यक विवादों से राहत मिली है.
चालान भरने वाले शख्स ने क्या कहा?
28 वर्षीय मोटरिस्ट हन्नान रहमान जिबोन उन शुरुआती लोगों में शामिल हैं, जिन्हें AI सिस्टम के जरिए चालान मिला. उन्होंने बताया कि रेड लाइट पार करने के बाद उनके घर बैठे कार मालिक के मोबाइल पर तुरंत मैसेज पहुंच गया और 2,000 टका का जुर्माना लगा. जिबोन ने कहा कि अब शहर के अलग-अलग हिस्सों में कैमरे लगे होने के कारण लोग ज्यादा सावधानी से गाड़ी चला रहे हैं.
ढाका को क्यों कहा जाता है 'सबसे धीमा शहर'?
ढाका लंबे समय से ट्रैफिक संकट से जूझ रहा है. एक अमेरिकी रिसर्च में इसे दुनिया का 'सबसे धीमा शहर' बताया गया था. विश्व बैंक और बांग्लादेश यूनिवर्सिटी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की रिपोर्ट के मुताबिक, शहर में औसत ट्रैफिक स्पीड सिर्फ 4.8 किलोमीटर प्रति घंटा है. यानी कई बार पैदल चलना, गाड़ी चलाने से भी तेज साबित होता है.
ढाका पुलिस ने क्या कहा?
ढाका पुलिस के प्रवक्ता एनएम नासिरुद्दीन ने दावा किया कि AI सिस्टम के शुरुआती नतीजे सकारात्मक रहे हैं. अब तक कम से कम 300 वाहनों पर कार्रवाई की जा चुकी है. अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में पूरे शहर में AI कवरेज बढ़ाई जाएगी और धीरे-धीरे मैनुअल ट्रैफिक एनफोर्समेंट को कम किया जाएगा.




