उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने अयोध्या में हुई एक मुठभेड़ में पूर्वांचल के कुख्यात अपराधी भानु प्रताप सिंह उर्फ बबलू को मार गिराया. पुलिस के मुताबिक, रविवार रात करीब 11 बजे सूचना मिली थी कि भानु प्रताप अपने एक साथी के साथ महाराजगंज थाना क्षेत्र के एमी घाट के पास मौजूद है. इसके बाद एसटीएफ ने इलाके की घेराबंदी की. पुलिस का दावा है कि रोकने की कोशिश किए जाने पर भानु प्रताप ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. हालांकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है. भानु प्रताप सिंह मूल रूप से गोरखपुर के बेलघाट थाना क्षेत्र के विखानपुर गांव का रहने वाला था और पूर्वांचल के कई जिलों में सक्रिय था. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और कॉन्ट्रैक्ट किलिंग समेत करीब 40 संगीन मुकदमे दर्ज थे. वह लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके चलते उस पर कुल ₹1.65 लाख का इनाम घोषित किया गया था. पुलिस का कहना है कि उसका नेटवर्क कई जिलों तक फैला हुआ था और वह संगठित अपराध से जुड़ा हुआ था. अब एसटीएफ और स्थानीय पुलिस उसके फरार साथी समेत पूरे आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है.