उत्तराखंड में कचरा फैलाने वाले टूरिस्ट को शख्स ने ऐसे सिखाया सबक, सोशल मीडिया पर हो रही तारीफ
उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में घूमने पहुंचे कुछ टूरिस्ट जब सड़क पर प्लास्टिक कचरा फेंकते नजर आए, तो एक शख्स ने उन्हें बेहद शांत अंदाज में सफाई का सबक सिखा दिया. उसने सड़क से कचरा उठाकर वापस टूरिस्ट को थमा दिया.
गर्मी की छुट्टियों में बड़ी संख्या में टूरिस्ट उत्तराखंड के पहाड़ों और हिल स्टेशनों का रुख करते हैं, लेकिन कई लोग घूमने के बाद प्लास्टिक बोतलें, कप और अन्य कचरा सड़क किनारे फेंककर पहाड़ों की खूबसूरती बिगाड़ देते हैं. यही वजह है कि पहाड़ी इलाकों में बढ़ता कूड़ा अब बड़ी समस्या बनता जा रहा है.
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें टूरिस्ट मसूरी रोड पर गाड़ी से जाते हुए खिड़की से प्लास्टिक कचरा फेंकते हैं. ऐसे में पीछे गाड़ी से जा रहे शख्स ने वह कचरा उठाकर उसने उन्हें वापस लौटा दिया. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग शख्स के इस अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
सड़क पर फेंका प्लास्टिक कचरा
वीडियो में देखा जा सकता है कि अनूप नौटियाल उस कचरे की ओर इशारा करते हुए बताते हैं कि यह सामान टैक्सी से बाहर फेंका गया था. उन्होंने कहा कि पहाड़ों की खूबसूरती को खराब करना गलत है और लोगों को कभी भी चलती गाड़ी से कचरा नहीं फेंकना चाहिए. इसके बाद उन्होंने खुद सड़क से प्लास्टिक उठाया और टैक्सी के पास जाकर टूरिस्ट को वापस दे दिया. हालांकि, इस दौरान उनका बर्ताव बेहद शांत था.
बिना गुस्से के समझाई बात
वीडियो में अनूप नौटियाल कहते सुनाई देते हैं कि लोगों को ऐसी गलती दोबारा नहीं करनी चाहिए. उनका मानना था कि अगर सही तरीके से समझाया जाए तो लोग अपनी गलती मान सकते हैं. बाद में उन्होंने बताया कि यात्रियों ने अपनी गलती मानी. उन्होंने उनसे सिर्फ इतना कहा कि उत्तराखंड समेत किसी भी जगह पर इस तरह कचरा फैलाना ठीक नहीं है.
सोशल मीडिया पर लोगों ने की तारीफ
इस वीडियो को सोशल मीडिया पर लाखों लोग देख चुके हैं. खास बात यह रही कि अनूप नौटियाल ने पर्यटकों को सार्वजनिक रूप से शर्मिंदा करने की कोशिश नहीं की. उन्होंने मुद्दे को समझदारी और शांति से संभाला, जिसकी लोग जमकर सराहना कर रहे हैं. कई यूजर्स ने लिखा कि पहाड़ी इलाकों में बढ़ता प्लास्टिक कचरा बड़ी समस्या बनता जा रहा है और ऐसे जागरूक कदम लोगों को जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित कर सकते हैं.
वीडियो शेयर करते हुए अनूप नौटियाल ने लोगों से अपील की कि यात्रा के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं. उनका कहना था कि सिर्फ उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश को साफ रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है.




