हरिद्वार में पानी की टंकी से निकले 27 सांप, रोज उसी पानी का इस्तेमाल कर रहा था परिवार | Video Viral
हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में एक घर की पानी की टंकी से 27 सांप के बच्चे मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. वन विभाग ने रेस्क्यू कर सांपों को सुरक्षित जंगल में छोड़ा और इसके पीछे की वजह भी बता.
उत्तराखंड के धर्मनगरी हरिद्वार के एक घर से चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां के एक रिहाइशी इलाके में उस वक्त चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई, जब घर के वॉटर टैंक के भीतर एक-दो नहीं, बल्कि दर्जनों सांप एक साथ रेंगते हुए पाए गए. इस खौफनाक मंजर ने न सिर्फ उस परिवार के होश उड़ा दिए, बल्कि देखते ही देखते पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया. यह घटना सोशल मीडिया पर भी तेजी से सुर्खियां बटोर रही है और लोग इसे देखकर हैरान हैं. इस वॉटर टैंक का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसपर कई यूजर्स ने हैरानी जताई है.
पानी टंकी में पल रहा था 'काल'
यह सनसनीखेज मामला हरिद्वार के उपनगरीय क्षेत्र ज्वालापुर के अंतर्गत आने वाले सराय गांव का है. यहां रहने वाला एक परिवार रोजमर्रा की तरह अपने सुबह के कामों में व्यस्त था. घर के सदस्य सामान्य रूप से नलों से आ रहे पानी का उपयोग खाना बनाने, बर्तन धोने और अन्य कामों के लिए कर रहे थे. इसी बीच, घर के एक सदस्य को पानी के मुख्य टैंक में कुछ अजीब सी हलचल महसूस हुई. उस कंक्रीट के टैंक का ढक्कन जैसे ही हटाया गया, अंदर का नजारा देखकर वहां मौजूद शख्स की चीख निकल गई. टैंक की तली और दीवारों पर अनगिनत छोटे-छोटे सांप रेंग रहे थे. घबराहट में जब परिवार के अन्य सदस्यों को बुलाया गया और टॉर्च की रोशनी में ध्यान से देखा गया, तो सबकी आंखें फटी की फटी रह गईं. पानी के भीतर सांपों का पूरा कुनबा कुलबुला रहा था.
जब एक-एक कर निकले 27 सांप के बच्चे
घर में डर के माहौल के बाद सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत इस घटना की जानकारी वन विभाग को दी गई. मामले की गंभीरता और सांपों की अत्यधिक संख्या को देखते हुए वन विभाग ने बिना वक्त गंवाए अपनी क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को मौके के लिए रवाना कर दिया. टीम के साथ इलाके के दो सबसे अनुभवी और जांबाज स्नेक कैचर तालिब और भोला भी घटनास्थल पर पहुंचे. टैंक के भीतर का नजारा देखकर एक बार को एक्सपर्ट भी चौंक गए. पानी भरे गहरे टैंक से सांपों को बिना नुकसान पहुंचाए निकालना एक बेहद चैलेंजिंग था.
आखिर टैंक में कैसे पहुंचे इतने सांप?
इस अजीबोगरीब घटना के बाद हर किसी के जेहन में एक ही सवाल घूम रहा था कि आखिर बंद पानी की टंकी के भीतर इतनी बड़ी संख्या में सांप आए कहां से?. हिन्दुस्तान के मुताबिक, वन विभाग के रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह ने इसके पीछे की वैज्ञानिक और प्राकृतिक वजहों को स्पष्ट किया. उन्होंने बताया कि इस घटना के पीछे मुख्य रूप से दो कारण जिम्मेदार हैं:
1. भीषण गर्मी और सुरक्षित ठिकाने की तलाश
उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में इन दिनों तापमान तेजी से बढ़ रहा है. रेंज अधिकारी के मुताबिक, जैसे-जैसे गर्मी का प्रकोप बढ़ता है, वैसे-वैसे जंगलों और झाड़ियों में रहने वाले सरीसृप (Reptiles) और अन्य जंगली जीव ठंडी, नमी वाले और सुरक्षित स्थानों की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों की ओर रुख करते हैं. पानी का टैंक ठंडा होने के कारण सांपों के लिए सबसे मुफीद जगह बन गया.
2. मादा सांप का अंडे देना
अधिकारियों ने अंदेशा जताया कि कुछ समय पहले किसी मादा सांप ने टैंक के किसी छोटे छेद, दरार या ओवरफ्लो पाइप के रास्ते भीतर प्रवेश किया होगा. टैंक के भीतर अंधेरा, नमी और सुरक्षा को भांपते हुए उसने वहीं अंडे दे दिए होंगे.




